Shreeom Singh
Date: 28-09-26 11:13
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है. अफगान तालिबान ने दावा किया है कि पाकिस्तान की तरफ से हथियारबंद लड़ाकों के एक समूह ने नूरिस्तान के रास्ते अफगानिस्तान में घुसने की कोशिश की. तालिबान के मुताबिक, उसकी सुरक्षा एजेंसियों को पहले ही इसकी जानकारी मिल गई थी और कामदेश इलाके में लड़ाकों को रोक लिया गया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुई. हालांकि, पाकिस्तान ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है.
अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान की तरफ से कुछ हथियारबंद समूहों को नूरिस्तान के कामदेश जिले की ओर भेजा गया था. अफगान पक्ष का दावा है कि इन लोगों में दाएश से जुड़े लड़ाके और पूर्व अफगान सुरक्षा बलों के सदस्य भी शामिल थे. तालिबान के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने कार्रवाई कर घुसपैठ की कोशिश को रोक दिया.
कितने लड़ाके मारे गए और पकड़े गए?
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने पहले अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की जानकारी दी है. उसके ताजा दावे के मुताबिक, मुठभेड़ में 28 लड़ाके मारे गए और 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया. बाकी लोग पाकिस्तान की तरफ वापस भाग गए. हालांकि, इन आंकड़ों और घटना के पूरे विवरण की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
पाकिस्तान ने आरोपों पर क्या कहा?
पाकिस्तान ने अफगान तालिबान के आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उसके सूचना मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान की सेना या खुफिया एजेंसियों की इस घटना में कोई भूमिका नहीं है. पाकिस्तान ने यह भी कहा कि अफगानिस्तान ने अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं दिया है.
पाकिस्तान-अफगानिस्तान के रिश्ते क्यों बिगड़े?
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से सीमा पार आतंकवाद और लड़ाकों की मौजूदगी को लेकर विवाद बढ़ा है. पाकिस्तान लगातार अफगानिस्तान पर अपनी जमीन से हमले करने वाले समूहों को रोकने का दबाव बनाता रहा है. वहीं तालिबान पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के खिलाफ कार्रवाई और सीमा पार गतिविधियों का आरोप लगाता रहा है. हाल के हवाई हमलों और सीमा पर हुई झड़पों के बाद दोनों देशों के रिश्ते और तनावपूर्ण हो गए हैं.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें