दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल परिस्थितियां मॉनसून की आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं.
पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में तेज गर्मी, उमस और गर्म रातों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी. राजधानी में अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा रहा. हल्की और छिटपुट बारिश के बावजूद हवा में नमी लगातार बढ़ती रही, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल पाई.
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून और 1 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके बाद 2 जुलाई से 6 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. इस दौरान व्यापक स्तर पर बारिश होने के आसार हैं, जो मॉनसून के पूरी तरह सक्रिय होने का संकेत माना जा रहा है. मौसम विभाग ने 1 से 3 जुलाई के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है.
तापमान में भी बड़ी गिरावट की उम्मीद
बारिश के साथ तापमान में भी बड़ी गिरावट आने की उम्मीद है. जहां हाल के दिनों में अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री तक बना हुआ था, वहीं 30 जून को यह 38-40 डिग्री, 1 जुलाई को 36-38 डिग्री और 2-3 जुलाई तक 32-34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. आईएमडी ने कहा है कि जुलाई के पहले सप्ताह में तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है, जिससे लंबे समय से जारी गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के लोगों को मॉनसून के आगमन के साथ ठंडे मौसम, बेहतर हवा और तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 27 जून तक दिल्ली पहुंच जाता है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसकी एंट्री में देरी देखने को मिली है. 2025 में मॉनसून 29 जून को दिल्ली पहुंचा था, जबकि 2024 में 28 जून और 2022 में 30 जून को पहुंचा था. सबसे ज्यादा देरी 2021 में हुई थी, जब मॉनसून 13 जुलाई को देश की राजधानी पहुंचा था.
उत्तर प्रदेश में मॉनसून ने दे दी है दस्तक
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 जून तक मॉनसून मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड के अधिकांश इलाकों और हिमाचल प्रदेश व लद्दाख के कुछ क्षेत्रों तक पहुंच चुका है. अब इसके जल्द ही दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों में सक्रिय होने की संभावना है. उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई इलाकों में पिछले दो दिनों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है. बारिश के चलते यूपी के कई जिलों में तापमान में करीब 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावत आई है.