Feedback
पश्चिम बंगाल पुलिस ने उत्तर 24 परगना जिले में एक रेलवे स्टेशन की दीवार पर पाकिस्तानी झंडा चिपकाने और ‘हिंदुस्तान मुर्दाबाद’ लिखने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, इस हरकत का उद्देश्य इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैलाना था.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चंदन मलाकार (30) और प्रज्ञाजीत मंडल (45) के रूप में हुई है. दोनों को बुधवार रात बोंगांव इलाके से गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि ये दोनों एक राजनीतिक दल के सक्रिय सदस्य हैं और ‘सनातनी एकता मंच’ नामक संगठन से भी जुड़े हुए हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने गोपालनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अकैपुर रेलवे स्टेशन के पास एक शौचालय की दीवार पर पाकिस्तानी झंडा चिपकाया और ‘हिंदुस्तान मुर्दाबाद’ लिखा. जांच के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने जुर्म को स्वीकार कर लिया है.
अकैपुर रेलवे स्टेशन की घटना
बुधवार रात को अकैपुर रेलवे स्टेशन के पास एक वॉशरूम की दीवार पर पाकिस्तानी झंडा पाया गया. जांच में सामने आया कि यह कृत्य चंदन मलाकार और प्रज्ञाजीत मंडल ने जानबूझकर किया था, जो कि दोनों स्थानीय निवासी हैं और एक राजनीतिक दल और ‘सनातनी एकता मंच’ से जुड़े हैं.’
पुलिस के अनुसार, उनका उद्देश्य यह था कि इस हरकत को किसी खास समुदाय या समूह के नाम से प्रचारित कर इलाके में साम्प्रदायिक तनाव भड़काया जाए. लेकिन समय रहते पुलिस ने कार्रवाई कर उनकी साजिश को विफल कर दिया.
यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब हाल ही में कश्मीर के पहलगाम में एक आतंकी हमले में 25 पर्यटकों सहित 26 लोगों की मौत हुई थी, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया. कई राजनीतिक दलों और केंद्र सरकार ने इस हमले के पीछे पाकिस्तान समर्थित आतंकियों का हाथ बताया है, हालांकि पाकिस्तान ने इन आरोपों से इनकार किया है.
माहौल बिगाड़ने की साजिश: TMC
बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना पर चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा राज्य में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने और सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की कोशिशें की जा रही हैं. पार्टी ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की अपील की है.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू