भारत और चीन के बीच रिश्तों में इन दिनों में खूब तल्खी देखी जा रही है. इस बीच नेपाल में स्थित चीनी दूतावास ने अपने लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की है. इसमें उसने चीनी नागरिकों को भारत-नेपाल सीमा के पास जाने से बचने की सलाह दी है. चीनी दूतावास ने कहा कि भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने पर गंभीर कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
चीनी मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दूतावास ने कहा कि भारत और नेपाल ने सीमा क्षेत्रों में गश्त और जांच को काफी तेज़ कर दिया है. इसके बावजूद कुछ चीनी नागरिक चेतावनियों को नजरअंदाज कर भारत-नेपाल सीमा की ओर जा रहे हैं. हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें भारतीय सीमा सुरक्षा बलों ने उन्हें ‘अवैध प्रवेश’ के आरोप में गिरफ्तार किया है.
यह भी पढ़ें- चीन रच रहा अब कौन सी साजिश? अमेरिका की बढ़ गई टेंशन, पेंटागन चीफ ने भारत से कर दी अपील
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की तरफ से कहा गया कि भारत-नेपाल सीमा एक ‘खुली सीमा’ है, जहां बॉर्डर की निशानदेही कम है. यहां से नेपाली और भारतीय नागरिक अपना पहचान पत्र दिखाकर पार कर सकते हैं, लेकिन विदेशी नागरिकों को इस बॉर्डर से वीजा के बिना भारत में प्रवेश की इजाजत नहीं है. ऐसे में अगर कोई चीनी नागरिक भूलकर भी भारत की सीमा पार कर जाता है, तो उसे बड़ी मुश्किल झेलनी पड़ सकती है.
यह भी पढ़ें- शशि थरूर की कूटनीति लाई रंग, 48 घंटे में ही इस देश को पाकिस्तान प्रेम से करना पड़ा तौबा
चीन ने कहा कि भारत में अवैध प्रवेश को लेकर कड़े कानून हैं और यहां तक कि अनजाने में सीमा पार करने पर भी गिरफ्तारी और मुकदमा चल सकता है. इस स्थिति में दोषी व्यक्ति को 2 से 8 साल की जेल और भारी जुर्माना हो सकता है, जिसमें जमानत की कोई संभावना नहीं रहती. दूतावास ने साफ किया है कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तुरंत ही नेपाल में स्थित चीनी दूतावास से संपर्क करें.