कोटा की स्टार बॉक्सर अरुंधति चौधरी एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने उतरेंगी। फिनलैंड में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाले तम्मेर कप बॉक्सिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए अरुंधति रवाना हुईं। भारतीय टीम के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
ओलिंपिक भार वर्गों में होंगे मुकाबले
अरुंधति के कोच अशोक गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता में ओलिंपिक भार वर्गों के अनुसार मुकाबले होंगे। प्रत्येक भार वर्ग के शीर्ष आठ खिलाड़ी अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। महिला और पुरुष वर्गों में सात-सात भार वर्गों में भारतीय बॉक्सर हिस्सा लेंगे।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीत चुकी हैं 12 गोल्ड
अरुंधति अब तक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए 12 स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीत चुकी हैं। तम्मेर कप उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की 14वीं प्रतियोगिता होगी। हाल ही में उन्हें एशिया बॉक्सिंग कमेटी का वाइस चेयरमैन भी बनाया गया है। उनकी उपलब्धियों से कोटा और राजस्थान के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
अरुंधति के रवाना होने पर उनके पिता एवं जिला बॉक्सिंग संघ अध्यक्ष सुरेश चौधरी, माता सुनीता चौधरी, राजस्थान बॉक्सिंग संघ के सचिव नरेंद्र कुमार निर्वाण और अध्यक्ष धीरेंद्र चौधरी ने शुभकामनाएं दीं। सभी ने उम्मीद जताई कि अरुंधति प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगी।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.