वीडियो शुरू होने के लगभग 40 सेकंड बाद, अचानक आई बाढ़ के भार से पुल उखड़ते दिख रहे हैं. कुछ ही सेकंड बाद, कई इमारतें भी ढहती जा रही हैं.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
वीडियो का अंत
अरशद मिसाल, दीपक मंडल
इमेज स्रोत, X
नेपाल से मिले वेरिफ़ाइड वीडियो में बाढ़ के पानी के तेज़ बहाव में एक पुल और बहुमंज़िला इमारतें ढहती दिख रही हैं. एक क़स्बे में कई इमारतों के नष्ट होने के बाद के हालात दिख रहे हैं.
बीबीसी वेरिफ़ाई ने इन क्लिप्स को बागमती प्रांत के नुवाकोट ज़िले के त्रिशूली बाज़ार क्षेत्र का पाया है, जो काठमांडू से लगभग 25 कि.मी. उत्तर पश्चिम में स्थित है.
वीडियो में दिख रहा है कि त्रिशूली नदी अचानक भारी मात्रा में पानी से उफान पर आ गई है. पानी की भारी मात्रा से उफान तेज़ है. नदी गाद से भर गई है.
इमेज स्रोत, X
वीडियो शुरू होने के लगभग 40 सेकंड बाद, अचानक आई बाढ़ के भार से पुल उखड़ते दिख रहे हैं. कुछ ही सेकंड बाद, कई इमारतें भी ढहती जा रही हैं.
उसी जगह से फ़िल्माए गए दूसरे वेरिफ़ाइड वीडियो में विनाशकारी परिणाम दिखाई दे रहे हैं.
नदी का जलस्तर काफ़ी बढ़ गया है और पहले वीडियो में दिखाई देने वाले पेड़ और कई इमारतें बह गई हैं.
यह साफ़ नहीं है कि वास्तव में कितनी इमारतें नष्ट हुई हैं लेकिन नदी किनारे की कई इमारतें गायब हो गई हैं. वो या आंशिक रूप से ढह गई हैं या बाढ़ की वजह से गाद से ढक गई हैं.
इमेज स्रोत, EPA
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज स्रोत, EPA
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज स्रोत, EPA
इमेज स्रोत, Sunil Pradhan/Anadolu via Getty Images
नेपाल में भारतीय दूतावास ने बाढ़ में फंसे भारतीय नागरिकों की मदद और उनसे जुड़ी जानकारी के लिए इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं.
दूतावास ने कहा है कि लोग किसी भी जानकारी के लिए इन फ़ोन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.
नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक़, जिन पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उनमें से सबसे अधिक संख्या भारत से है, जिनमें से 100 से अधिक भारतीय हैं.
नेपाल के रसुवा ज़िले के भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ की वजह से देश के अलग-अलग ज़िलों में कम से कम 17 शव बरामद किए गए हैं.
नेपाल पर्यटन बोर्ड ने बताया है कि 291 विदेशियों सहित 384 पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पाया है.
ये नंबर हैं –
+977 985 131 6807
+977 970 910 7500
इमेज स्रोत, Getty Images
नेपाल की सरकारी समाचार एजेंसी आरएसएस ने बताया है कि भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ की वजह से लांगटांग खोला हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी प्रोजेक्ट में काम करने वाले 60 लोग लापता हो गए हैं.
समाचार एजेंसी के मुताबिक़ लांगटांग हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी प्रोजेक्ट के प्रबंध निदेशक और नेपाल स्वतंत्र विद्युत उत्पादक संघ के सचिव, विजय मोहन भट्टराई ने सरकार से परियोजना में कार्यरत इंजीनियरों सहित कर्मचारियों की तलाश करने का आग्रह किया है.
उन्होंने आरएसएस को बताया, ''परियोजना की सुरंग का कंक्रीट ढलान बिछाया जा रहा था. इस दौरान 60 से अधिक कर्मचारी लापता हो गए. इसलिए मैं सरकार से उनकी तलाश करने का अनुरोध करता हूं.''
