भास्कर अपडेट्स: दिल्ली के रोहिणी में पांच मंजिला बिल्डिंग में आग लगी, 4 की मौत, 3 घायल – Dainik Bhaskar

दिल्ली के रोहिणी में पांच मंजिला बिल्डिंग में आग लगने से 4 की मौत हो गई है। 3 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम रोहिणी सेक्टर-5 इलाके में करीब 7.30 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड की 16 गाड़ियां भेजी गईं। चार जले हुए शव बरामद हुए हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
उपराष्ट्रपति धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, कुमाऊं यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में शामिल होने नैनीताल पहुंचे थे
उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़ की बुधवार को उत्तराखंड के नैनीताल में अचानक तबीयत बिगड़ गई। वे कुमाऊं यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उन्हें तुरंत नैनीताल राजभवन ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उनका चेकअप किया। फिलहाल उनका स्वास्थ्य ठीक बताया जा रहा है।
धनखड़ कुमाऊं यूनिवर्सिटी के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद जैसे ही सभागार से बाहर निकल रहे थे, तभी उनके सीने में अचानक दर्द उठा। उनके साथ मौजूद पूर्व सांसद महेंद्र पाल और उपराष्ट्रपति के सुरक्षाकर्मी ने उन्हें संभाला। पूरी खबर पढ़ें…
हाई कोर्ट ने उत्तराखंड में पंचायत चुनाव स्थगित करने का फैसला बरकरार रखा, अगली सुनवाई गुरुवार को होगी
हाई कोर्ट ने बुधवार को उत्तराखंड में पंचायत चुनावों को स्थगित करने के फैसले को बरकरार रखा है। मामले में अगली सुनवाई गुरुवार को होगी।
दरअसल, राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया था। राज्य सरकार द्वारा आरक्षण से संबंधित नोटिफिकेशन जारी न होने पर नैनीताल हाई कोर्ट ने पंचायत चुनावों पर रोक लगाई थी।
100 करोड़ रुपए की ठगी के मामले में ED की महाराष्ट्र और गुजरात में छापेमारी
इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने बुधवार को 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की साइबर ठगी से जुड़े मामले में महाराष्ट्र और गुजरात के कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई आम जनता से धोखाधड़ी के मामलों के सिलसिले में की गई है।
ED का अहमदाबाद जोनल ऑफिस सुबह से ही जांच में जुटा है। यह छापेमारी मुंबई, सूरत और अहमदाबाद में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत चल रही है।
यह मामला गुजरात पुलिस की तरफ से दर्ज FIR के आधार पर शुरू किया गया, जिसमें मकबूल डॉक्टर, काशिफ डॉक्टर, बासम डॉक्टर, महेश माफतलाल देसाई, माज अब्दुल रहीम नाडा और उनके अन्य सहयोगियों के नाम शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी लोगों ने फेक USDT ट्रेडिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कानून एजेंसियों के नोटिस भेजकर धमकी देना और क्रिप्टोकरेंसी में पैसे बदलकर हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजना जैसी तरकीबों से आम जनता से 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी की है।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में केरी सेक्टर में घुसपैठ नाकाम; एक आतंकी के मारे जाने की खबर, एक घायल
जम्मू-कश्मीर के राजौरी के केरी सेक्टर में एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया और दूसरे को घायल कर दिया। पाकिस्तानी आतंकवादियों की भारत में घुसपैठ की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया गया। दिन में पहले ही CASO शुरू हो गया था। तलाशी अभियान जारी है। हालांकि सेना ने अभी तक आतंकवादी के मारे जाने की पुष्टि नहीं की है।
चिप लगे ई-पासपोर्ट पूरे देश में शुरू, यात्रा होगी आसान
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को पासपोर्ट सेवा प्रोग्राम (पीएसपी) 2.0 की शुरुआत के साथ पूरे देश में ई-पासपोर्ट लागू करने की घोषणा की। चिप लगे ई-पासपोर्ट से इमिग्रेशन प्रक्रिया तेज होगी। उन्होंने कहा, ग्लोबल पीएसपी 2.0 का पायलट टेस्ट शुरू हो चुका है। इसे दूतावासों में लागू किया जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News