पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अब पूर्व सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ केस करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि बनर्जी ने चुनावी हलफनामे में से जानकारियां छिपाई हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि किस तरह की जानकारी पर सवाल उठा रहे हैं। मई में घोषित विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है।
शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। शुभेंदु ने यह भी कहा कि आपत्तियां उठाए जाने के बावजूद ममता का नामांकन पत्र स्वीकार करने वाले निर्वाचन अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं। नामांकन पत्र की जांच के दौरान कई उम्मीदवारों ने इस संबंध में आपत्तियां उठाई थीं। इसके बावजूद संबंधित निर्वाचन अधिकारी ने उन आपत्तियों को खारिज कर दिया और उनका नामांकन मंजूर कर लिया। जांच के दौरान विसंगतियों पर ध्यान नहीं दिया गया।’
पूर्वी मेदिनीपुर जिले के गोकुलनगर में 2007 के नंदीग्राम आंदोलन में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू करने पर विचार कर रहा हूं। ऐसी चीजों की अनुमति नहीं दी जा सकती।’
उन्होंने कहा कि चुनावी हलफनामे में जानकारी छिपाने वाले उम्मीदवारों के खिलाफ कई न्यायिक फैसले हैं और वह अदालत का रुख कर ममता बनर्जी का नामांकन रद्द करने की अपील करेंगे।
सीएम अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि वाम मोर्चा शासन के दौरान नंदीग्राम में हुए कथित अत्याचारों से जुड़े मामलों को उनकी सरकार फिर से खोलेगी। उन्होंने सीपीएम के पूर्व नेताओं के खिलाफ नई प्राथमिकी दर्ज करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार में जांच हुई थी, लेकिन जिम्मेदारों को सजा नहीं मिल पाई थी।
इस दौरान उन्होंने खासतौर से गोघाट के अभय घोष, तलडांगरा के मनोरंजन पात्रा, गारबेटा के तपन घोष और खेजूरी के हिमांशु दास समेत कई नाम लिए। उन्होंने कहा, ‘सीआईडी ने जांच की, लेकिन कोई मुकदमा नहीं चला। मैंने कहा है कि इसके लिए जिम्मेदार रहे लोगों के खिलाफ नई प्राथमिकियां दर्ज की जाएंगी और मामले फिर से खोले जाएंगे।’
नंदीग्राम आंदोलन ने उस राजनीतिक लामबंदी में अहम भूमिका निभाई, जिसके चलते 2011 में राज्य में वामपंथियों का शासन खत्म हुआ और ममता बनर्जी सत्ता में आईं। नंदीग्राम पूर्वी मेदिनीपुर जिले में स्थित है।
नवंबर 2007 की हिंसा को याद करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि 11 लोगों का अपहरण कर लिया गया था। उन्होंने कहा कि उनके हाथ पीछे बांध दिए गए और उन्हें बराताला इलाके के एक ग्राम पंचायत कार्यालय में रखा गया। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद उन्हें कमारदा ले जाया गया, जहां माकपा के एक कार्यालय में उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि बाद में उनके शवों को बोरियों में भरकर समुद्र में फेंक दिया गया था।
(एजेंसी भाषा इनपुट के साथ)
निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play