Feedback
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर पलटवार किया. उन्होंने गुजरात निकाय चुनाव में जीत हासिल करने के बाद इसकी जानकारी दी साथ ही कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला किया. अमित शाह ने कहा कि, गुजरात में कांग्रेस पिछले 41 साल से चुनाव नहीं जीत पाई है. क्या यह भी SIR का नतीजा है?
अमित शाह ने राहुल गांधी को आत्मचिंतन करने की सलाह देते हुए कहा कि बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को SIR का परिणाम बताकर झुठलाया नहीं जा सकता. उन्होंने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में भी एनडीए प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगा और कांग्रेस को लगातार चौथी बार हार का सामना करना पड़ेगा.
अमित शाह ने गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि दो नगरपालिकाओं और एक नगर निगम की कुल 104 सीटों में से बीजेपी ने 90 सीटों पर जीत हासिल की है. उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में आने वाले गांधीनगर नगर निगम की 44 सीटों में से बीजेपी ने 38 सीटें जीती हैं. वहीं, आम आदमी पार्टी ने 32 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी पर उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई.
‘गुजरात की जनता पीएम मोदी के साथ चट्टान की तरह खड़ी’
अमित शाह ने कहा, ‘गुजरात में बीजेपी की यह प्रचंड जीत वहां के मतदाताओं के मूड को दर्शाती है. गुजरात का मतदाता आज भी नरेंद्र मोदी जी के साथ चट्टान की तरह खड़ा है. गांधीनगर नगर निगम में पिछले चुनाव के मुकाबले बीजेपी के वोट प्रतिशत में 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.’
उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा ‘मैं राहुल जी से पूछना चाहता हूं कि 41 साल बाद भी कांग्रेस गुजरात में एक भी चुनाव नहीं जीत पाई है. आखिरी चुनाव कांग्रेस ने 1985 में जीता था. उसके बाद से लगातार हार रही है. क्या यह भी SIR का परिणाम है?
यह भी पढ़िएः ‘यह लड़ाई भारत की जनता और उसके भविष्य के लिए…’, इंडिया ब्लॉक के साथ चाय पर चर्चा के बाद बोले राहुल गांधी
आप बीजेपी और मोदी जी की लोकप्रियता को SIR का परिणाम बताकर झुठलाते हैं. आपको आत्मनिरीक्षण करना चाहिए. इतने बड़े राज्य में, जहां कभी आपका शासन हुआ करता था, वहां 41 साल से चुनाव नहीं जीत पाना आत्मचिंतन का बहुत बड़ा विषय है.’
‘तीन राज्यों के उपचुनाव में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली’
केंद्रीय गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए उपचुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि इन तीनों जगह कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है.
उन्होंने दावा किया कि नौगांव में बीजेपी उम्मीदवार ने 1.42 लाख वोटों से जीत हासिल कर कांग्रेस के कब्जे वाली सीट छीन ली. नंदीग्राम में बीजेपी प्रत्याशी ने 76 फीसदी वोट हासिल करते हुए 1.22 लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. वहीं, पश्चिम बंगाल के रेजीनगर में
बीजेपी ने 75 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल कर तृणमूल कांग्रेस से सीट छीन ली.
अमित शाह ने कहा कि पुडुचेरी में एनडीए की सहयोगी एआईएनआरसी के उम्मीदवार ने 8,482 वोटों से जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 22 फीसदी वोट मिले.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू