संभल में किसानों ने भारत सरकार और अमेरिका के बीच प्रस्तावित गेहूं-दूध उत्पाद आयात समझौते का विरोध किया है। उनका आरोप है कि यह समझौता भारतीय किसानों को बर्बाद कर देगा। इसी मुद्दे पर देशभर में विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे हैं और 21 जुलाई को दिल्ली में बड़े प्रदर्शन की योजना है। मंगलवार को दोपहर एक बजे संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के गांव भवानीपुर पुल से नई तहसील तक ट्रैक्टर-बाइक रैली निकाली गई।
इन मुद्दों पर विभिन्न किसान संगठन एक मंच पर आए हैं और सर्वसम्मति से ‘देश बचाओ मोर्चा’ का गठन किया है। नई तहसील पहुंचकर किसानों ने प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन संभल के एसडीएम विकास चंद्र को सौंपा। जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि ‘देश बचाओ मोर्चा’ में 200 से अधिक संगठन शामिल हैं। उन्होंने मांग की कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से कृषि उत्पादों को बाहर रखा जाए।
जिला प्रभारी करतार सिंह ने समझौते पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत सरकार अमेरिका से गेहूं और दूध उत्पाद खरीदने का समझौता कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इन उत्पादों के भारतीय बाजार में आने से यहां के किसान तबाह हो जाएंगे। अमेरिका ₹2,000 प्रति क्विंटल की दर से गेहूं देने को तैयार है, क्योंकि वहां के किसानों को ₹80 लाख तक की सब्सिडी मिलती है। इसके विपरीत, भारतीय किसानों को अपनी उपज की लागत भी नहीं मिल पा रही है।
दूध उत्पादन के संबंध में करतार सिंह ने बताया कि अमेरिका में गायों को चारे के अलावा मांस और चर्बी खिलाई जाती है, जिससे वे अधिक दूध देती हैं और वहां दूध सस्ता होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका भारतीय कृषि बाजार पर कब्जा करना चाहता है।
करतार सिंह ने आगे कहा कि यदि यह समझौता होता है, तो भारतीय किसान और अधिक मुश्किल में पड़ जाएंगे, क्योंकि उन्हें पहले से ही अपनी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने मक्का और आलू की फसलों की खराब स्थिति तथा गेहूं की बिगड़ती स्थिति का भी जिक्र किया। इसके अतिरिक्त, किसानों को खाद की अनुपलब्धता जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं।
प्रदर्शन में ओमपाल सिंह, राजवीर सिंह रविंद्र सिंह, कमलवीर सिंह, आशीष कुमार, हरद्वारी सिंह, बंटी, राजेंद्र सिंह, राजू पाल, शिशुपाल, भीमसेन, चरण सिंह, मनवीर सिंह, नितिन चौधरी, सचिन चौधरी, रोहित सिंह, दुष्यंत कुमार, अंकित चौधरी, अमित सिंह, सुखबीर सिंह, चिंटू सिंह, चंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.