भास्कर अपडेट्स: केरल के इडुक्की मे स्काई डाइनिंग सेटअप की क्रेन हुई खराब,कई लोग फंसे – Dainik Bhaskar

केरल के इडुक्की जिले के अनाचल में शुक्रवार को एक स्काई डाइनिंग सेटअप (स्काई रेस्टोरेंट) की क्रेन खराब हो गई। इससे स्टाफ के कर्मचारियों समेत वहां लंच कर रहे कई लोग करीब दो घंटों से फंसे हुए हैं। रेस्क्यू टीम एक-एककर लोगों को निकाल रही है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
मणिपुर में म्यांमार सीमा पर असम राइफल्स की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला, चार जवान घायल; सर्च ऑपरेशन जारी
मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमा के पास शुक्रवार सुबह आतंकियों ने असम राइफल्स की 3rd बटालियन की पेट्रोलिंग पार्टी पर घात लगाकर हमला कर दिया। यह हमला तेंगनौपाल जिले के सैबोल गांव के पास बॉर्डर पिलर नंबर-87 के पास हुआ। फायरिंग में चार जवान घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल जवानों को तुरंत एयरलिफ्ट कर लेइमाखोंग के मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया है। अभी सभी जवानों की पहचान जारी नहीं की गई है। यह इलाका म्यांमार सीमा के बिल्कुल पास है और यहां पहले भी कई बार उग्रवादी हमले होते रहे हैं।
हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन बढ़ा दिया है और अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं, ताकि हमलावरों का पता लगाया जा सके।
शिरडी एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ने लगाई दौड़, आचार संहिता के बीच खत्म करनी थी जनसभा
महाराष्ट्र में इन दिनों स्थानीय निकायों के चुनाव का लिए प्रचार का दौर चल रहा है। इसी बीच महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें शिंदे दौड़ लगाते नजर आ रहे हैं। दरअसल, शिंदे की गुरुवार की शाम संगमनेर में एक जनसभा थी।
लेकिन, जब वे शिरडी एयरपोर्ट पर पहुंचे तो संगमनेर की जनसभा में पहुंचने के लिए पांच मिनट ही बचे थे। इसके चलते उन्होंने एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही दौड़ लगा दी। उनके साथ कार्यकर्ता, पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी भी दौड़ते नजर आए।
2 दिसंबर को वोटिंग, 3 को मतगणना महाराष्ट्र में स्थानीय निकायों के चुनाव की तारीख तय हो गई है। 246 नगर परिषदें और 42 नगर पंचायतों के लिए 2 दिसंबर को मतदान होगा और 3 दिसंबर को नतीजे आएंगे। राज्य चुनाव आयोग ने इसकी घोषणा कर दी है। नामांकन प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू होगी। यह चुनाव जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करेगा। आयोग ने निष्पक्ष चुनाव कराने की पूरी तैयारी कर ली है।
आंध्र प्रदेश में तिरुपति मंदिर के प्रसाद में मिलावट मामले में TTD का अधिकारी गिरफ्तार, उस पर घी खरीदने की जिम्मेदारी थी
आंध्र प्रदेश के तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के प्रसाद में मिलावट मामले में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने गुरुवार को TTD इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है। अधिकारी की पहचान आरएसएसवीआर सुब्रह्मण्यम के रूप में हुई है।
SIT ने बताया कि सुब्रह्मण्यम ने TTD में जनरल मैनेजर के तौर पर काम किया था। वह प्रसाद के लिए लड्डू तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले घी सहित अन्य सामग्रियों की खरीद के लिए जिम्मेदार था। SIT ने CBI की निगरानी में सुब्रह्मण्यम के खिलाफ कार्रवाई की है।
साल 2022 में तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसादम में इस्तेमाल होने वाले घी में मिलावट की कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद SIT ने जांच की थी। SIT ने 6 दिन पहले, 22 नवंबर को बताया कि TTD ट्रस्ट बोर्ड के चेयरमैन बीआर नायडू ने कबूला है कि साल 2019 से 2024 के बीच 48.76 करोड़ लड्डू बनाए गए। इनमें 20 करोड़ लड्डू मिलावटी घी से बनाए गए थे।
अहमदाबाद जा रहा एअर इंडिया का प्लेन दिल्ली लौटा, धुआं दिखने की खबर झूठी निकली, 170 यात्री सवार थे
अहमदाबाद जा रहा एयर इंडिया का एक प्लेन गुरुवार शाम को कार्गो होल्ड एरिया में धुएं के शक के चलते दिल्ली एयरपोर्ट लौट आया। हालांकि जांच के दौरान धुआं नहीं मिला। दिल्ली-अहमदाबाद फ्लाइट AI2939, जो एयरबस A320 एयरक्राफ्ट से ऑपरेट हो रही थी, इसमें करीब 170 लोग सवार थे।
एयरक्राफ्ट टेक ऑफ के तुरंत बाद धुएं की खबर के चलते दिल्ली लौट आया, जो बाद में गलत निकली। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के बाद, एयरक्राफ्ट दिल्ली में लैंड हुआ और पैसेंजर और क्रू को सुरक्षित उतार लिया गया। बाद में पैसेंजर को दूसरे एयरक्राफ्ट से अहमदाबाद ले जाया गया।
मणिपुर के इम्फाल में 4 उग्रवादी समेत 5 गिरफ्तार, दो हैंड ग्रेनेड बरामद
सुरक्षा बलों ने गुरुवार को मणिपुर के इम्फाल से 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार आरोपी प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े सक्रिय उग्रवादी हैं, जो जबरन वसूली और भर्ती जैसे गतिविधियों में शामिल थे।
पुलिस के अनुसार इंफाल ईस्ट जिले से कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (PWG) के तीन सक्रिय कैडर पकड़े गए। ये पेट्रोल पंप, निजी स्कूलों और सरकारी कॉलेजों से वसूली करते थे। वहीं इंफाल वेस्ट जिले में एक अन्य उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया, जो प्रतिबंधित संगठन के लिए युवाओं की भर्ती करता था।
इसके अलावा, गुरुवार को इंफाल ईस्ट के कोंथा अहलुप क्षेत्र से एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसके पास से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। पुलिस सभी मामलों में आगे की जांच कर रही है।
ओडिशा सरकार ने नक्सलवाद खत्म करने के लिए सरेंडर पैकेज में बड़ा बदलाव किया, आर्थिक सहायता और रोजगार के अवसर देंगे।
ओडिशा सरकार ने नक्सलवाद खत्म करने के लिए सरेंडर पैकेज में बड़ा सुधार किया है। नई नीति के तहत सरेंडर करने वाले नक्सलियों को बढ़ी हुई आर्थिक सहायता, हथियार जमा करने पर इनाम और रोजगार के अवसर मिलेंगे। ओडिशा के गृह विभाग के अनुसार, इस नीति का उद्देश्य नक्सलियों को हिंसा से दूर रखते हुए उन्हें मुख्यधारा में लौटने के अवसर देना है।
सरेंडर करने वाले कैडरों को दो कैटेगरी में बांटा गया है कैटेगरी A को 5 लाख रुपए और कैटेगरी B को 2.5 लाख रुपए की सहायता मिलेगी। AK-47, LMG या अन्य कार्यशील हथियार जमा करने पर करीब 4.95 लाख रुपए मिलेंगे। जिन पर 5 लाख या उससे अधिक का इनाम है, उन्हें अतिरिक्त 10 लाख रुपए भी दिए जाएंगे, जो तीन साल बाद उनके संतोषजनक व्यवहार पर जारी किए जाएंगे।
आंध्र प्रदेश: अनंतपुर में संदिग्ध हालात में मां और 3 साल के बच्चे की मौत, पुलिस जांच में जुटी
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में गुरुवार को एक महिला और उसके तीन साल के बेटे का शव एक घर से बरामद हुए। दोनों की गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम महिला के पति रवि ने सूचना दी कि उसकी पत्नी अमूल्या (30) दरवाजा नहीं खोल रही है। पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ोसियों की मदद से गेट तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर अमूल्या और उसका छोटा बेटा मृत पाए गए।
पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ी हत्या है या संदिग्ध आत्महत्या। अधिकारियों ने बताया कि महिला के पति रवि से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News