Feedback
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सावन का झूला दो बच्चों की मौत का कारण बन गया. स्कूल से लौटते वक्त गोविंद मौर्य का 10 वर्षीय बेटा क्षितिज और 4 वर्षीय बेटी साक्षी नहर किनारे नीम के पेड़ पर बने साड़ी के झूले पर झूलने लगे. अनियंत्रित होकर साक्षी नहर में गिर गई, जिसे बचाने के लिए उसका भाई क्षितिज पानी में कूद पड़ा. नहर के गहरे पानी और तेज बहाव के कारण दोनों बच्चे डूब गए और पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उनके शव बरामद किए.
स्कूल से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
24 अगस्त की दोपहर मथेला प्राथमिक विद्यालय की छुट्टी के बाद बच्चे घर लौट रहे थे. रास्ते में नहर पुलिया के पास गांव के बच्चे नीम के पेड़ पर कपड़े का झूला बनाकर झूल रहे थे. बच्चों को देखकर उत्सुकतावश 4 साल की साक्षी और उसका 10 साल का भाई क्षितिज भी झूला झूलने लगे. इसी दौरान अचानक झूला अनियंत्रित हो गया और साक्षी नहर में जा गिरी. मासूम बहन को डूबता देख बड़े भाई क्षितिज ने बिना सोचे उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी.
तेज बहाव में बहे भाई-बहन, गांव में मातम
नहर में पानी काफी गहरा था और बहाव भी तेज था, जिसके कारण दोनों बच्चे गहरे पानी में ओझल हो गए. वहां मौजूद अन्य बच्चों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी. भागकर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की. कुछ ही दूरी पर पानी से दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए. घटना की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जानकारी देते हुए सकलडीहा चंदौली के डिप्टी एसपी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि 24 अगस्त को स्कूल से लौटते वक्त बच्ची अनियंत्रित होकर नहर में गिरी और भाई उसे बचाने में डूब गया. पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मौके पर पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू