Shreeom Singh
Date: 24-10-26 12:50
पाकिस्तान में LPG की सप्लाई रुकने से गैस की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं. ईरान ने पाकिस्तान को LPG भेजना बंद कर दिया है. पाकिस्तान अपनी कुल LPG जरूरत का करीब 50% हिस्सा ईरान से आयात करता है. ऐसे में सप्लाई रुकने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है. 12 किलो के LPG सिलेंडर की कीमत कुछ ही दिनों में 4,500 पाकिस्तानी रुपये से बढ़कर 7,000 रुपये हो गई है. यानी एक सिलेंडर पर 2,500 रुपये ज्यादा देने पड़ रहे हैं.
पाकिस्तान और ईरान के बीच गब्द-रिमदान और तफ्तान की दो प्रमुख सीमा चौकियां 17 अक्टूबर को बंद कर दी गई थीं. पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की सरकार ने इसकी वजह सुरक्षा और तस्करी रोकने को बताया, जबकि ईरान ने तकनीकी दिक्कतों का हवाला दिया.
पाकिस्तान LPG एसोसिएशन के मुताबिक, ईरान से हर दिन करीब 7,000 मीट्रिक टन LPG पाकिस्तान पहुंचती है. ग्वादर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पूर्व अध्यक्ष शम्सुल हक ने बताया कि अकेले गब्द-रिमदान सीमा से रोजाना 4,000 टन से ज्यादा गैस आती है. फिलहाल यह सप्लाई बंद है.
ओमान और इराक से आने वाली गैस पर भी असर
पाकिस्तान अपनी LPG जरूरत का करीब 70% हिस्सा विदेशों से आयात करता है. ईरान के अलावा इराक और ओमान से भी गैस मंगाई जाती है.
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक के अनुसार, देश में हर दिन करीब 6,500 से 7,000 टन LPG की जरूरत होती है. इसमें से 2,000 से 2,500 टन गैस देश में तैयार होती है, जबकि बाकी जरूरत आयात से पूरी की जाती है.
होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान से जुड़े संघर्ष के कारण पैदा हुई रुकावटों का असर इराक और ओमान से होने वाले आयात पर भी पड़ा है. इससे पाकिस्तान में गैस की कमी और कीमतों का दबाव बढ़ गया है.
सरकारी कीमत से दोगुने से ज्यादा में बिक रहे सिलेंडर
पाकिस्तान के तेल और गैस नियामक प्राधिकरण (OGRA) ने 11.8 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 3,296 पाकिस्तानी रुपये तय की है. इसके बावजूद बाजार में सिलेंडर इससे काफी ज्यादा दाम पर बेचे जा रहे हैं.
पाकिस्तान LPG एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान खोखर के मुताबिक, बलूचिस्तान में 12 किलो का सिलेंडर करीब 7,000 रुपये, लाहौर में 7,500 रुपये और स्कर्दू में 8,200 रुपये तक में बिक रहा है.
सरकार ने जल्द राहत मिलने की जताई उम्मीद
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा है कि सरकार खुद LPG आयात करके बाजार में उपलब्ध कराएगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन दिनों में कीमतों में सुधार शुरू हो सकता है.
जियो न्यूज के एक कार्यक्रम में मलिक ने कहा कि LPG की कीमत 400 से 425 पाकिस्तानी रुपये प्रति किलो के बीच होनी चाहिए. उन्होंने ज्यादा कीमत वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी. मंत्री के मुताबिक, सरकार गैस की कीमत तय करने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर काम कर रही है.
मलिक ने दावा किया कि बाजार और स्थानीय LPG की कीमतों के बीच करीब 30 अरब पाकिस्तानी रुपये का अंतर है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अदालत से रोक के आदेश लेकर ऊंचे दाम वसूल रहे हैं. उनके अनुसार, प्रधानमंत्री ने अटॉर्नी जनरल को ऐसे मामलों में पैरवी करके रोक के आदेश हटवाने के लिए कदम उठाने को कहा है.
सीमा पर फंसे सैकड़ों ट्रक
पाकिस्तान और ईरान के बीच सीमा चौकियां बंद होने से LPG टैंकरों समेत सैकड़ों ट्रक दोनों तरफ फंसे हुए हैं. शम्सुल हक के मुताबिक, 1,000 से ज्यादा पाकिस्तानी कंटेनरों में आलू, केले और चावल लदे हैं. इन सामानों को ईरान भेजा जाना था, लेकिन सीमा बंद होने से आवाजाही रुक गई है.
ट्रक चालकों का कहना है कि वे कई दिनों से सीमा खुलने का इंतजार कर रहे हैं. वहां उन्हें जरूरी सुविधाएं भी ठीक से नहीं मिल रही हैं. चालक अब्दुल गनी बलोच ने बताया कि वह एक हफ्ते से ज्यादा समय से सीमा पर फंसे हुए हैं.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें