बांदा से विदर्भ तक पारा हाई… नौतपा शुरू होते ही तपने लगे शहर-शहर – AajTak

Feedback
नौतपा की शुरुआत होते ही भीषण गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है. देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले एक हफ्ते तक उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं पूर्वी भारत और प्रायद्वीपीय इलाकों में भी अगले 3 से 5 दिनों तक गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी. मौसम विभाग ने हालांकि 29 मई के बाद कुछ इलाकों में राहत मिलने के संकेत भी दिए हैं.
विदर्भ के ब्रह्मपुरी में रविवार को 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान
बता दें कि इस बार 25 मई से 2 जून तक नौतपा के दिन हैं. इन लगभग नौ दिनों में भीषण गर्मी पड़ती है और तापमान भी बहुत ऊपर तक पहुंच जाता है.  रविवार को महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी इलाका देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया. यहां अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा है. इसके साथ ही ब्रह्मपुरी ने उत्तर प्रदेश के बांदा को पीछे छोड़ दिया, जो पिछले दिनों देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ था.
विदर्भ के कई अन्य शहरों में भी तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया. चंद्रपुर में 45.6 डिग्री, वर्धा में 45.5 डिग्री, नागपुर में 45.4 डिग्री, अमरावती में 45.2 डिग्री और गोंदिया में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. लगातार बढ़ती गर्मी की वजह से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.
Heatwave
राजस्थान में भी गंगानगर का पारा 46 डिग्री सेल्सियस
राजस्थान में भी गर्मी का प्रकोप जारी है. राज्य के कई शहरों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. श्रीगंगानगर रविवार को राजस्थान का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा वनस्थली में 45.1 डिग्री, चूरू में 44.9 डिग्री, कोटा और फलोदी में 44.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
जयपुर मौसम केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और लू का असर जारी रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
हालांकि राजस्थान के लोगों को मई के अंत में कुछ राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने कहा है कि 28 और 29 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे तेज आंधी, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है.
दिल्ली में भी पारा 43 पार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी भीषण गर्मी की चपेट में है. पिछले तीन दिनों से दिल्ली में येलो अलर्ट जारी है. रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है. दिल्ली के अयानगर और रिज मौसम केंद्रों में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं लोधी रोड में 43.8 डिग्री, पालम में 43.7 डिग्री और सफदरजंग में 43.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
उत्तर प्रदेश में भी लू का असर तेज हो गया है. मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है. बांदा एक बार फिर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रयागराज, उरई और झांसी में 45.6 डिग्री, आगरा में 45.4 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
Heatwave
उत्तर प्रदेश भी तप रहा है
राजधानी लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा है. वहीं न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा. लगातार गर्म हवाओं की वजह से लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में परेशानी हो रही है.
हरियाणा और पंजाब में भी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. हरियाणा का सिरसा 46 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा. रोहतक में 45.3 डिग्री और भिवानी में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. अंबाला में 42 डिग्री, हिसार में 43.8 डिग्री, करनाल में 42.8 डिग्री और गुरुग्राम में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. चंडीगढ़ में भी अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
आंध्र प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है. राज्य के कई जिले भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं, जबकि कुछ इलाकों में अगले कुछ दिनों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अगले तीन दिनों तक गंभीर लू चलने की चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है. डॉक्टरों ने भी बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है, क्योंकि लगातार बढ़ती गर्मी और लू स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News