किशनगंज के टेढ़ागाछ प्रखंड में बिहार सरकार की नई उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार की तैयारियां जोरों पर हैं। आगामी 25 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम के संबंध में शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय में एक समीक्षा
बैठक में बिहार के मुख्य सचिव के आदेश और जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देशों के आलोक में प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर कार्यक्रम के सफल आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रखंड स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड सभागार में और पंचायत स्तर पर पंचायत सरकार भवनों में निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों, सीएलएफ एवं ग्राम संगठन से जुड़ी महिलाओं, उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में यह भी बताया गया कि राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जाएगा, जबकि जिला स्तरीय कार्यक्रम सम्राट अशोक भवन, खगड़ा में आयोजित होगा। सभी विभागों को समय पर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
प्रखंड प्रशासन के अनुसार, टेढ़ागाछ में कुल 40 स्थानों पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इनमें सभी उच्च विद्यालय, राजकीय डिग्री कॉलेज, 12 आंगनवाड़ी केंद्र, सभी पंचायत सरकार भवन और प्रखंड सभागार शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की उपलब्धियों से अवगत हो सकें। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.