Feedback
उत्तर प्रदेश के बांदा में रविवार को दर्दनाक हादसा सामने आया. शहर कोतवाली क्षेत्र के अरबई गांव में दो बच्चे बारिश के पानी से उफनाए नाले में डूब गए. बताया जा रहा है कि दोनों आपस में चाचा-भतीजे थे और खेलते समय नाले में नहाने के लिए उतर गए थे. इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए.
पास में नहा रहे कुछ बच्चों ने दोनों को डूबता देखा तो शोर मचा दिया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस को सूचना दी गई और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
यह भी पढ़ें: बांदा के टोंटी चोरों का गजब कांड… घर में कीमती माल ढूंढा, कुछ नहीं मिला तो बाथरूम से किचन तक 25 टोंटियां उखाड़ ले गए!
ग्रामीणों ने एक बच्चे को बचाया
दूसरे बच्चे की तलाश काफी देर तक जारी रही. ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने नाले में खोजबीन की, जिसके बाद उसका शव बरामद किया गया. परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.
मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन भी है. बताया गया कि बच्चे के पिता की कुछ साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है. अब बेटे की मौत ने मां को पूरी तरह तोड़ दिया. बच्चे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों ने बताया कि गांव में बारिश का पानी भरा हुआ था और नाला उफान पर था. इसी दौरान बच्चे वहां पहुंच गए और हादसे का शिकार हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. ग्रामीणों ने बरसात के दौरान नाले के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है.
बांदा के डिप्टी एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि रविवार को कोतवाली नगर क्षेत्र के अरबई गांव में दो बच्चों के पास के नाले में नहाने जाने के बाद डूबने की सूचना मिली थी. जानकारी मिलते ही थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की सहायता से बचाव अभियान चलाया.
डिप्टी एसपी के मुताबिक, अभियान के दौरान एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दूसरे की डूबने से दुखद मौत हो गई. उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू