सूर्यवंशी के टी-20 पदार्पण पर रहेंगी नजरें इंग्लैंड दौरा
30 टी-20 अब तक दोनों देशों के बीच खेले गए
18 भारत ने जबकि 12 इंग्लैंड की टीम ने जीते
प्रसारण : रात 10 बजे से स्टार स्पोर्ट्स पर
चेस्टर ली स्ट्रीट (ब्रिटेन), एजेंसी। आयरलैंड के खिलाफ दो मैच की सीरीज में शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया बुधवार से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला खेलेगी। इसमें वैभव सूर्यवंशी के संभावित पदार्पण और मुश्किल विकेटों पर भारतीय बल्लेबाजी पर सबकी नजरें रहेंगी।
भारत के सहायक कोच हालांकि रेयान टेन डोएशे के अनुसार सूर्यवंशी को अभी इंतजार करना होगा। लेकिन दूसरी ओर, इस विस्फोटक बल्लेबाज को टीम में शामिल करने की मांग तेज हो रही है। आयरलैंड के खिलाफ संजू सैमसन की दोहरी विफलता से अब सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ पारी शुरू करने की उम्मीद बन सकती है।
ईशान किशन भी आयरलैंड के खिलाफ दो मैच की सीरीज में कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए और एक तथा 12 रन पर आउट हो गए। इसलिए प्रबंधन सूर्यवंशी को शामिल करने के लिए उन्हें भी बाहर कर सकता है। फिर चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर की अगुआई वाला टीम प्रबंधन कड़े फैसले लेने से पीछे भी नहीं हटता।
हालांकि सिर्फ सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने से भारत की बल्लेबाजी की समस्याओं का तुरंत समाधान नहीं हो जाएगा क्योंकि इन समस्याओं के कई पहलू हैं। तेज गेंदबाजों की अनुकूल बेलफास्ट की पिच पर कोई भी भारतीय बल्लेबाज सहज नहीं दिखा। आयरलैंड के गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई।
दूसरे मैच में तिलक वर्मा ने संभलकर अर्धशतक जड़ा लेकिन 46 गेंद तक टिके रहने के बाद उनका भी सब्र जवाब दे गया। आयरलैंड के हासिल किए जा सकने वाले 183 और 155 के लक्ष्यों के खिलाफ भारत के अन्य बल्लेबाजों में भी बेसब्री साफ नजर आई।
भारतीय बल्लेबाजों को अपनी सोच और खेलने के तरीके में बदलाव करना होगा क्योंकि इंग्लैंड में भी लगभग ऐसे ही हालात होंगे और वहां अधिक बेहतर और अनुभवी खिलाड़ियों से सामना होगा। इंग्लैंड के पास जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, साकिब महमूद और सोनी बेकर जैसे बहुत तेज गति वाले गेंदबाज हैं और आदिल रशीद तथा रेहान अहमद जैसे चतुर स्पिनर भी हैं।
रिवरसाइड ग्राउंड पर औसत टी-20 स्कोर 138 और उच्चतम 195 है। पिछले आठ मैच में गेंदबाजों का दबदबा रहा है। इसलिए अगर बल्लेबाज विरोधी टीम की गेंदबाजी और यहां की पिचों के हिसाब से ढलने में अधिक समय लेते हैं तो इंग्लैंड तेजी से सीरीज जीत सकता है। हालांकि भारत के नए टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर निश्चित रूप से लगातार दूसरी सीरीज हारना नहीं चाहेंगे।
इंग्लैंड के बल्लेबाजी क्रम में भी कप्तान हैरी ब्रूक, जोस बटलर, जोर्डन कॉक्स, जैकब बेथेल, विल जैक्स, फिल सॉल्ट और टॉम बैंटन जैसे दमदार खिलाड़ी हैं। आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती पकड़ बनाने के बाद बीच के ओवरों में विरोधी बल्लेबाजों को आसानी से रन बनाने दिए।
अगर ऐसा ही दोबारा हुआ तो इंग्लैंड के बल्लेबाज इसका फायदा उठाएंगे। इस संदर्भ में भारत को अपने गेंदबाजों, विशेषकर स्पिनरों अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर से अधिक संगठित प्रयास की जरूरत होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play