Feedback
पटना में मरीन ड्राइव पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती BMW कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में लग्जरी कार जलकर लगभग खाक हो गई. घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई, जबकि मरीन ड्राइव पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित रहा.
घटना जेपी गंगा पथ के कुर्जी घाट इलाके के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अचानक सड़क पर चलते समय धुआं छोड़ने लगी, जिसके बाद उसमें तेज लपटें उठने लगीं. कार में सवार लोगों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वाहन रोक दिया और समय रहते बाहर निकल आए. इसी वजह से बड़ा हादसा टल गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बिहार फायर सर्विसेज की टीम मौके पर पहुंची. दमकल की गाड़ियों ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाना शुरू किया. आग इतनी तेज थी कि कुछ देर तक पूरा वाहन आग के गोले की तरह जलता रहा. अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. हालांकि तब तक कार खाक हो चुकी थी.
यह भी पढ़ें: गुजरात में दर्दनाक हादसा… पुल से गिरकर कार में लगी आग, 2 महिला शिक्षकों समेत 3 की जिंदा जलकर मौत
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन असल वजह जांच के बाद ही सामने आएगी. पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है. घटना के दौरान मरीन ड्राइव पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ. हालांकि थोड़ी देर बाद स्थिति सामान्य हो गई.
गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए. फिलहाल घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जबकि प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू