महाराष्ट्र के पालघर में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर हुए एक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया है.
रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह
इमेज स्रोत, Jitu Patil
महाराष्ट्र के पालघर में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर हुए एक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया है.
उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का एलान किया है.
सीएम फडणवीस ने इस हादसे की जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा, "मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पालघर के दहानू में टेंपो और कंटेनर की टक्कर में 13 लोगों की मौत बेहद दुखद है."
उन्होंने बताया, "इस घटना में क़रीब 20 लोग घायल हुए हैं. उन्हें कासा के उप-जिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है."
उन्होंने कहा, "मैं लगातार ज़िला प्रशासन के संपर्क में हूं. पुलिस अधीक्षक ख़ुद घटनास्थल पर मौजूद थे. वहां राहत और बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हों."
बीबीसी न्यूज़ मराठी के मुताबिक़, हादसे में मारे गए लोग एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे.
बीबीसी मराठी से बात करते हुए पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि यह घटना सोमवार (18 मई) दोपहर 3.30 से 4 बजे के बीच घटी.
इमेज स्रोत, ANI
वीडी सतीशन के नेतृत्व वाली केरल की नई सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में आशा कार्यकर्ताओं की सैलरी बढ़ाने का फ़ैसला लिया है. मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने इसकी जानकारी दी.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "यूडीएफ़ सरकार ने अपने वादों पर काम शुरू कर दिया है. हमारी पहली ही कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में तीन हज़ार रुपये की बढ़ोतरी को मंज़ूरी दी गई और बुज़ुर्गों के कल्याण के लिए अलग विभाग बनाया गया."
उन्होंने कहा, "आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोई कर्मचारियों, प्री-प्राइमरी शिक्षकों और आया के मानदेय में बढ़ोतरी को भी मंज़ूरी दी गई है. महिलाओं के लिए केएसआरटीसी (केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की बसों) में मुफ़्त यात्रा की सुविधा 15 जून से लागू होगी."
वीडी सतीशन ने आज ही केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है.
इमेज स्रोत, Fredrik Varfjell / NTB / AFP via Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्वे में कहा कि भारत मध्य-पूर्व और यूक्रेन में संघर्ष की समाप्ति और शांति के हर प्रयास का समर्थन करता है. उन्होंने कहा कि सैन्य संघर्ष से किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं निकल सकता.
पीएम मोदी ने ये बातें नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनस गार स्टोरे के साथ संयुक्त प्रेस मीट में कहीं.
उन्होंने कहा, "भारत और नॉर्वे दोनों नियमों पर आधारित ऑर्डर, संवाद और कूटनीति पर भरोसा रखते हैं. हम एकमत हैं कि सैन्य संघर्ष से किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं निकल सकता. यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्ष की जल्द से जल्द समाप्ति और शांति के हर प्रयास का समर्थन करते हैं."
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हम इस बात पर भी एकमत हैं कि बढ़ती हुई वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए वैश्विक संस्थाओं का रिफ़ॉर्म अनिवार्य है और आतंकवाद के हर रूप को जड़ से समाप्त करना हमारी साझी प्रतिबद्धता है."
पीएम मोदी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड्स और स्वीडन के बाद अब नॉर्वे के दौरे पर हैं.
इमेज स्रोत, Global Sumud Flotilla/Handout via Reuters
फ़लस्तीन समर्थक एक्टिविस्टों का कहना है कि इसराइली सेना साइप्रस के पश्चिम में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में ग़ज़ा के लिए मदद लेकर जा रहे 50 से ज़्यादा नावों के बेड़े को रोक रही है.
ग्लोबल सुमूद फ़्लोटिला (जीएसएफ़) ने कहा कि इसराइली सैनिक उसकी नावों पर चढ़े और इसे ग़ैरक़ानूनी समुद्री लूट की कार्रवाई बताया है.
उसका कहना है कि यह घटना ग़ज़ा से लगभग 250 नॉटिकल मील (460 किलोमीटर) दूर हुई, जहां इसराइल ने समुद्री नाकाबंदी लगा रखी है.
संगठन की वीडियो स्ट्रीम में हथियारबंद कमांडो कई नावों पर चढ़ते दिखाई दिए.
इसराइल की ओर से अब तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं आई. इससे पहले इसराइली विदेश मंत्रालय ने इस फ़्लोटिला को "उकसावे के लिए उठाया गया क़दम" बताया था और कहा था कि इसमें "तुर्की के दो हिंसक समूह" शामिल हैं.
पिछले महीने इसराइली बलों ने इसी फ़्लोटिला की 22 नावों को ग्रीस के क्रीट के पास रोक लिया था.
उस घटना में नावों पर मौजूद लगभग 175 एक्टिविस्टों को हिरासत में लिया गया था. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक आलोचना के बाद इनमें से दो लोगों को छोड़कर बाकी सभी को अगले दिन रिहा कर दिया गया था.
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हुए ड्रोन हमले की निंदा की है.
ओआईसी के महासचिवालय ने एक बयान में कहा कि नागरिक प्रतिष्ठानों और अहम बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय क़ानून का खुला उल्लंघन है.
इसके साथ ही ओआईसी ने यूएई के साथ एकजुटता दिखाते हुए सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए यूएई की ओर से उठाए गए सभी क़दमों का समर्थन किया.
अबु धाबी स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट को रविवार, 17 मई को निशाना बनाया गया था. ड्रोन हमले की वजह से इस पावर प्लांट के नज़दीक एक बिजली जनरेटर में आग लग गई थी, जिस पर बाद में काबू पा लिया गया.
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह हमला किसने किया. भारत ने भी पावर प्लांट को निशाना बनाए जाने की निंदा की है.
संबंधित ख़बर: यूएई के बराकाह न्यूक्लियर प्लांट पर हमले की भारत ने की निंदा, कितना अहम है ये प्लांट
इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार धार्मिक नारों की आड़ में 'गुंडागर्दी' के ख़िलाफ़ 'ज़ीरो टॉलरेंस' नीति अपनाएगी.
अधिकारी ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुक़सान पहुंचाने वालों के ख़िलाफ़ राज्य सरकार सख़्त क़ानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी.
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी कोलकाता के पार्क सर्कस इलाक़े में पुलिस पर पत्थरबाज़ी की घटना के एक दिन बाद आई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कथित अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे बुलडोज़र अभियान का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया था. इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में पत्थरबाज़ी की घटना को 'सुनियोजित' बताया. उन्होंने कहा इस घटना से पहले 'उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट किया था'.
उन्होंने कहा, "पुलिस कर्मी घायल होंगे और पुलिस (गृह) मंत्री एसी रूम में बैठकर देखते रहेंगे, ऐसे दिन भूल जाइए. अब बंगाल में गुंडागर्दी ख़त्म, ज़ीरो टॉलरेंस. उपद्रवियों को ये संदेश चला जाना चाहिए कि यह सरकार कार्रवाई करेगी."
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "पत्थरबाज़ी करना और धार्मिक नारों के साथ गुंडागर्दी करना, ये बंगाल में नहीं होगा."
संबंधित ख़बर: पश्चिम बंगाल: कोलकाता में पुलिस पर पत्थरबाज़ी
इमेज स्रोत, Aniruddha Chowhdury/Mint via Getty Images
केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) ने सोमवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई सूचना का अधिकार क़ानून (आरटीआई एक्ट) के तहत "पब्लिक अथॉरिटी" नहीं है.
आयोग का कहना है बीसीसीआई न तो सरकार के स्वामित्व में है, न उसके नियंत्रण में है और न ही इसे सरकार से बड़े स्तर पर वित्तीय मदद मिलती है.
आयोग ने उस अपील को ख़ारिज कर दिया जिसमें यह जानकारी मांगी गई थी कि बीसीसीआई किन प्रावधानों और अधिकारों के तहत भारत का प्रतिनिधित्व करता है और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों का चयन करता है.
