शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खुड़ा बस्ती में सोमवार सुबह 25 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय महिला का चार साल का बेटा उसी कमरे में मौजूद था।
महिला पिछले एक साल से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। घटना के बाद युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कविता कुशवाह (25) के रूप में हुई है। वह तलाकशुदा थी और उसका चार साल का बेटा है।
कविता कोतवाली थाना क्षेत्र की खुड़ा बस्ती में संतोषी माता मंदिर के पीछे किराए के मकान में रह रही थी।
बताया गया है कि वह पिछले एक साल से बैराड़ थाना क्षेत्र के हरियाखेड़ी गांव निवासी बबलू कुशवाह के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी।
रविवार को हुआ था विवाद मकान मालिक के अनुसार, रविवार को कविता और बबलू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सोमवार सुबह कविता को सामान्य रूप से घर के बाहर झाड़ू लगाते हुए देखा गया था।
कुछ देर बाद कमरे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। इस पर मकान मालिक कमरे तक पहुंचा। दरवाजा खोलने पर कविता फांसी के फंदे पर लटकी मिली।
पुलिस पहुंची, युवक से नहीं हो सका संपर्क घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बबलू कुशवाह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका। घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है।
पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी। इसके बाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका की मां पार्वती कुशवाह ने आरोप लगाया है कि
बबलू कविता के चरित्र पर संदेह करता था। उनका कहना है कि कविता उससे शादी करने की बात कहती थी, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं होता था।
परिजनों के अनुसार, शादी का आश्वासन मिलने के बाद ही कविता उसके साथ रहने के लिए राजी हुई थी।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.