Feedback
महाराष्ट्र के सांगली में फिल्म शोले जैसी कहानी सामने आई. यहां कुपवाड़ इलाके में एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड से ‘हां’ कहलवाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया. उसने ऐलान कर दिया कि जब तक उसकी प्रेमिका मौके पर नहीं आएगी और उसका प्रपोजल एक्सेप्ट नहीं करेगी, वह नीचे नहीं उतरेगा. युवक की इस हरकत की खबर जैसे ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को मिली, हड़कंप मच गया.
कुपवाड़ इलाके का रहने वाला अजय जाधव रविवार दोपहर अचानक एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. शुरुआत में आसपास मौजूद लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर मामला क्या है. जब युवक ने नीचे आने से इनकार किया और अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग की, तो लोगों को पूरा माजरा समझ आया. अजय की मांग थी कि उसकी प्रेमिका उसके प्रपोजल को स्वीकार करे. उसने कह दिया कि जब तक वह सामने नहीं आएगी, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा.
यह भी पढ़ें: ‘शादी कराओ, नहीं तो कूद जाऊंगा…’, प्रेमिका के लिए 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, Video
सूचना मिलते ही कुपवाड़ इंडस्ट्रियल पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया. ऊपर मोबाइल टावर पर युवक बैठा था और नीचे पुलिस उसे समझाने में जुटी थी. इस बीच खबर आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई. देखते ही देखते टावर के नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने अजय से बातचीत शुरू की. उसे समझाया गया कि इस तरह टावर पर चढ़ना बेहद खतरनाक है. लेकिन अजय जिद पर अड़ा रहा.
उसकी शर्त थी कि गर्लफ्रेंड सामने आए और उसके प्रपोजल का जवाब दे. कुपवाड़ पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर आनंदराव घाडगे और उनकी टीम ने युवक को समझाने के लिए लगातार कोशिशें कीं. पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए भी उससे बातचीत की. उसे भरोसा दिलाया गया कि पहले वह सुरक्षित नीचे आए और अपनी बात रखे.
काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद अजय नीचे आने के लिए तैयार हो गया. जैसे ही वह सुरक्षित नीचे उतरा, पुलिस, फायर ब्रिगेड और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. फिलहाल युवक सुरक्षित है और सांगली के कुपवाड़ इलाके में हुई यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. मोबाइल टावर से युवक तो नीचे आ गया, लेकिन प्रेमिका ने ‘हां’ कहा या नहीं, ये कहानी अभी भी अधूरी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू