नाना पाटेकर को याद कर भावुक हुआ बॉलीवुड, अक्षय-अनुपम खेर समेत इन सितारों ने दी श्रद्धांजलि – Bharat24live

Yuvraj Singh
Date: 08-10-26 17:00
दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर ने हिंदी और मराठी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर दिया है. गुरुवार सुबह गोवा में कार्डियक अरेस्ट के चलते 75 साल की उम्र में अभिनेता ने आखिरी सांस ली. उनके जाने की खबर सामने आते ही बॉलीवुड से लेकर साउथ इंडस्ट्री तक शोक की लहर दौड़ गई. अनुष्का शर्मा, ऋतिक रोशन, रणवीर सिंह, रवीना टंडन, मनोज बाजपेयी, अक्षय कुमार, रजनीकांत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर नाना पाटेकर को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी.
अनुष्का से ऋतिक तक, सितारों ने कहा- ओम शांति
अनुष्का शर्मा ने नाना की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘ओम शांति नाना सर.’ वहीं ऋतिक रोशन ने एक्स पर लिखा, ‘ प्यारे नाना सर भगवान आपकी आत्मा को शांति प्रदान करें. आपका धन्यवाद जो आपने इतना बेहतरीन सिनेमा दिया. आपके किरदार सदैव मोटिवेट करते रहेंगे. दोस्तों और परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं. ओ शांति.’ रणवीर सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में नाना की तस्वीर के साथ हाथ जोड़ने, दिल और ओम वाली इमोजी शेयर की. डायरेक्टर आदित्य धर ने लिखा, ‘कुछ लोग हमारे दिलों में अपने वजूद का एक हिस्सा और यादों से भी ज्यादा बहुत कुछ छोड़कर चले जाते हैं. आपकी बहुत याद आएगी नाना पाटेकर जी, ओम शांति.’
रवीना टंडन और उर्मिला मातोंडकर हुईं भावुक
रवीना ने नाना के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए एक लंबा नोट लिखा और उनके निधन को सदमा देने वाली खबर बताया. उन्होंने नाना को शेर दिल और मजबूत इंसान बताते हुए कहा कि उनके साथ उनका रिश्ता बेहद खास और अपनेपन वाला था. वहीं उर्मिला मातोंडकर ने लिखा, ‘दुख शब्दों में बयां करना मुश्किल है. स्तबध हूं. ये चौंकाने वाला, बेहद दुखद और दिल तोड़ने वाला है. उनके बारे में क्या लिखा जाए, जिन्हें कभी शब्दों में बांधा नहीं जा सकता. हमारे नाना.’ कियारा आडवाणी ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी में नाना की तस्वीर शेयर की. प्रकाश राज ने लिखा, ‘आपके साथ गुजारे पल, आपसे मिली सीख, आपके हाथ का बना खाना इन सभी यादों को मैं हमेशा संभालकर रहूंगा.’
मनोज बाजपेयी बोले- विश्वास करना मुश्किल है
मनोज बाजपेयी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘विश्वास करना मुश्किल है कि नाना पाटेकर नहीं रहे. उन्होंने हमें ये विश्वास दिलाया था कि अपनी कला, अपनी अलग पहचान और जैसे आप हैं, वैसे ही रहकर आप अपनी जगह हासिल कर सकते हैं.’ प्रभुदेवा ने लिखा, ‘नाना पाटेकर सर के निधन से दुखी हूं. उनके बेहतरीन अभिनय, अद्भुत टैलेंट और इंडियन सिनेमा में उनके अहम योगदान को सदैव याद किया जाएगा. उनके फैंस, चाहने वालों और परिवार के प्रति संवेदनाएं.’ सुनील शेट्टी ने कहा, ‘आप जैसे व्यक्ति अब नहीं बनते. आप ऊंचे मुकाम पर पहुंचने के बाद भी अपनी जड़ों से जुड़े रहे. नाना सिर्फ एक ही थे. उनके जैसा कोई दूसरा कभी नहीं होगा. भगवान आपकी आत्मा को शांति दे भाऊ.’
रवि किशन ने बताया- व्यक्तिगत क्षति
रवि किशन ने लिखा, ‘आज सुबह-सुबह नाना पाटेकर जी के निधन की अत्यंत दुखद खबर सुनकर मन बहुत व्यथित है. स्टार होते हुए भी स्टारडम से कोसों दूर रहने वाले नाना जी भारतीय सिनेमा के उन महान कलाकारों में थे, जिनकी पहचान उनकी सादगी, सहजता और मिट्टी से जुड़े व्यक्तित्व से थी. मुंबई की चकाचौंध में रहते हुए भी उन्होंने अपनी जड़ों और संस्कारों को कभी नहीं छोड़ा.
नाना जी से मेरा आत्मीय संबंध रहा. समय-समय पर उनसे बातचीत होती थी. उनके अभिनय, सादगी और जीवन के प्रति उनके दृष्टिकोण से मैंने बहुत कुछ सीखा. वे हमेशा स्नेह और प्रोत्साहन देते थे. उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी एक बड़ी क्षति है. नाना पाटेकर जी का निधन भारतीय फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. उनकी कला, सादगी और यादें सदैव हमारे बीच जीवित रहेंगी. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार एवं सभी चाहने वालों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें. ओम शांति.’
रामगोपाल वर्मा बोले- वो एक्टिंग के भगवान थे
रामगोपाल वर्मा ने लिखा, ‘हम सब जानते हैं कि कोई भी अमर नहीं है, हालांकि मुझे विश्वास नहीं हो पा रहा है कि उनके जैसे स्ट्रॉन्ग व्यक्ति के साथ ऐसा अचनाक से हो सकता है. मैं उनके दिल से नफरत करता हूं, जिसने उन्हें धोखा दिया. वो एक्टिंग के भगवान थे.’ जूनियर एनटीआर ने लिखा, ‘नाना पाटेकर सर के निधन से दुखी हूं. वो भारतीय सिनेमा के बेहतरीन कलाकारों में से एक थे. उनके किरदारों में एक खास गहराई और ईमानदारी होती थी. उनकी एक्टिंग कभी बनावटी नहीं लगती थी. वो एक अद्भुत एक्टर थे. उन्हें पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा. ओम शांति.’
अक्षय कुमार ने कहा- आपकी कमी बहुत खलेगी
नाना पाटेकर के साथ ‘वेलकम’ में काम करने वाले अक्षय कुमार ने लिखा, ‘नाना जी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ. वो उन रेयर एक्टर्स में शामिल थे जिन्हें लोगों का ध्यान खींचने के लिए ज्यादा कुछ करने की आवश्यकता नीं होती थी. उनका अंदाज बिल्कुल नया और अलग था. हर रोल में उनकी ईमानदारी, आवाज और गंभीरता नजर आती थी.’ अक्षय ने आगे लिखा, ‘हमने वेलकम और हाउसफुल 5 में साथ काम किया था, इसके लिए मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं. सेट से जुड़ी सारी यादों को मैं हमेशा संजोकर रखूंगा. नाना जी बेमिसाल थे. विश्वास करना मुश्किल है कि आप हमारे बीच नहीं है. सभी यादों के लिए धन्यवाद. आपकी कमी बहुत खलेगी, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है.’
रजनीकांत ने व्यक्त की संवेदनाएं
रजनीकांत ने एक्स पर लिखा, ‘मुझे विश्वास नहीं हो पा रहा है कि मेरे प्यारे दोस्त नानाजी अब नहीं रहे. उनके परिवार और फैंस के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. उनकी आत्मा को शांति मिले.’ 
पीएम मोदी ने भी दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘श्री नाना पाटेकर जी जैसी तीव्रता, अनोखापन और दमदार मौजूदगी बहुत कम अभिनेताओं में नजर आती है. नाना ने हर रोल में अद्भुत विविधता और रचनात्मकता का परिचय दिया और हमें ऐसे किरदार दिए जिन्हें पीढ़ियों तक याद किया जाएगा. उनकी तारीफ़ बेबाक और स्पष्ट विचारों के लिए भी की जाती थी. वे अपनी बात कहने में कभी हिचकिचाते नहीं थे. हिंदी और मराठी सिनेमा में श्री नाना पाटेकर का योगदान काफी बड़ा था. उनके जाने से एक बड़ी कमी महसूस हो रही है. मेरी उनके परिवार, फ्रेंड्स और अनगिनत फैंस के प्रति संवेदनाएं. ओम शांति.’
रितेश देशमुख बोले- आज एक युग का अंत हो गया
रितेश देशमुख ने नाना पाटेकर के निधन पर मराठी में भावुक पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा, ‘आज शब्द जैसे जम से गए हैं, ऐसा लग रहा है मानो दिल पर बिजली गिर गई हो. ‘नाना नहीं रहे”—इस एक वाक्य ने मन को सुन्न और निशब्द कर दिया है. आप अभिनय की दुनिया की एक महान हस्ती थे, जिनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती थी. अपने अनोखे अंदाज़ से आपने दर्शकों के दिलों में एक अमिट जगह बनाई. कभी पर्दे पर एक शानदार हीरो, तो कभी रोंगटे खड़े कर देने वाले विलेन, या फिर गंभीर अंदाज़ के पीछे छिपा मज़ाकिया स्वभाव. आपकी एक्टिंग में हर रूप सचमुच निखर कर सामने आया.
आप पर्दे पर तो हीरो थे ही, लेकिन असल ज़िंदगी में उससे भी बड़े हीरो थे, आपकी संस्था से इंसानियत की एक कभी न खत्म होने वाली धारा बहती थी. ‘ब्लफ़मास्टर’ और ‘हाउसफुल 5′ में आपके साथ स्क्रीन शेयर करना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी. लेकिन, किसी मराठी फ़िल्म में आपके साथ काम करने की इच्छा मेरे दिल में हमेशा एक अधूरी हसरत. आपकी बातें, हमारी बातचीत, पीठ थपथपाकर की गई तारीफ़ और साथ में खुलकर हंसना, यही मेरी ज़िंदगी की असली कमाई है. परिवार, रिश्तेदारों और लाखों प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. सचमुच, आज एक युग का अंत हो गया. भावपूर्ण श्रद्धांजलि.’
अनुपम खेर, सुनील पाल, सनी देओल और कंगना भी दुखी
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए नाना के निधन पर शोक जताया. कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘नाना पाटेकर महानतम? कुछ घंटे पहले मुझे दिल दहला देने वाली खबर मिली कि मेरे दोस्त नाना पाटेकर अब नहीं रहे.’ 
कॉमेडियन सुनील पाल ने वीडियो में कहा, ‘ग्रेट एक्टर, गुरुओं के गुरु, मिमिक्री वालों के गुरु आज गुरुवार के दिन नाना पटेकर साहब चले गए. हालांकि उनका महान कार्य, हमेशा जिंदा रहेगा. ये फिल्म इंडस्ट्री का तो नुकसान है ही, समाज का भी नुकसान है. वो सीनियर की इज्जत करते थे, पैर छूते थे और पैर दबाते थे. अपने ‘नाम फाउंडशन’ के जरिए लोगों की मदद करते थे.’ 
सनी देओल ने लिखा, ‘विश्वास करना मुश्किल है कि नाना हमारे बीच नहीं हैं. हमने कभी स्क्रीन शेयर नहने की थी, लेकिन हमारा रिश्ता हमेशा बहुत खास और यह कई सालों पुराना था. वो निडर और ज़िंदादिल इंसान थे. उन्होंने हमेशा अपने मन का काम किया. मैं हमेशा इसी रूप में उन्हें याद रखूंगा. आपकी बहुत याद आएगी, नाना.’ कंगना रनौत ने नाना की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘बहुत ही भयानक और दुखद खबर. क्योंकि नाना जी बहुत ही तंदुरुस्त और स्वस्थ नजर आते थे. ओम शांति.’
ये भी पढ़ें: PM Modi on Nana Patekar Death: मंच से भावुक मोदी ने नाना पाटेकर को ऐसे किया याद | Viral Video
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News