सीएम सम्राट चौधरी आज बेगूसराय से बिहार के 551 सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय (मॉडल स्कूल) का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस योजना में दरभंगा जिले के 19 स्कूल शामिल हैं। सभी चयनित स्कूलों में भी कार्यक्रम का आयोजन होगा।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों और सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि संबंधित विद्यालयों में आयोजित वर्चुअल शुभारंभ कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में व्यापक सूचना प्रसारित करने को कहा गया है।
स्मार्ट क्लास से आधुनिक लैब तक मिलेंगी सुविधाएं
मॉडल स्कूल बनने के बाद विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल शिक्षण संसाधन, आधुनिक पुस्तकालय, अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिक्षा विभाग चरणबद्ध तरीके से इन विद्यालयों को आधुनिक तकनीक और बेहतर आधारभूत संरचना से लैस करेगा।
मॉडल स्कूल से 9वीं से 12वीं के छात्रों को सीधा फायदा
शिक्षा विभाग के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य उद्देश्य 9वीं से 12वीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और समग्र शिक्षा उपलब्ध कराना है। इन आदर्श विद्यालयों को इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के बच्चों को भी निजी स्कूलों जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मिल सके।
शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन की ओर से राज्य के सभी DM को निर्देश जारी किए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि बच्चों की पढ़ाई शुरू हो जानी चाहिए। डीएम को निर्देश दिया है कि वे व्यक्तिगत स्तर पर समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्कूल में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा कोई काम लंबित नहीं रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.