Feedback
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के लाल चौक इलाके में कोकेरनाग रोड पर गश्त के दौरान पुलिस बल पर आतंकी हमला हुआ. इस गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए पुलिस जवान हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी अस्पताल में इलाज के दौरान शहीद हो गए.
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी लाल चौक के पास कोकेरनाग जाने वाली सड़क पर अपनी ड्यूटी पर तैनात थे. अचानक एक गाड़ी में सवार होकर आए आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं.
गोली लगने से आशिक हुसैन वहीं गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. हमले के तुरंत बाद साथी जवानों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए पास के GMC अनंतनाग अस्पताल पहुंचाया गया.
गंभीर चोटों के चलते नहीं बच सकी जान
डॉक्टरों ने हेड कॉन्सटेबल को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 35 वर्षीय शहीद हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी (बेल्ट नंबर 20, आईआर 3rd बटालियन) बड़गाम के बीरू इलाके के रहने वाले थे.
आशिक हुसैन की शहादत के बाद पुलिस विभाग और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस प्रशासन की ओर से नियमों के मुताबिक आगे की मेडिको-लीगल कार्यवाही की जा रही है.
यह भी पढ़ें: कोलंबिया में बस पर आतंकी हमला, धमाके में 14 लोगों की मौत, राष्ट्रपति ने हमलावरों को बताया ‘फासिस्ट’
सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरा, सर्च ऑपरेशन जारी
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के अतिरिक्त बल मौके पर पहुंच गए. सुरक्षा बलों ने पूरे लाल चौक और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी है. हमलावर आतंकियों की धरपकड़ के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों की तलाश जारी है और जल्द ही इस हमले में शामिल दोषियों को पकड़ लिया जाएगा. घटना के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू