दिल्ली CM आतिशी सोमवार को कालकाजी सीट से अपना नामांकन दाखिल नहीं कर सकीं। आतिशी पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया के साथ रोड शो निकालते हुए जिला चुनाव अधिकारी के कार्यालय रवाना हुई थीं।
रोड शो में देरी होने की वजह से वे नामांकन दाखिल किए बिना अवध ओझा के वोट ट्रांसफर मामले में चुनाव आयोग पहुंचीं। आतिशी अब मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने के बाद AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आयोग ने ओझा का वोट दिल्ली शिफ्ट करने के आदेश दे दिए हैं।
मामले में अवध ओझा ने कहा कि कल मेरा एडमिट कार्ड तैयार हो जाएगा और परसों मैं नामांकन दाखिल करूंगा। ओझा अभी ग्रेटर नोएडा के मतदाता हैं। चुनाव लड़ने के लिए उन्हें दिल्ली का मतदाता बनना होगा।
इसके लिए अरविंद केजरीवाल सहित कई AAP नेता चुनाव आयोग पहुंचे थे। उनका दावा था कि पटपड़गंज से AAP प्रत्याशी, ओझा को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए उनका नाम अब तक वोटर लिस्ट में नहीं जोड़ा गया है।
कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान ने कहा- राहुल गांधी दिल्ली चुनाव में रैली करने वाले किसी भी पार्टी के पहले शीर्ष नेता हैं। अभी तक भाजपा या AAP की तरफ से ऐसी कोई रैली नहीं हुए है। इसी से कांग्रेस की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हम उस मुकाम पर हैं जहां या तो हम सरकार बनाएंगे या हमारे समर्थन के बिना सरकार नहीं बनेगी। हमारी लड़ाई भाजपा से है। हम AAP को वोट काटो पार्टी मानते हैं।
AAP ने दिल्ली चुनाव के लिए सोमवार को अपना कैंपेन सॉन्ग लॉन्च किया। लोहड़ी पर जारी किया गया सॉन्ग पंजाबी में है। 1.33 मिनट के गीत की हुक लाइन ‘इस वारी सुन लो, फिर केजरीवाल नू चुन लो’ है।
फर्जी वोटर कार्ड मामले पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को कहा- पहले उन्होंने (AAP) कहा कि हम रोहिंग्याओं को लाए। क्या कोई रोहिंग्या कभी हमें वोट देगा? उनके विधायक अमानतुल्लाह खान ने कहा कि रोहिंग्याओं ने उन्हें बसाने के लिए 10 हजार रुपए दिए, उनकी झूठ की फैक्ट्री बेकाबू हो गई है।
दिल्ली CM आतिशी की नामांकन रैली में पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने कहा- मैं बहुत खुश हूं, क्योंकि वह मेरी छोटी बहन जैसी हैं। पिछली बार भी मैं उनके नामांकन में था। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं कि अगले 5 साल सफलता से भरे रहें।
हमने लोगों से चुनाव लड़ने के लिए फंड मांगा है। मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि जंगपुरा सीट से चुनाव लड़ने के लिए मुझे 40 लाख रुपये मिल गए हैं। यह राशि देशभर और दिल्ली से करीब 350 लोगों ने दान की है। लोगों को आतिशी को भी फंड देना चाहिए।
कालकाजी से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने कहा, आतिशी मेरे सामने नहीं हैं, मैं उनके सामने आई हूं, वो पहले से ही विधायक हैं। वो मुख्यमंत्री हैं। मैं 2015 से 2020 तक सिर्फ विधायक थी, जब 26 जनवरी को राजपथ से मेरे विकास मॉडल की प्रदर्शनी निकली, देश ने देखा। वो अपना नामांकन दाखिल करने गई हैं और कल 14 जनवरी को मैं अपना नामांकन दाखिल करने जा रही हूं।
उन्होंने कहा- जब आतिशी अपना नामांकन दाखिल करने गईं, तो मैंने तस्वीरें देखीं कि उनके बहुत बड़े काफिले में लोग भारी ट्रैफिक जाम में फंसे हुए थे और परेशान हो रहे थे। इसलिए मैंने फैसला किया कि मेरे नामांकन से लोगों को परेशानी नहीं होगी। मैं अपने वकीलों के साथ अकेले कार में बैठकर अपना नामांकन दाखिल करने जाऊंगी ताकि कालकाजी के लोगों और स्थानीय लोगों को कोई परेशानी न हो।
