भास्कर अपडेट्स: पूर्व केंद्रीय मंत्री की बेटी की किडनैपिंग केस में एक और गिरफ्तारी, 36 साल पुराना है मामला – Dainik Bhaskar

1989 में तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी रूबिया सईद किडनैपिंग केस में सीबीआई ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। 36 साल पुराने किडनैपिंग केस में गिरफ्तार शख्स कश्मीर के इशबर निशात इलाके का रहने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी 8 दिसंबर 1989 को JKLF आतंकियों की किडनैपिंग की साजिश में शामिल था।
रूबिया सईद को आतंकियों ने श्रीनगर में अगवा किया था। पांच दिनों बाद तत्कालीन वी.पी. सिंह की सरकार ने आतंकी संगठन के 5 आतंकियों को रिहा करने की शर्त मानकर रूबिया की सुरक्षित वापसी कराई थी। ​​​​​​वर्तमान में ​रूबिया तमिलनाडु में रहती हैं। सीबीआई 1990 के दशक से मामले की जांच कर रही है। इस केस के मुख्य आरोपियों में शामिल यासीन मलिक वर्तमान में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
अल-फलाह ग्रुप के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी को 14 दिन की ED की कस्टडी
अल-फलाह ग्रुप के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी को सोमवार को दिल्ली की साकेत डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा। सिद्दीकी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ₹400 करोड़ से अधिक के मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया है। हालांकि सुनवाई के दौरान स्पेशल पब्लिक प्रॉसीक्यूटर साइमन बेंजामिन ने कहा था कि जांच में मनी लॉन्ड्रिंग, कई व्यक्तियों की भूमिका और क्रॉस-बॉर्डर एंगल सामने आया है। इसलिए सिद्दीकी को जेल भेजना जरूरी है।
ऑपरेशन सागरबंधु: भारतीय वायुसेना ने श्रीलंका में फंसे और 57 लोगों को एयरलिफ्ट किया
भारत ने ‘ऑपरेशन सागरबंधु’ के तहत श्रीलंका में तूफान ‘दित्वाह’ से बने हालात के बीच राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। इस दौरान भारतीय वायुसेना ने श्रीलंकाई अधिकारियों के साथ मिलकर भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों से और 57 लोगों को सुरक्षित निकाला।
भारतीय वायुसेना के आईएफसी 1875 हेलीकॉप्टर ने 45 फंसे हुए लोगों को एयरलिफ्ट किया। हेलीकॉप्टर ने आज सुबह इरुंगुवाट्टा से मटाले तक 10 बच्चों सहित 57 फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला। इसने आज केगाले में 2.5 टन राशन भी पहुंचाया।
तमिलनाडु में पत्नी की हत्या के बाद शव के साथ सेल्फी ली, व्हाट्सएप पर पोस्ट किया
तमिलनाडु में एक 32 साल के व्यक्ति ने महिला हॉस्टल में अपनी अलग रह रही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। फिर उसके शव के साथ सेल्फी लेकर व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाकर पोस्ट कर दिया। पुलिस नेसोमवार को बताया कि घटना रविवार दोपहर की है।
पुलिस ने बताया कि 28 साल की महिला कोयंबटूर की एक निजी कंपनी में काम करती थी और अपने पति से अलग होने के बाद एक निजी महिला हॉस्टल में रह रही थी। रविवार दोपहर में उसका पति उससे मिलने के बहाने हॉस्टल आया। दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद पति ने दरांती से पत्नी की हत्या कर दी।
बाद में उसने उसकी लाश के साथ अपनी एक सेल्फी ली और उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड कर दिया। पुलिस के आने तक आरोपी पति हॉस्टल में ही रहा। बाद में उसे हिरासत में ले लिया गया। पति ने दावा किया कि पत्नी ने उसे धोखा दिया था।
केरल CM पिनाराई को मसाला बॉन्ड मामले में ED ने कारण बताओ नोटिस भेजा
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने KIIFB मसाला बॉन्ड मामले में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, पूर्व वित्त मंत्री थॉमस इसाक और मुख्यमंत्री के चीफ प्रिंसिपल सेक्रेट्ररी के एम अब्राहम को 466 करोड़ रुपए का विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि यह नोटिस लगभग 10-12 दिन पहले जारी किया गया था। इसमें व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए नहीं कहा गया है।
कश्मीर में 8 ठिकानों पर NIA की रेड, दिल्ली ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार मौलवी इरफान और डॉ.आदिल के घर पर तलाशी जारी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोमवार को कश्मीर में लगभग 8 ठिकानों पर दिल्ली आतंकी ब्लास्ट में शामिल व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल के मामले में छापा मारा है। NIA की कार्रवाई पुलवामा, शोपियां और कुलगाम जिलों में हो रही है।
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी ने शोपियां में मौलवी इरफान अहमद वागे के घर पर छापेमारी की है। इरफान टेरर मॉड्यूल में आतंकियों की भर्ती का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे अक्टूबर में गिरफ्तार किया था। NIA ने दिल्ली कार ब्लास्ट के बाद उसे अपनी हिरासत में लिया था।
NIA की टीम पुलवामा जिले के कोइल, चंदगाम, मलंगपोरा और संबूरा इलाकों में भी तलाशी ले रही है। एजेंसी ने डॉ. आदील अहमद राठेर के आवास की भी तलाशी ली, जिसे नवंबर में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था।
दिल्ली कार ब्लास्ट में NIA ने मौलवी इरफान, डॉ. आदील समेत 7 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया है। इनमें 5 लोग जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग जिलों से हैं। धमाके में खुद को उड़ाने वाले आतंकी डॉ. उमर नबी भी जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला था। वह फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर था।
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने तीन मिलिटेंट और चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया , 57 लाख नकद भी बरामद किए
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने तीन अलग-अलग प्रतिबंधित संगठन के मिलिटेंट समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को कामजोंग जिले के फाइकोह चौकी पर रूटीन जांच में चार लोगों को 57 लाख रुपए नकद के साथ पकड़ा गया।
सुरक्षा बलों ने रविवार को इम्फाल वेस्ट जिले में PREPAK (PRO) का सक्रिय सदस्य और दो PLA के सक्रिय सदस्य को इम्फाल ईस्ट व थौबाल जिले से गिरफ्तार किया। ये लोग कथित रूप से डॉक्टरों, स्कूल, बेकरी, जिम और आम जनता से उगाही में शामिल थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच जारी है।
भारत में A320 विमानों का सॉफ्टवेयर अपडेट पूरा हुआ; एअर इंडिया के 9 विमानों में अपडेशन की जरूरत नहीं पड़ी
विमान नियामक डीजीसीए ने बताया कि भारत में A320 विमानों के सॉफ्टवेयर के अपडेट का काम पूरा हो गया है। भारत में इंडिगो, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के पास ऐसे कुल 338 विमान चिह्नित किए गए थे। 323 इस्तेमाल किए जा रहे हैं, 6 का रखरखाव चल रहा है। एअर इंडिया के 9 विमानों में सॉफ्टवेयर अपडेट की जरूरत नहीं पड़ी।
पूर्वोत्तर के रेलवे ब्रिज की सेफ्टी के लिए पानी में रोबोटिक गार्ड तैनात
पूर्वोत्तर भारत के रेल पुलों की सुरक्षा के लिए एनएफ रेलवे ने पहली बार अंडरवाटर रोबोटिक व्हीकल (आरओवी) तैनात किए हैं, जो नदी के तल तक जाकर पुलों की नींव, पायों और संरचना की गहराई से जांच कर रहे हैं। इसकी शुरुआत सराईघाट रेल-सह-सड़क पुल से हुई, जहां रोबोटों ने ब्रह्मपुत्र के नीचे हाई-रेजोल्यूशन इमेजिंग, 3डी मैपिंग और संरचनात्मक मजबूती का विश्लेषण किया।
ये आरओवी लाइडर से 3डी मॉडल, थर्मल इमेजिंग, जीपीआर से मिट्टी-चट्टान जांच और यूपीवी से कंक्रीट की मजबूती मापते हैं। अब तक 13 पुल सुरक्षित पाए गए और 2025-26 में 34 पुलों की जांच का लक्ष्य है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News