यह आरटीआई साल 2017 में गीता रानी ने दायर की थी. इसमें यह भी सवाल पूछा गया था कि केंद्र और राज्य की सरकारें किस अधिकार के तहत बीसीसीआई को टूर्नामेंट के आयोजन के लिए नेशनल स्टेडियम, पुलिस वगैरह मुहैया कराती हैं.
सीआईसी ने कहा कि बीसीसीआई तमिलनाडु सोसाइटीज़ रजिस्ट्रेशन एक्ट के तहत पंजीकृत एक निजी स्वायत्त संस्था है और इसकी स्थापना संविधान, संसद, राज्य विधानसभा या किसी सरकारी अधिसूचना के ज़रिए नहीं हुई है.
सूचना आयुक्त पी आर रमेश ने अपने आदेश में कहा, "बीसीसीआई को आरटीआई एक्ट की धारा 2(एच) के तहत 'पब्लिक अथॉरिटी' नहीं माना जा सकता और इस क़ानून के प्रावधान इस पर लागू नहीं होते."
इमेज स्रोत, ANI
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में 'सड़कों पर नमाज़ पढ़ने' को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जगह की कमी होने पर सड़कों पर नमाज़ पढ़ने की बजाय 'शिफ़्ट में नमाज़ पढ़ें'.
उन्होंने कहा कि अगर लोग 'प्यार से मानेंगे तो ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे'.
योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में कहा, "लोग मुझसे पूछते हैं कि आपके यहां यूपी में क्या सड़कों पर सचमुच नमाज़ नहीं होती? मैं कहता हूं कतई नहीं होती. आप जाकर देख लो."
उन्होंने कहा, "सड़कें चलने के लिए हैं या कोई भी व्यक्ति चौराहे पर आकर तमाशा बना देगा? उसको सड़क रोकने का क्या अधिकार है? आवागमन बाधित करने का कौन-सा अधिकार है? जहां उसका (नमाज़ का) स्थल होगा, वहां जाकर करे."
मुख्यमंत्री ने 'जनसंख्या' को लेकर भी टिप्पणी की है.
उन्होंने कहा, "उन लोगों ने मुझसे कहा, साहब कैसे होगा? हमारी जनसंख्या ज़्यादा है. मैंने कहा, शिफ़्ट में कर लो. तुम्हारे घर में रहने की जगह नहीं है, तो संख्या नियंत्रित कर लो. और अगर सामर्थ्य नहीं है तो क्यों संख्या बढ़ाए जा रहे हो?"
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 'अगर सिस्टम के साथ रहना है' तो नियम और क़ानून को मानना होगा.
योगी आदित्यनाथ ने कहा, "नमाज़ पढ़नी आवश्यक है तो आप शिफ़्ट में पढ़िए. हम उसको रोकेंगे नहीं, लेकिन सड़क पर नहीं. सड़क चलने के लिए है… सरकार का नियम सबके लिए समान रूप से लागू होता है. हमने सबको कहा कि सड़कों पर अराजकता नहीं फैलने देंगे. प्यार से मानेंगे तो ठीक बात है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीक़ा अपनाएंगे."
उन्होंने कहा, "हमारा काम है संवाद बनाना. आप संवाद से मानेंगे तो संवाद से, नहीं तो संघर्ष से भी देख लो."
इमेज स्रोत, Ludovic MARIN / AFP via Getty Images
कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सीएम बनने पर बधाई दी है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "वीडी सतीशन जी को केरलम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई. उनके कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं."
उन्होंने लिखा, "केंद्र सरकार केरलम की नई सरकार को भरोसा दिलाती है कि जनता की उम्मीदों को पूरा करने में हर संभव मदद की जाएगी."
सतीशन का शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में हुआ, जहां पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी मौजूद रहे. इनके अलावा, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे.
केरल विधानसभा की 140 सीटों पर नौ अप्रैल को मतदान हुआ था. चार मई को आए नतीजों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ़ गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी.