आरएसएस के मुताबिक़, बाढ़ से हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी प्रोजेक्ट के स्ट्रक्चर को गंभीर नुक़सान पहुंचा है.
आरएसएस ने भट्टराई के हवाले से एक रिपोर्ट प्रकाशित की है जिसमें कहा गया है कि बाढ़ ने नदी के स्तर से 10 मीटर ऊपर स्थित सुरंग को भी प्रभावित किया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
चीन के सरकारी मीडिया पीपुल्स डेली के मुताबिक़ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार सुबह दक्षिण-पश्चिमी चीन के शिज़ांग स्वायत्त क्षेत्र में जिरोंग बॉर्डर पोर्ट पर भूस्खलन के बाद लापता लोगों की तलाश और बचाव के लिए हरसंभव कोशिश के आदेश दिए हैं.
यह भूस्खलन नेपाल में हुआ, जिसमें कई लोग हताहत हुए हैं.
इमेज स्रोत, Peoples daily
उत्तरी नेपाल के कुछ हिस्सों में आई भीषण बाढ़ के बाद भारी जान-माल के नुक़सान की आशंका जताई जा रही है.
बाढ़ में कई गांव बह गए और एक पनबिजली बांध सहित बुनियादी ढांचे को नुक़सान पहुंचा है.
बुधवार तड़के नेपाल की राजधानी काठमांडू के उत्तर में स्थित रसुवा इलाक़े में बाढ़ आ गई. यह इलाक़ा तिब्बत से सटा हुआ है और चीन के साथ नेपाल के मुख्य व्यापार मार्ग पर पड़ता है.
इमेज स्रोत, Getty Images
राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा ने गृह मंत्री अमित शाह के ‘धर्मशाला’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने अमित शाह के बयान का जवाब देते हुए कहा, ''वो (अमित शाह) अक्सर ऐसा कहते रहते हैं. मैं तो कहूंगा कि अमित शाह जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को ये बता दें कि वो 'वसुधैव कुटुंबकम' भी कहना बंद कर दें, जिसका मतलब होता है कि पूरी दुनिया एक परिवार है.''
मनोज झा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''इस तरह की बात गृह मंत्री करते हैं तो अच्छा नहीं लगता है. एक होम मिनिस्टर का काम है कि देश में रहने वाले हर शख़्स को महफ़ूज़ महसूस कराना. ये नहीं कि मेरा गृह मंत्री मेरे सरोकारों से मीलों दूर खड़ा है. अभी तो बहुत सारी चिंताएं हैं अमित शाह जी, नौकरी पर कुछ बोलिए. शिक्षा व्यवस्था पर बोलिए. स्कूलों की बदहाली पर बोलिए. आय की असमानता पर बोलिए.''
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा नीति सम्मेलन के दौरान घुसपैठ के मुद्दे पर कहा था कि ये देश (भारत) कोई धर्मशाला नहीं है.
उन्होंने कहा था, ''पिछली सरकारों ने अक्सर नक्सलवाद और पूर्वोत्तर की समस्याओं को विकराल होने से पहले पहचान लिया होता तो देश को दशकों तक इनका दंश नहीं झेलना पड़ता.''
इमेज स्रोत, Getty Images
रूस में ईरान के राजदूत काज़िम जलाली ने बताया है कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले सप्ताह मुलाकात करेंगे.
बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़ उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की मुलाक़ात किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन के दौरान होगी.
काज़िम जलाली के मुताबिक़, यह मसूद पेजेश्कियान के राष्ट्रपति बनने के बाद पुतिन के साथ उनकी छठी मुलाक़ात होगी.
दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के बीच यह बैठक ऐसे समय में हो सकती है, जब ईरान और रूस के बीच राजनीतिक और रणनीतिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है.
बैठक में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.
अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को इजाज़त दीजिए. अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.
नेपाल के उत्तरी हिस्सों में अचानक आई बाढ़ से भारी जान-माल के नुक़सान की आशंका, क्या हैं ताज़ा हालात
ऑपरेशन सिंदूर के 15 महीने बाद तत्कालीन सीडीएस जनरल चौहान ने 'सफ़ाई' क्यों दी?
एआई डॉक्टर यूट्यूब पर कैसे बुज़ुर्गों को कर रहे हैं टारगेट, जानलेवा साबित हो रहा है उनका इलाज
कृति सेनन के राखी विज्ञापन को विवाद के बाद हटाया गया
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने एचवनएनवन स्वाइन फ्लू को लेकर मेडिकल एडवाइज़री जारी की है.
आईएमए के मुताबिक, भारत में मॉनसून के दौरान एचवनएनवन स्वाइन फ्लू के मामलों में मौसमी बढ़ोतरी देखी जा रही है.
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की निगरानी के अनुसार, अभी फैल रहा वायरस सामान्य मौसमी एचवनएनवन ही है और इसमें कोई नया आनुवंशिक बदलाव नहीं पाया गया है.
ज़्यादातर मरीज़ों में संक्रमण हल्का होता है और वो इलाज के साथ ठीक हो जाते हैं. इसलिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
आईएमए के मुताबिक, एचवनएनवन के सामान्य लक्षणों में तेज़ बुखार, ठंड लगना, सूखी खांसी, गले में दर्द, शरीर में तेज़ दर्द, थकान, सिरदर्द और नाक बंद होना शामिल हैं. बच्चों में उल्टी और दस्त भी हो सकते हैं.
मेडिकल एडवाइज़री में कहा गया है कि फ्लू एक वायरल बीमारी है, इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं नहीं लेनी चाहिए. सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, खून वाली खांसी, बेहोशी या लगातार उल्टी जैसे गंभीर लक्षण होने पर तुरंत अस्पताल जाना चाहिए.
आईएमए के मेडिकल एडवाइज़री के मुताबिक, दिल्ली जैसे बड़े शहरों में 1,770 मामले सामने आए हैं. महाराष्ट्र, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में भी मामले दर्ज किए गए हैं.
इमेज स्रोत, ANI
कोलकाता में बीजेपी नेता कीया घोष ने न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी के आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम का विरोध करने संबंधी रुख पर प्रतिक्रिया दी है.
घोष ने ममदानी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी विचारधारा "कट्टर इस्लामी" है. उन्होंने कहा कि ममदानी खुद को उदारवादी के रूप में पेश करते हैं, लेकिन उनके अनुसार उनकी सोच इसके विपरीत है.
उन्होंने कहा, "न्यू यॉर्क में बाढ़ जैसे हालात हैं, वो उनसे संभल नहीं रहा है. और जहां आरएसएस चीफ़ मोहन भागवत जा रहे हैं वो उनका विरोध कर रहे हैं."
कीया घोष ने कहा, "विरोध करने दीजिए, लेकिन वो रोक नहीं पाएंगे. क्योंकि अमेरिका के रहने वाले हिन्दू वहां पांच हज़ार से ज़्यादा संख्या में पहुंच रहे हैं. वो इस्लामिस्ट हैं, तो वो विरोध करेंगे ही."
घोष की यह टिप्पणी ममदानी के आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम को लेकर सामने आए विरोध के बाद आई है.
ज़ोहरान ममदानी ने मंगलवार को कहा कि वह मेडिसन स्क्वेयर गार्डन में होने वाले उस प्रस्तावित कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे. यह कार्यक्रम 29 अगस्त को होना है.
संबंधित ख़बर- ज़ोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम का किया विरोध
इमेज स्रोत, Reuters
ओमान के विदेश मंत्री की ईरान यात्रा के बाद दोनों देशों ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर एक संयुक्त बयान जारी किया है.
बयान के मुताबिक, दोनों देश होर्मुज़ स्ट्रेट में एक अस्थायी साझा समुद्री गलियारा बनाने और इलाक़े से बारूदी सुरंगें हटाने के लिए एक संयुक्त परियोजना पर बातचीत कर रहे हैं.
ईरान और ओमान का कहना है कि इन दोनों प्रस्तावों से आगे की कार्रवाई के लिए एक व्यावहारिक आधार तैयार हो सकता है.
दोनों देशों का मुख्य लक्ष्य होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित समुद्री यातायात फिर से शुरू करना है, साथ ही अपनी संप्रभुता और अधिकारों को बनाए रखना है.
ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने इससे पहले कहा था कि दोनों देशों के बीच समझौता अंतिम चरण में है. पिछले करीब तीन सप्ताह से ईरानी अधिकारी अस्थायी समुद्री रास्ते को लेकर समझौते की संभावना की बात कर रहे हैं.
संयुक्त बयान में कहा गया है कि दोनों पक्ष स्थायी समुद्री गलियारे, होर्मुज़ स्ट्रेट के भविष्य के प्रबंधन, सूचना साझा करने, जहाजों की आवाजाही नियंत्रित करने और समुद्री सुरक्षा सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर तकनीकी बातचीत भी जारी रखेंगे.
ईरान और ओमान इस मुद्दे पर खाड़ी के तट से जुड़े दूसरे देशों से भी बातचीत करेंगे.
इमेज स्रोत, ANI
राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं.
मंत्री के प्रभारी डॉ सतीश मीणा ने बीबीसी हिन्दी को फ़ोन पर बताया, "मंत्री जी कुछ दिन से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे. मंगलवार सुबह उन्होंने जांच कराई थी."डॉ सतीश बताते हैं, "जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उन्हें जयपुर सवाई मानसिंह अस्पताल में रात दस बजे भर्ती किया गया."
उन्होंने कहा है कि कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का इलाज कर रहे डॉक्टर ने उनके स्वास्थ्य में पहले से सुधार बताया है. फिलहाल वो हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में भर्ती हैं.
डॉक्टरों ने संक्रमण को देखते हुए कृषि मंत्री को किसी भी व्यक्ति या परिवार के सदस्यों से मिलने से बचने की सलाह दी है.
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है और उन्हें ज़रूरी इलाज दिया जा रहा है.
प्रदेश के राजनेताओं ने मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के स्वास्थ्य को लेकर चिंता ज़ाहिर की है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
इमेज स्रोत, Reuters
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के सरकारी अस्पताल पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के चिल्ड्रेन वॉर्ड में आग लगने से 14 नवजात की मौत हो गई. अस्पताल के कार्यकारी निदेशक इमरान सिकंदर ने बच्चों की मौत की पुष्टि की है.
इस्लामाबाद ज़िला प्रशासन के मुताबिक, आग अस्पताल के एमसीएच वॉर्ड की तीसरी मंजिल पर लगी. आग लगने की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौक़े पर पहुँच गए.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक, प्रशासन ने बताया कि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और बच्चों को आईसीयू में ले जाया गया. घटना की जांच के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जनरल की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है. समिति आग लगने के कारणों की जांच करेगी.
इससे पहले अस्पताल की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने कहा था कि किसी बच्चे की मौत की पुष्टि नहीं हुई है.
उनके मुताबिक, आग एयर कंडीशनिंग यूनिट में लगी थी और ऑक्सीजन कनेक्शन की वजह से तेजी से फैल गई. हादसे के समय वार्ड में 15 बच्चे भर्ती थे.
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया दुख
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ़ ने इस्लामाबाद के पीआईएमएस अस्पताल के बच्चों के वार्ड में आग लगने की घटना पर गहरा दुख जताया है. इस हादसे में कई नवजात बच्चों की मौत की ख़बर सामने आई है.
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, शहबाज शरीफ ने घटना पर "गहरा दुख और हार्दिक खेद" व्यक्त किया. उन्होंने अधिकारियों को हादसे की तुरंत जांच करने का निर्देश दिया है.
शहबाज शरीफ ने कहा कि बच्चों से जुड़ी ऐसी घटना की भरपाई संभव नहीं है. उन्होंने मासूम बच्चों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुखद घटना से उनका दिल बेहद दुखी है.
इमेज स्रोत, Getty Images
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने भारतीय खिलाड़ियों के मैदान पर व्यवहार को लेकर आईसीसी और बीसीसीआई से कार्रवाई की मांग की है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल से जुड़े हालिया मामलों का ज़िक्र किया.
मांजरेकर ने लिखा, “प्रिय आईसीसी और बीसीसीआई, पहले वैभव और अब जायसवाल. अगर आप उन्हें इस तरह के व्यवहार के लिए बार-बार छोड़ते रहेंगे, तो आप उन्हें दोबारा ऐसा बरताव दोहराने के लिए ही तैयार कर रहे हैं."
उन्होंने कहा कि ऐसा व्यवहार क्रिकेट और खिलाड़ियों के अपने भविष्य के लिए भी अच्छा नहीं है.
श्रीलंका के दांबुला में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच वनडे ट्राई-सिरीज़ के मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के विषेन हलंबागे के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई थी. सुपर ओवर में श्रीलंका ए की जीत के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई.
वहीं, कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब में भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट के पहले दिन भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज़ गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच भी मैदान पर तीखी बहस हुई. इस दौरान दोनों के बीच टकराव की स्थिति बनी.
मांजरेकर ने दोनों घटनाओं के संदर्भ में खिलाड़ियों के व्यवहार पर चिंता जताई है.
इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने अमेरिका के उस दावे को ख़ारिज किया है, जिसमें कहा गया था कि होर्मुज़ स्ट्रेट से बारूदी सुरंगें पूरी तरह हटा दी गई हैं.
उन्होंने इसे केवल "प्रचार के लिए किया गया झूठा दावा" बताया.
दरअसल मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर होर्मुज़ स्ट्रेट में बिछाई गई माइंस को हटाने का दावा किया था.
बीबीसी न्यूज़ फारसी के मुताबिक ग़रीबाबादी ने कहा कि अगर अमेरिका ने वास्तव में माइंस हटा दी हैं, तो अभी तक कोई भी जहाज होर्मुज़ स्ट्रेट से क्यों नहीं गुज़र पा रहा है.
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी माइनस्वीपर जहाज़ इस इलाक़े में आते हैं, तो ईरान उन्हें निशाना बना सकता है.
संबंधित ख़बर- ट्रंप का दावा- 'होर्मुज़ स्ट्रेट में बिछाई गई सुरंगों को हटा दिया'
इमेज स्रोत, Tetiana DZHAFAROVA / AFP via Getty Images
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भेजे गए संदेश के लिए आभार जताया है.
ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें भारत की राष्ट्रपति की ओर से यूक्रेन के लोगों के लिए शुभकामनाएं पाकर खुशी हुई.
उन्होंने शांति की कामना के लिए राष्ट्रपति मुर्मु को धन्यवाद दिया.
ज़ेलेंस्की ने एक्स पर लिखा, "हम अपनी स्वतंत्रता की बहाली की 35वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और रूस के युद्ध का सम्मानजनक अंत यूक्रेन के लाखों लोगों का सबसे बड़ा सपना है. पूरी दुनिया मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता बनाने में मदद करे."
उन्होंने कहा, "मैं भारत के साथ आपसी फ़ायदे वाली बातचीत और संबंधों को आगे बढ़ाने की यूक्रेन की प्रतिबद्धता को भी दोहराता हूं."
ज़ेलेंस्की का यह बयान ऐसे समय आया है जब यूक्रेन लगातार रूस के साथ युद्ध को समाप्त करने और शांति की दिशा में अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहा है.
इमेज स्रोत, Penske Media via Getty Images
दुनिया की मशहूर कंट्री म्यूजिक सिंगर डॉली पार्टन का 80 साल की उम्र में निधन हो गया.
उनकी टीम ने बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस को दिए एक बयान में कहा,"कैंसर से बहादुरी से लड़ने के बाद डॉली ने आज अपने प्रियजनों की मौजूदगी में वेंडरबिल्ट-इंग्राम कैंसर सेंटर में इस दुनिया को अलविदा कह दिया."
