बंगाल की नई भाजपा सरकार पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की कथित अनियमितताओं, अधूरी परियोजनाओं और वित्तीय कुप्रबंधन को उजागर करने के लिए व …और पढ़ें
शुभेंदु अधिकारी, मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल।
नई भाजपा सरकार टीएमसी शासनकाल की अनियमितताओं पर श्वेत पत्र जारी करेगी।
वित्तीय कुप्रबंधन और अधूरी परियोजनाओं का होगा खुलासा।
राज्य सरकार कैग रिपोर्ट को भी सार्वजनिक करेगी।
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई वाली बंगाल की नई भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई कथित अनियमितताओं, अधूरी परियोजनाओं और वित्तीय कुप्रबंधन को जनता के सामने लाने के लिए बड़ा फैसला लिया है।
राज्य के वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने गुरुवार को विधानसभा में बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि सरकार अब हर विभाग के लिए अगले तीन महीने में अलग-अलग श्वेत पत्र जारी करेगी। इन दस्तावेजों में बताया जाएगा कि पिछली सरकार के दौरान किन कारणों से राज्य पर भारी कर्ज का बोझ बढ़ा और कई विकास परियोजनाएं अधूरी रह गईं।
दासगुप्ता ने कहा कि वित्त विभाग यह स्पष्ट करेगा कि किस तरह वित्तीय कुप्रबंधन के कारण राज्य पर भारी कर्ज चढ़ा। वहीं अन्य विभाग बताएंगे कि कई परियोजनाओं में देरी क्यों हुई और प्रशासनिक स्तर पर किन कारणों से समस्याएं पैदा हुईं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) की रिपोर्ट को भी सार्वजनिक करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान इन रिपोर्टों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया और कई वर्षों की रिपोर्ट विधानसभा में पेश नहीं किया गया। विधानसभा में बजट फर चर्चा के दौरान कई विधायकों ने भूमि आवंटन, आर्द्रभूमि प्रबंधन और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया था।
सरकार का कहना है कि प्रस्तावित श्वेत पत्रों का उद्देश्य जिम्मेदारी तय करना, जनता को राज्य की वास्तविक आर्थिक स्थिति से अवगत कराना और मौजूदा सरकार को विरासत में मिली प्रशासनिक चुनौतियों की स्पष्ट तस्वीर सामने रखना है। मालूम हो कि भाजपा ने अपने चुनावी संकल्प पत्र में भी सत्ता में आने पर तृणमूल सरकार के कथित भ्रष्टाचार व अनियमितताओं को उजागर करने के लिए श्वेत पत्र जारी करने का वादा किया था।