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव पेज के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
– ट्रंप के रवाना होने के फ़ौरन बाद पुतिन भी जा रहे हैं शी जिनपिंग से मिलने, क्या चीन नए वर्ल्ड ऑर्डर की धुरी बन रहा है?
– लखनऊ रेज़ीडेंसी की लड़ाई: भारतीयों की जीत के बावजूद हार की कहानी
– कर्नाटक: हिजाब और जनेऊ जैसे धार्मिक प्रतीकों पर छूट के बाद अब क्या हैं चुनौतियाँ
– यूएई के बराकाह न्यूक्लियर प्लांट पर हमले की भारत ने की निंदा, कितना अहम है ये प्लांट
इमेज स्रोत, ANI
स्वीडन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस' सम्मान से सम्मानित किया है. इस पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत की प्रतिक्रिया आई है.
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी अवॉर्ड लेने में सेंचुरी पूरी करेंगे. जिस भी देश में जाते हैं, वहां का सबसे बड़ा अवॉर्ड उन्हें मिलता है…इस अवॉर्ड का क्या करना है? जबकि देशवासियों को महंगाई और बेरोज़गारी जैसा अवॉर्ड मिल रहा है."
संजय राउत ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्रा की भी तीखी आलोचना करते हुए कहा, "वो हमें कह रहे हैं कि विदेश यात्रा पर मत जाओ और ख़ुद लगातार देशों का दौरा कर रहे हैं. अब पीएम 7 देशों के दौरे पर गए हैं."
गौरतलब है कि पीएम मोदी को स्वीडन के ग्योथेनबर्ग शहर में रविवार को 'रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार' सम्मान दिया गया. यह प्रधानमंत्री मोदी का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है.
इमेज स्रोत, AHMAD GHARABLI/AFP via Getty Images
पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बराकाह परमाणु केंद्र को निशाना बनाकर किए गए हमले की निंदा की है.
पाकिस्तान ने कहा कि न्यूक्लियर ठिकानों को जानबूझकर निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय क़ानून, अंतरराष्ट्रीय मानवता क़ानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी के नियमों का गंभीर उल्लंघन है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया, "यूएई के बराकाह न्यूक्लियर एनर्जी प्लांट पर हुए ड्रोन हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं. पाकिस्तान पूरी तरह से यूएई की जनता और सरकार के साथ खड़ा है."
इमेज स्रोत, X/@ForeignOfficePk
विदेश मंत्रालय ने कहा, "न्यूक्लियर प्लांट को किसी भी हालत में निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए. ऐसे ग़ैर-जिम्मेदाराना क़दम इंसानों की ज़िंदगी, पर्यावरण, वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए बहुत ख़तरनाक साबित हो सकते हैं."
"पाकिस्तान सभी पक्षों से अपील करता है कि वे पूरी तरह संयम बरतें, अंतरराष्ट्रीय क़ानून और मानवता क़ानून के तहत अपनी ज़िम्मेदारियां निभाएं. ऐसे क़दमों से बचें जो तनाव को और बढ़ा सकते हैं और जिनके असर क्षेत्र से बाहर तक जा सकते हैं."
इससे पहले भारत ने भी इस हमले की निंदा की थी. भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा, "ऐसे कार्य अस्वीकार्य हैं और तनाव बढ़ाने का काम करते हैं. हम तत्काल संयम बरतने और संवाद और कूटनीति की ओर लौटने का आह्वान करते हैं."
इमेज स्रोत, JS Grewal/Hindustan Times via Getty Images
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों की साज़िश के मामले में उमर ख़ालिद को ज़मानत न देने के अपने ही फ़ैसले पर सवाल उठाए हैं.
लाइव लॉ के मुताबिक़, कोर्ट ने कहा कि यह फ़ैसला 2021 में तीन जजों की बेंच के यूनियन ऑफ़ इंडिया बनाम केए नजीब के फ़ैसले का ठीक से पालन नहीं करता. उसमें कहा गया था कि अगर केस की सुनवाई बहुत लंबी खिंच जाए तो ग़ैरक़ानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) मामलों में भी ज़मानत दी जा सकती है.
जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की बेंच ने यह बातें उस समय कहीं जब उन्होंने सैयद इफ्तिख़ार अंद्राबी की ज़मानत मंज़ूर की.
अंद्राबी 6 साल से जेल में हैं और उन पर आरोप है कि उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी से 'आतंकवाद' को फ़ंड किया.
अदालत ने कहा, "उमर ख़ालिद को जमानत न देने के फ़ैसले में सुप्रीम कोर्ट की बड़ी बेंच के फ़ैसले का पालन नहीं किया गया. बेल नियम है और जेल अपवाद, यह सिद्धांत यूएपीए जैसे कड़े क़ानूनों में भी लागू होता है."
कोर्ट ने 2024 में हुए गुरविंदर सिंह बनाम यूनियन ऑफ़ इंडिया के फ़ैसले पर भी नाराज़गी जताई, क्योंकि उसमें केए नजीब के फ़ैसले को लागू नहीं किया गया.
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आज के जजमेंट की लिखित कॉपी अभी उपलब्ध नहीं हो पाई है.
इमेज स्रोत, ANI
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी ज़िले में ट्रक और मैजिक वैन में टक्कर होने से 10 लोगों की मौत हो गई.
लखीमपुर खीरी के डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि हादसा सोमवार सुबह हुआ, जब एक मैजिक वैन लखीमपुर से बहराइच की तरफ जा रही थी.
उन्होंने कहा, "धौरहरा कोतवाली इलाक़े के भरेहटा गांव के पास बहराइच की तरफ से आ रहे ट्रक से मैजिक वैन की भिड़ंत हो गई. हादसे में 10 लोगों मौत हो गई."
डीएम ने बताया कि मरने वालों में तीन महिलाएँ भी शामिल हैं. छह लोग बहराइच ज़िले के निवासी हैं. बाक़ी लोगों की पहचान की जा रही है.
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर हादसे को लेकर दुःख जताया है और मृतकों के परिवारों की मदद और घायलों के इलाज की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए हैं.
इमेज स्रोत, ATTA KENARE/AFP via Getty Images
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के पूर्व कमांडर मोहसिन रेज़ाई ने अमेरिकी नाकाबंदी को दुनिया के देशों के लिए नुक़सानदायक बताया है.
मोहसिन रेज़ाई ने कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी जितनी लंबी चलेगी, उतना ही दुनिया के देशों को नुक़सान होगा.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, मोहसिन रेज़ाई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा, "हमारी सहनशीलता की एक सीमा है और सशस्त्र बल खुद को तैयार कर रहे हैं. होर्मुज़ स्ट्रेट व्यापार के लिए खुला है लेकिन सैन्य कार्रवाई के लिए नहीं."
उन्होंने कहा, "हक़ीक़त यह है कि अमेरिका पूरी तरह फंसा हुआ है. एक तरफ वह लड़ना चाहता है और अगले दो-तीन दिनों में मैदान में उतर भी सकता है. लेकिन दूसरी ओर अमेरिकी सेना ट्रंप से कह रही है कि ऐसा करने से अमेरिकी फ़ौजी पकड़े जा सकते हैं."
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को युद्धविराम तोड़ने की धमकियां दी हैं.
उन्होंने कहा था कि ईरान के साथ युद्धविराम 'लाइफ़ सपोर्ट' पर है. रविवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान का समय निकलता जा रहा है.
इमेज स्रोत, Nina Liashonok / Ukrinform/Future Publishing via Getty Images
सऊदी अरब ने बताया है कि उसने रविवार को अपने हवाई क्षेत्र में दाख़िल हुए तीन ड्रोन नष्ट किए हैं.
सऊदी रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर जारी बयान में बताया, "17 मई को तीन ड्रोन नष्ट किए गए. ये ड्रोन इराक़ी हवाई क्षेत्र से होकर सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में दाख़िल हुए थे."
