धनतेरस पर सोना खरीदने वाले हुए मालामाल! 10 साल में ₹30 हजार का निवेश बना ₹1.41 लाख – Hindustan

मुख्य बातें

Dhanteras 2026: धनतेरस पर सोना और चांदी खरीदना भारतीय परिवारों की पुरानी परंपरा है। लोग इस दिन सोना खरीदना शुभ मानते हैं। किसी के लिए यह परिवार की खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक है, तो किसी के लिए भविष्य को सुरक्षित करने का एक तरीका। लेकिन पिछले 10 साल के आंकड़े देखें तो सोने ने निवेश के मामले में भी शानदार रिटर्न दिया है। साल 2016 में धनतेरस के मौके पर अगर किसी ने 10 ग्राम सोना करीब ₹29,989 में खरीदा होता और उसे अब तक संभालकर रखा होता, तो आज उसकी कीमत करीब ₹1,41,444 हो गई होती। यानी 10 साल में निवेश की रकम करीब 4.6 गुना बढ़ गई। इस दौरान सोने ने करीब 362% का रिटर्न दिया है। हालांकि, आज यानी 6 नवंबर को सोने की कीमतों में करीब 2% की गिरावट भी देखने को मिली और MCX पर सोने का भाव घटकर करीब ₹1,41,444 प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

विदेशी बाजार में भी पिछले 10 साल में सोने की कीमतों में अच्छी तेजी देखने को मिली है। साल 2016 में COMEX पर सोना करीब 1,269.20 डॉलर प्रति औंस था, जो नवंबर 2026 में बढ़कर करीब 4,076 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया। इस तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने ने इस दौरान करीब 221.1% का रिटर्न दिया। इसकी सालाना औसत ग्रोथ करीब 12.30% रही। वहीं घरेलू बाजार में सोने का रिटर्न ज्यादा रहने की एक बड़ी वजह रुपये की कीमत में बदलाव और इंपोर्ट से जुड़ी लागत भी है।

सोने की कीमतें पिछले 10 साल में लगातार नहीं बढ़ीं। इस दौरान कई बार कीमतों में गिरावट भी आई। साल 2021 में सोने की कीमत करीब 5.6% तक गिर गई थी। हालांकि, इसके बाद फिर तेजी का दौर शुरू हुआ। खास तौर पर 2024 और 2025 में सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। साल 2024 में घरेलू बाजार में सोना करीब 30.6% और 2025 में करीब 61.5% तक चढ़ा।

Augmont की चीफ रिसर्च ऑफिसर रेनिशा चेनानी के मुताबिक, दिवाली 2027 तक MCX पर सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए करीब ₹1,75,000 तक पहुंच सकती है। मौजूदा स्तर से देखें तो इसमें करीब 20% की तेजी की संभावना है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,950 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है। उनके मुताबिक, दुनिया के केंद्रीय बैंकों की ओर से सोने की खरीद जारी है। तीसरी तिमाही में केंद्रीय बैंकों ने 321 टन सोना खरीदा, जो पिछले साल के मुकाबले 42% ज्यादा है। इसके अलावा गोल्ड ETF में निवेश का कुल भंडार भी बढ़कर रिकॉर्ड 4,256 टन पर पहुंच गया है। इसके अलावा अगर आने वाले समय में अमेरिका में ब्याज दरें घटती हैं, तो सोने की कीमतों को और सहारा मिल सकता है। दरअसल, ब्याज दरें कम होने पर बॉन्ड और डॉलर से मिलने वाला रिटर्न घट सकता है, जिससे निवेशकों की दिलचस्पी सोने में बढ़ सकती है।

एक्सिस सिक्योरिटीज का भी मानना है कि अगली धनतेरस तक सोने की कीमतों में करीब 20-25% तक की बढ़ोतरी हो सकती है। ब्रोकरेज ने सोने के लिए 10 ग्राम पर ₹1.65 लाख से ₹1.71 लाख तक का टारगेट दिया है। एक्सिस सिक्योरिटीज के मुताबिक, सोने की कीमतों में अपने ऊपरी स्तर से 20% से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। ऐसे में जिन निवेशकों ने पहले तेजी के दौरान सोने में निवेश नहीं किया था, वे अब धीरे-धीरे खरीदारी पर विचार कर सकते हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि एक साथ बड़ी रकम लगाने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके सोना खरीदना बेहतर रणनीति हो सकती है।

बाजार के जानकारों का मानना है कि सोना लंबे समय के लिए निवेश पोर्टफोलियो को संतुलित रखने में मदद कर सकता है। हालांकि, इसकी कीमतों में उतार-चढ़ाव भी होता है। इसलिए सिर्फ पिछले सालों के शानदार रिटर्न को देखकर पूरा पैसा सोने में लगाना सही रणनीति नहीं होगी। रेनिशा चेनानी के मुताबिक, निवेशक अपने कुल पोर्टफोलियो का करीब 15-20% हिस्सा सोने में रख सकते हैं। इसके लिए एक साथ बड़ी रकम लगाने के बजाय हर महीने थोड़ा-थोड़ा निवेश करना यानी SIP या किस्तों में खरीदारी करना बेहतर तरीका हो सकता है। उनकी सलाह है कि पहनने और निवेश करने के लिए खरीदे जाने वाले सोने को अलग-अलग रखें। अगर गहने खरीदने हैं तो हॉलमार्क वाले गहने खरीदें, जबकि निवेश के लिए गोल्ड ETF या गोल्ड म्यूचुअल फंड का विकल्प देख सकते हैं।

एक्सिस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी) देवया गगलानी के मुताबिक, फिलहाल सोने की कीमतों पर कुछ दबाव जरूर है। लेकिन लंबी अवधि के निवेशकों के लिए मौजूदा स्तर पर धीरे-धीरे खरीदारी का मौका बन सकता है। उनका अनुमान है कि मौजूदा हालात में सोने की कीमतों में 5-8% तक की और गिरावट का जोखिम रह सकता है। हालांकि, अगर आने वाले महीनों में भू-राजनीतिक तनाव कम होता है और महंगाई पर काबू पाया जाता है, तो अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। इससे लंबे समय में सोने की कीमतों को सपोर्ट मिल सकता है।

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News