केनगर। केनगर प्रखंड की जगनी पंचायत में पैक्स अध्यक्ष एवं प्रबंध कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव को लेकर बुधवार को मतदान होगा। चुनाव में पंचायत के कुल 1422 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर पैक्स अध्यक्ष सहित प्रबंध कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव करेंगे। म
जगनी पैक्स चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जबकि प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य के 11 पदों के लिए 20 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस प्रकार कुल 25 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता अपने मताधिकार से करेंगे। पंचायत में 1053 पुरुष और 369 महिला मतदाता हैं।
बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक बैलेट पेपर एवं मतपेटी के माध्यम से कराया जाएगा। मतदान के लिए प्राथमिक विद्यालय जगनी एवं स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र को मतदान केंद्र बनाया गया है। केंद्रों पर पेयजल, शेड एवं मतदाताओं के लिए कतार प्रबंधन सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
चुनाव को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। तीन पीठासीन पदाधिकारी मतदान प्रक्रिया संपन्न कराएंगे। वहीं दो पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 18 सशस्त्र पुलिस बल के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्ती के साथ अधिकारियों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी।
बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच केनगर स्थित सद्भावना सभागार लाया जाएगा। यहां शाम 6 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।
इधर, मंगलवार की देर शाम मतदान कर्मियों को आवश्यक चुनाव सामग्री एवं मतपेटियों के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी ने मतदान कर्मियों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतदान संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.