Feedback
दिल्ली के बुराड़ी में एक बहुमंजिला इमारत ढहने के 30 घंटे से अधिक समय बाद अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि देर रात चले रेस्क्यू ऑपरेशन में एक परिवार के चार सदस्यों को मलबे से जिंदा बाहर निकाला गया. उन्होंने बताया कि मलबे से राजेश (30), उनकी पत्नी गंगोत्री (26) और बेटे प्रिंस (6) और रितिक (3) को निकाला गया है. परिवार के चारों सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पीटीआई के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि नवनिर्मित इमारत की छत का स्लैब रसोई गैस सिलेंडर पर गिरने के बाद बनी जगह में परिवार फंस गया था. इससे परिवार के सदस्य मलबे के नीचे दबने से बच गए.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, इसमें राजेश को पत्रकारों से कहते हुए सुना जा सकता है कि मेरा बड़ा बेटा 6 साल का है और मेरा छोटा बेटा 3 साल का है. हम भगवान के शुक्रगुजार हैं कि हम बच गए.
बता दें कि ऑस्कर पब्लिक स्कूल के पास 4 मंजिला आवासीय इमारत सोमवार शाम को ढह गई थी, जिसमें 2 नाबालिग समेत 5 लोगों की मौत हो गई.
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) राजा बंथिया ने कहा कि बचाव अभियान अभी भी जारी है, इसके बुधवार देर रात तक जारी रहने की संभावना है. दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ और दिल्ली अग्निशमन सेवा की कई टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं. उन्होंने कहा कि अब तक मलबे से 21 लोगों को निकाला जा चुका है. उनमें से 16 जीवित हैं, जबकि 5 की मौत हो गई है. रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है. मलबे के नीचे और भी लोग फंसे हो सकते हैं.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि बचाव अभियान के दौरान टीमें अतिरिक्त सावधानी बरत रही हैं. NDRF की टीमें जीवित लोगों के बारे में जानने के लिए हाईटेक गैजेट का भी इस्तेमाल कर रही हैं.
पुलिस ने इमारत के मालिक योगेंद्र भाटी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है, साथ ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने कहा कि उन्होंने मलबे के नीचे लोगों की तलाश के लिए अपने डॉग स्क्वायड को भी बुलाया है.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू