गया जिले के वजीरगंज प्रखंड अंतर्गत केनार पहाड़पुर पंचायत के भंगौसा गांव में रविवार को खेत में काम कर रहे 35 वर्षीय रणधीर कुमार की करंट लगने से मौत हो गई।
रणधीर कुमार अपने पिता पेरू प्रसाद के साथ खेत में काम कर रहे थे, तभी ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार टूटकर उन पर गिर गया। तार के संपर्क में आते ही वे करंट की चपेट में आ गए।
घटना के बाद ग्रामीण रणधीर कुमार को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वजीरगंज ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. अरशद इमाम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रणधीर की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के तार की स्थिति पहले से ही जर्जर थी। उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जर्जर तारों की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की मांग की। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है।
रणधीर कुमार अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के अनुसार, बच्चों के पालन-पोषण की मुख्य जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। यह भी बताया गया कि कुछ वर्ष पहले रणधीर के एक बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस नई त्रासदी ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है।
घटना की जानकारी वजीरगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह को दी गई। उन्होंने बताया कि रविवार होने के कारण कार्यालय बंद है। सोमवार को परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर सरकार की ओर से नियमानुसार मिलने वाली राहत राशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रवीण कुमार, चंदन कुमार, मनीष कुमार, सनोज कुमार, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, आशीष कुमार, आशीष भारती समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.