भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई की है।
48वीं वाहिनी एसएसबी, जयनगर की ई समवाय अंतर्गत बाह्य सीमा चौकी खौना ने 90 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और अन्य सामान भी बरामद किया गया।
यह कार्रवाई 10 जुलाई को विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर की गई। एसएसबी ने एक विशेष गश्ती दल का गठन कर खौना बीओपी क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी थी।
इसी दौरान दोपहर करीब 3:21 बजे सीमा स्तंभ संख्या 278/15 से लगभग 200 मीटर भारतीय क्षेत्र में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका गया।
तलाशी के दौरान, संदिग्ध के पास से नेपाली निर्मित ‘दिलवाले सोफी’ ब्रांड की 300 बोतल शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 90 लीटर है (प्रत्येक बोतल 300 मिलीलीटर)।
इसके अतिरिक्त, एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल, एक एल्यूमिनियम हांडी और एक मछली पकड़ने का जाल भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान 19 वर्षीय सुभाष कुमार के रूप में हुई है, जो मानसपट्टी गांव, बासोपट्टी थाना, मधुबनी जिले का निवासी है।
उसके पिता का नाम ललन मंडल है। प्रारंभिक पूछताछ में सुभाष ने स्वीकार किया कि वह नेपाल से शराब लाकर भारत में पहुंचा रहा था।
एसएसबी ने बरामद शराब, मोटरसाइकिल और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार अभियुक्त को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बासोपट्टी थाना को सौंप दिया है। शनिवार को इस संबंध में बासोपट्टी थाना में कांड संख्या 233/26 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
48वीं वाहिनी एसएसबी, जयनगर के कमांडेंट ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सीमा क्षेत्र में तस्करी के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी रहेगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.