राहुल गांधी समेत सभी विपक्षी सांसद राजघाट से निकले, आगे की रणनीति पर सस्पेंस – Aaj Tak

Feedback
चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे INDIA ब्लॉक के विपक्षी सांसद गुरुवार देर शाम राजघाट से निकल गए. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लंच के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी सांसद बसों से राजघाट पहुंचे थे. वहां शांतिपूर्ण धरना और प्रार्थना के बाद सभी नेता वापस रवाना हो गए. फिलहाल विपक्ष की आगे की रणनीति को लेकर सस्पेंस बना हुआ है.
दरअसल, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने गुरुवार को लगातार तीसरे दिन चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया. इससे पहले गुरुवार दोपहर लगभग 1:45 बजे कनॉट प्लेस रेस्टोरेंट में मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों और प्रमुख नेताओं को लंच पर आमंत्रित किया था. 
लंच में कांग्रेस के अलावा तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, साकेत गोखले, समीरुल इस्लाम, समाजवादी पार्टी के राजीव राय, मोहिबुल्लाह, सीपीआईएम के जॉन ब्रिटास, सीपीआई के पी. संदोष और आरजेडी के सुधाकर सिंह सहित कई अन्य दलों के सांसद शामिल हुए.
लंच के बाद सभी नेता रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी बसों में सवार होकर राजघाट के लिए रवाना हुए. इस दौरान राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जिस बस में सवार थे, उस पर कुछ सांसद ऊपर चढ़ गए और हाथों में तिरंगा लहराते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
विपक्ष के राजघाट जाने के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी थी. राजघाट पर भीड़ जुटाने को लेकर निषेधाज्ञा लागू किए जाने की जानकारी सामने आई. मध्य दिल्ली में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई थी.
देश को हाईजैक किया गया: राहुल गांधी
राजघाट रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि करीब 300 विपक्षी सांसद शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है.
राहुल गांधी ने सीधा हमला बोलते हुए कहा, ‘सच्चाई यह है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एक आपराधिक साजिश के तहत देश को हाईजैक कर लिया है. उन्होंने संविधान को नष्ट कर दिया है और जनता के वोट चुराए हैं.’ 
उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि इस साजिश में शामिल सभी लोगों को कानून के दायरे में लाकर इंसाफ के कटघरे में खड़ा किया जाएगा.
इनको सद्बुद्धि दे ईश्वर: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विपक्षी सांसद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर जाकर शांतिपूर्ण प्रार्थना करेंगे. खड़गे ने कहा, ‘हम वहां बैठकर प्रार्थना करेंगे कि ईश्वर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सद्बुद्धि दे. भाजपा सरकार देश के नागरिकों से उनका वोट देने का अधिकार छीन रही है. गांधीजी, नेहरूजी और सरदार पटेल जी ने जो आजादी हमें दिलाई थी, उसे यह सरकार छीनने में लगी है.’
तीन दिन से जारी है विरोध प्रदर्शन
बता दें कि विपक्षी सांसदों का यह विरोध प्रदर्शन लगातार तीन दिन से जारी है. 6 अक्टूबर को राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश की, जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद सांसदों ने आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर प्रवेश कर आठ घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया.
इसके बाद 7 अक्टूबर को खड़गे के लंच के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई सांसदों ने जंतर-मंतर और शांगरी-ला होटल के पास प्रदर्शन किया. पुलिस ने धक्का-मुक्की के बाद राहुल और प्रियंका को हिरासत में ले लिया और करीब दो घंटे बाद रिहा किया. इस घटनाक्रम को लेकर दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर एफआईआर (FIR) भी दर्ज की है. 
अब 8 अक्टूबर को तीसरे दिन भी विपक्षी सांसदों ने राजधान में हल्लाबोल जारी रखा. पुलिस की रोक-टोक को देखते हुए विपक्षी नेताओं ने तीसरे दिन रणनीति बदलते हुए महात्मा गांधी की समाधि ‘राजघाट’ पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का रास्ता चुना. हालांकि देर शाम को विपक्षी सांसद यहां से भी वापस लौट गए.
गौरतलब है कि विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग की ओर से वोटर लिस्ट के SIR को लेकर पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और इससे बड़ी संख्या में वोटर्स के नाम हटाए जा रहे हैं. विपक्षी दल इसी मुद्दे को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. हालांकि चुनाव आयोग और बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News