खुटौना प्रखंड में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। मझौरा पंचायत के पथराही और खिलही गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर पिछले कई दिनों से बिजली का तार गिरा पड़ा है। इससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्कूली बच्चे, किसान और वाहन चालक गुजरते हैं। सड़क पर खुले में पड़े बिजली के तार से इन सभी की जान को खतरा बना हुआ है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों बसंत कुमार साह, संतोष कुमार, सतनाम साह, सतेन्द्र यादव, सोहन यादव और शिवा यादव ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और बिजली विभाग को इसकी सूचना दी है। हालांकि, अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे विभाग के प्रति लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते बिजली के तार को खंभे पर नहीं चढ़ाया गया और उसकी मरम्मत नहीं की गई, तो किसी भी दिन जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्होंने बिजली विभाग से तत्काल टीम भेजकर तार को सुरक्षित हटाने और उसे पुनः खंभे पर लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि इस लापरवाही के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों की होगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.