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल अल-मालिकी ने कहा, "हमारा रक्षा मंत्रालय सही समय और सही जगह पर जवाब देने का अधिकार रखता है. देश के ख़िलाफ़ किसी भी कोशिश पर ज़रूरी क़दम उठाया जाएगा."
रविवार सुबह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट में भी ड्रोन हमला हुआ था.
हालांकि, यूएई ने अब तक यह नहीं बताया है कि यह हमला किस ओर से हुआ है.
गौरतलब है कि क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हैं क्योंकि अमेरिका-इसराइल ने ईरान पर हमले किए थे. अप्रैल में युद्धविराम लागू होने के बाद इन देशों में संघर्ष रुका हुआ है, लेकिन इराक़ से सऊदी अरब और कुवैत समेत खाड़ी देशों की तरफ़ ड्रोन हमले अब भी जारी हैं.
इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. अब 20 विधायक मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं.
शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में हो रहा है, जहां पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी मौजूद हैं. इनके अलावा, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित हैं.
वीडी सतीशन 6 बार के विधायक हैं और केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा चुके हैं.
वो पहली बार 2001 में विधानसभा के लिए चुने गए और तब से लेकर अब तक पारावुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार हर चुनाव जीतते आए हैं.
140 सीटों वाले केरल में यूडीएएफ़ गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी.
इमेज स्रोत, abhishek kumar
बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह पटना जाने वाली ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई. इस घटना में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है.
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के मुताबिक़, घटना के वक़्त ट्रेन खाली थी.
दरअसल, ट्रेन स्टेशन के प्लेटफ़ार्म नंबर 6 पर खड़ी थी. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, ट्रेन की बी-3 बोगी के टॉयलेट वाले हिस्से से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया.
कुछ ही देर में धुआं आग में बदल गया और बोगी के अंदर फैलने लगा. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे.
रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों ने आग पर जल्द ही क़ाबू पा लिया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है.
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट अथवा किसी तकनीकी ख़राबी की आशंका जताई जा रही है . रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है.
इमेज स्रोत, Jesus Olarte/Anadolu via Getty Images
अमेरिका में एक एयर शो के दौरान दो लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए, जिस पर अब ईरान की प्रतिक्रिया सामने आई है.
हैदराबाद में ईरानी कॉन्सुलेट ने घटना का वीडियो पोस्ट करते हुए एक्स पर लिखा, "अमेरिकी सेना ऐसे बेकार के ऑपरेशन में ही जीत सकती है किसी वास्तविक लड़ाई में नहीं."
दरअसल, अमेरिका में यह हादसा रविवार को हुआ. यहां एक एयर शो के दौरान ईए 18-जी जेट आपस में टकराए, जिसके बाद चार क्रू सदस्य पैराशूट के ज़रिए तुरंत सुरक्षित बाहर आ गए.
अमेरिकी नौसेना कहना है कि जो जेट्स टकराए, उनकी क़ीमत लगभग 7 करोड़ डॉलर यानी लगभग 672 करोड़ रुपए है.
इससे पहले 2018 में अमेरिका में ही गनफ़ाइटर स्काईज़ एयर शो में एक ग्लाइडर पायलट की दुर्घटना में मौत हो गई थी.
इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
यूक्रेन ने रविवार रात को रूस की राजधानी मॉस्को पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया है. रूसी अधिकारियों ने बताया कि हमले में तीन लोगों की मौत हो गई.
रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास ने कहा कि बीते एक साल की अवधि में यह मॉस्को पर सबसे बड़ा हमला है.
भारत के मॉस्को दूतावास ने बताया कि मरने वालों में एक भारतीय नागरिक भी है और तीन लोग घायल हुए हैं.
यूक्रेन ने भी रूस पर किए गए हमलों की पुष्टि की है. राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि ये हमले 'पूरी तरह जायज़' जवाब हैं, क्योंकि रूस ने यूक्रेनी शहरों पर घातक हमले किए थे.
गौरतलब है कि हाल ही में रूस ने यूक्रेन की राजधानी किएव में बड़े ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे, इनमें 24 लोगों की मौत हुई थी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.