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मैं सिर्फ भाजपा से जानना चाहता हूं कि दिल्ली के जाट समुदाय को केंद्र की OBC सूची में कब जगह दी जाएगी? आज दोपहर 3 बजे मैं, आतिशी, भगवंत मान और राघव चड्ढा चुनाव आयोग जाएंगे। हमारे पास दो मुद्दे हैं- ग्रेटर नोएडा के मतदाता हमारे पटपड़गंज के उम्मीदवार अवध ओझा ने दिल्ली का मतदाता बनने के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है। फॉर्म 8 भरने की आखिरी तारीख 7 जनवरी थी। दिल्ली की CEO ने एक आदेश जारी किया जिसमें उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि 7 जनवरी है। रहस्यमय तरीके से एक और आदेश जारी किया गया जिसमें कहा गया कि अंतिम तिथि 6 जनवरी है। यह गैरकानूनी है और EC के दिशा-निर्देशों के खिलाफ है। ऐसा लगता है कि हमारे पीछे कुछ साजिश रची गई है। क्या यह आदेश अवध ओझा को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए जारी किया गया है? हम CEC से मिलेंगे और मांग करेंगे कि अवध ओझा का वोट दिल्ली में ट्रांसफर किया जाए ताकि वह अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकें। “
आतिशी ने कहा- आज अपना नामांकन भरने जा रही हूं। कालकाजी मंदिर जाऊंगी और कालका माई का आशीर्वाद लूंगी। फिर गिरी नगर गुरुद्वारे में अरदास करके नामांकन रैली की शुरुआत करूंगी। पिछले 5 साल कालकाजी से मुझे बहुत प्यार मिला है। मुझे भरोसा है कि उनका आशीर्वाद मुझ पर बना रहेगा।
दिल्ली की CM आतिशी द्वारा विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए क्राउड फंडिंग अभियान शुरू करने पर, भाजपा नेता नलिन कोहली ने कहा, ‘कोई भी क्राउड फंडिंग करने का हकदार है और कह सकता है कि वह सबसे ईमानदार है। लेकिन AAP जो इंडिया अगेंस्ट करप्शन के बैनर के तहत आई, भ्रष्टाचार के खिलाफ बोली, खुद दिल्ली में शराब घोटाले और आबकारी घोटाले में गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रही है। निजी पार्टियों को लाभ हुआ है और वर्तमान में उनकी जांच की जा रही है। इन सबके बीच अगर आप अचानक कहते हैं कि आपके पास पैसे नहीं हैं और आपको क्राउड फंडिंग की जरूरत है, तो जाहिर है लोग सोचेंगे कि क्या यह सिर्फ एक कवर-अप है।
नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा, ‘चाहे जितनी कोशिश कर लें, अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सीएम नहीं बन सकते। वह अभी भी जमानत पर हैं और केस अभी भी चल रहा है। जब उन्हें जमानत मिली थी, तो सुप्रीम कोर्ट ने शर्त रखी थी कि वह न तो सचिवालय जा सकते हैं और न ही सीएम कार्यालय जा सकते हैं, वह किसी फाइल पर हस्ताक्षर भी नहीं कर सकते। इसका मतलब है कि वह एक दिन के लिए भी सीएम नहीं बन सकते। मौजूदा स्थिति यह है कि जब अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र की झुग्गियों का दौरा कर रहे हैं, तो उनका काले झंडों से स्वागत किया जा रहा है क्योंकि उन्होंने लोगों के लिए कुछ नहीं किया है।’
गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली ने कहा, ‘आज मकर संक्रांति का पवित्र दिन है और हम लोगों से मिलने का काम कर रहे हैं। अपनी रैली में राहुल गांधी को स्पष्ट करना चाहिए कि INDIA गठबंधन अभी भी मौजूद है या नहीं। उन्हें बताना चाहिए कि क्या INDIA गठबंधन खत्म हो गया है?’
मोती नगर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार हरीश खुराना ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल और उनकी पूरी की पूरी टीम झूठ की दुकान है। अफवाह फैलाने का उनका जो चलन है अब वो लोगों के सामने आ रहा है। वे दिल्ली का चुनाव हार रहे हैं जो उन्हें नजर भी आ रहा है। इस हार की बौखलाहट में वे लोगों को भ्रमित करने के लिए तरह-तरह के झूठ बोल रहे हैं।
बीजेपी दिल्ली ने सोशल मीडिया X पर लिखा- AAP का पूर्वांचल विरोधी चेहरा पूरे देश के सामने बेनकाब हो चुका है। दिल्ली में रह रहे यूपी-बिहार के लोग अरविंद केजरीवाल के लिए फर्जी। लेकिन रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठिये इनके यार?
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.