मथुरा शहर में बच्चों और युवाओं को भारतीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से पांच दिवसीय ‘कथा रंग’ कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला चमेली देवी खंडेलवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज में 5 से 9 मई तक चलेगी। पेट्रोनेट एलएनजी की सीएसआर पहल के तहत साईं शिंजिनी अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड कल्चर इसका आयोजन कर रही है। इसमें सात वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय पारंपरिक कलाओं की बारीकियों से परिचित कराना है। देश के प्रतिष्ठित कलाकार बच्चों और युवाओं को उच्च स्तरीय कला शिक्षा प्रदान करेंगे। कथक नृत्य का प्रशिक्षण पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज की नातिन शिंजिनी कुलकर्णी देंगी, जो प्रतिभागियों को नृत्य के तकनीकी और भावात्मक पहलुओं से अवगत कराएंगी।
चित्रकला के क्षेत्र में प्रसिद्ध कलाकार संजीव गोगोई बच्चों को रंगों और रचनात्मकता की बारीकियां सिखाएंगे। वहीं, शास्त्रीय संगीत के लिए जुबैर हुसैन प्रतिभागियों को स्वर और लय का प्रशिक्षण देंगे। अकादमी की अध्यक्ष अनीता कुलकर्णी और चित्रकार संजीव गोगोई ने बताया कि यह कार्यशाला पूरी तरह निशुल्क है, जिससे अधिक से अधिक बच्चे और युवा इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखार सकें।
कार्यशाला का समापन 10 मई को डेंपियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में होगा। इस अवसर पर प्रतिभागी अपनी सीखी हुई कलाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे और उन्हें प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे। आयोजकों का मानना है कि ऐसी पहल से बच्चों में भारतीय कला के प्रति रुचि बढ़ेगी और उनकी रचनात्मक क्षमताओं का विकास होगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.