डॉली पार्टन के छह दशक लंबे करियर में दुनिया भर में उनके 10 करोड़ से ज़्यादा रिकॉर्ड बिके. उन्होंने तीन हज़ार से ज़्यादा गाने लिखे और गाए.
वह केवल एक महान गायिका और गीतकार ही नहीं थीं, बल्कि फिल्मों में भी नज़र आईं और अपनी खास शैली के लिए जानी जाती थीं. उन्होंने ग्लास्टनबरी जैसे बड़े संगीत समारोहों में भी लोगों का दिल जीता.
डॉली का जन्म टेनेसी के स्मोकी माउंटेन्स में एक गरीब परिवार में हुआ था.
उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और साक्षरता के लिए लंबे समय तक काम किया. उनके निधन पर पॉल मैक्कार्टिनी, ओपरा विनफ्रे और एल्टन जॉन सहित कई बड़ी हस्तियों ने दुख जताया और उन्हें अनोखी और बेहद खास कलाकार बताया.
क्या बोले राष्ट्रपति ट्रंप
इमेज स्रोत, Redferns
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मशहूर गायिका डॉली पार्टन के सम्मान में पूरे अमेरिका में राष्ट्रीय झंडे एक सप्ताह तक आधे झुके रहेंगे. यह आदेश मंगलवार शाम से लागू होगा.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर डॉली पार्टन के निधन पर दुख जताया और श्रद्धांजलि दी.
उन्होंने कहा कि यह लाखों लोगों के लिए बहुत बड़ी क्षति है. ट्रंप ने डॉली को एक ऐसी कलाकार बताया, जैसी कोई दूसरी कभी नहीं हुई और न ही भविष्य में होगी.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए के प्रमुख जॉन रैटक्लिफ मंगलवार को रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचे.
बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस के अनुसार, रैटक्लिफ की यात्रा का कार्यक्रम पहले से घोषित नहीं था.
अमेरिका और रूस ने अभी तक इस यात्रा की पुष्टि नहीं की है और यह भी नहीं बताया है कि वह किससे मिलने वाले हैं.
अमेरिका और रूस के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच आमने-सामने बातचीत काफी कम देखने को मिलता है.
फ़्लाइट की जानकारी से पता चला कि एक बड़ा अमेरिकी सैन्य विमान मंगलवार को लात्विया के रास्ते अमेरिका से रूस पहुंचा. विमान मॉस्को हवाई अड्डे पर लैंड करने के बाद वापस लात्विया चला गया.
बीबीसी ने इस मामले पर सीआईए, व्हाइट हाउस और पेंटागन से प्रतिक्रिया मांगी है.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान को मॉस्को के हवाई अड्डे के पास देखा गया. एक दूसरे वीडियो में मॉस्को में एक राजनयिक काफिला भी दिखाई दिया.
रैटक्लिफ की यात्रा से पहले अमेरिका ने यूक्रेन को बताया था कि एक वरिष्ठ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल मॉस्को जाएगा.
एक वरिष्ठ यूक्रेनी अधिकारी के अनुसार, अमेरिका ने बातचीत पूरी होने तक यूक्रेन से रूस पर हमले रोकने का अनुरोध भी किया था.
बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
– कांदा एक्सप्रेस: नासिक से विशेष ट्रेन क्यों चलाई गई, जानिए कहां मिलेगा सस्ता प्याज़
– कपड़ों पर सवाल, कुत्ते पर बहस: कृति सेनन का राखी विज्ञापन विवाद क्या है जिस पर राहुल गांधी भी बोले?
– चीन ने ईरान का साथ दिया तो क्या बेअसर होंगे अमेरिका के प्रतिबंध?
– पटना में स्टूडेंट प्रदर्शन: बीपीएससी परीक्षाओं और 'हाथी चले बाज़ार' वाली कहावत पर क्या हुआ विवाद
– 'ट्रंप को बिना तेल के कारें चलाते देखना चाहूंगा': कनाडा किस तरह अमेरिका को नुक़सान पहुंचा सकता है?
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.