भास्कर अपडेट्स: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी – Dainik Bhaskar

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल में शनिवार दोपहर को गोली चलने की आवाज सुनाई दी थीं। जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों की टीमें मौके पर पहुंची। लोगों ने बताया कि खलील इलाके में गोलियों की आवाज सुनाई दी। इसके बाद से सुरक्षाबल पूरे इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
जम्मू-कश्मीर के डोडा में कार चेनाब नदी में गिरी, 1 महिला की मौत
जम्मू-कश्मीर के डोडा में एक कार शनिवार सुबह चेनाब नदी में गिरी। इसमें 1 महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि जम्मू के चरिया गांव से आ रही कार शिवा ब्रिज से नीचे गिर गई। इसमें 3 लोग शामिल थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान 1 महिला का शव मिला। 2 लोग अब भी लापता हैं।
भारत-सिंगापुर का संयुक्त सैन्य अभ्यास, महाराष्ट्र में 296 जवान शामिल हुए
महाराष्ट्र के देवलाली में भारत और सिंगापुर का संयुक्त सैन्य अभ्यास अग्नि वारियर का 13वां वर्जन शनिवार को खत्म हुआ। यह 28 नवंबर से शुरू हुआ था। इसमें सिंगापुर आर्मी के 182 और इंडियन आर्मी के 114 जवान शामिल हुए थे। इसमें फील्ड फायरिंग रेंज का अभ्यास सबसे ज्यादा किया गया।
बाबा सिद्दीकी मर्डर केस के सभी आरोपियों पर मकोका लगा, अब तक 26 गिरफ्तार
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में गिरफ्तार हुए सभी 26 आरोपियों पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) लगाया गया है। मकोका महाराष्ट्र सरकार ने 1999 में बनाया था। इसका मुख्य मकसद संगठित और अंडरवर्ल्ड अपराध को खत्म करना था।
12 अक्टूबर की रात को बाबा सिद्दीकी की उनके बेटे जीशान के ऑफिस के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस गैंग ने ली है। गैंग ने बाबा के मर्डर का कारण बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को बताया था।
वाराणसी कैंट स्टेशन पर आग, 200 गाड़ियां जलीं; पार्किंग में 90 मिनट तक बाइक की टंकियां फटती रहीं
वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन की पार्किंग में भीषण आग लग गई। पार्किंग में खड़े 200 वाहन जल गए। 90 मिनट तक बाइक की टंकिया फटती रहीं। सूचना पर फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तड़के 3 बजे आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों ने शॉर्ट सर्किट से हादसा होने की आशंका जताई है। पढ़ें पूरी खबर…
मणिपुर में 4 उग्रवादी गिरफ्तार; अवैध रूप से हथियार रखने और जबरन वसूली का आरोप
मणिपुर में दो प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को हथियार रखने और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कंगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) संगठन से जुड़े तीन उग्रवादियों को हथियार रखने और लोगों से जबरन वसूली करने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।
उनकी पहचान इंफाल पश्चिम जिले के रहने वाले चोंगथम श्यामचंद्र सिंह (23) और इंफाल पूर्वी जिले के रहने वाले माईबाम सूरज खान (32) और बोघिमायम साहिद खान (30) के रूप में हुई है।
एक दूसरे ऑपरेशन में प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (निंगोन माचा समूह) से जुड़े एक उग्रवादी को गुरुवार को अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
इसकी पहचान संगोमशम्फम वारिश (25) के रूप में हुई है, जो थौबल जिले के लिलोंग हाओरू का रहने वाला है। उसके पास से एक .32 पिस्तौल और गोला-बारूद जब्त किया गया है।
नाइजीरिया में नाव पलटी, 27 की मौत 100 से ज्यादा लापता; 200 लोगों को लेकर फूड मार्केट जा रही थी
नाइजीरिया के उत्तर में नाइजर नदी पर शुक्रवार को एक नाव हादसे में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई। 100 से ज्यादा लोग लापता हैं। इनमें ज्यादातर महिलाएं हैं। नाव कोगी राज्य से एक फूड मार्केट जा रही थी, इसी दौरान पलट गई। इस पर करीब 200 लोग सवार थे। इमरजेंसी सर्विस एजेंसी की प्रवक्ता सैंड्रा मूसा ने कहा कि गोताखोर लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है, लेकिन माना जा रहा है कि ओवरलोडिंग की वजह से ऐसा हुआ।
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भूकंप का झटका, रेक्टर स्केल पर 2.9 की तीव्रता
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात भूकंप महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने बताया कि शनिवार को सुबह करीब 2:40 बजे भूकंप का झटका दर्ज किया गया और इसका केंद्र कार्बी आंगलोंग में 25 किमी की गहराई पर था। रेक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.9 दर्ज की गई।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News