मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: अजमेर दरगाह विवाद- याचिकाकर्ता पर फायरिंग; ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाने पर विव… – Dainik Bhaskar

नमस्कार,
आज हम जानेंगे देश-विदेश की किन प्रमुख हस्तियों को 2025 के पद्म पुरस्कार दिए जाएंगे। BJP ने दिल्ली चुनाव से पहले कौन सी बड़ी घोषणाएं की हैं और ट्रम्प के विदेशी मदद पर रोक लगाने के आदेश से दुनिया में क्या बदलने वाला है।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
अब कल की बड़ी खबरें…
1. पद्म पुरस्कारों का ऐलान: शारदा सिन्हा, ओसामु सुजुकी समेत 7 को पद्म विभूषण; पंकज उधास, सुशील मोदी समेत 19 को पद्म भूषण
केंद्र सरकार ने 2025 के लिए 139 पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया। लोकगायिका शारदा सिन्हा (मरणोपरांत), पूर्व चीफ जस्टिस जगदीश सिंह खेहर, सुजुकी के चेयरमैन ओसामु सुजुकी समेत 7 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान दिया जाएगा। बिहार के पूर्व डिप्टी CM सुशील मोदी, अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय, गजल गायक पंकज उधास, पूर्व हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश समेत 19 को पद्म भूषण मिलेगा। महाराष्ट्र के पूर्व CM मनोहर जोशी (मरणोपरांत) और फिल्म निर्माता शेखर कपूर को भी पद्म भूषण सम्मान मिला है।
आर अश्विन, पीआर श्रीजेश को पद्मश्री: SBI की पूर्व चेयरमैन अरुंधति भट्टाचार्य, क्रिकेटर आर अश्विन, गायक अरिजीत सिंह और राजस्थान की लोक गायिका बतूल बेगम समेत 113 को पद्मश्री दिया जाएगा। पद्म पुरस्कार विजेताओं में से 23 महिलाएं हैं। इनमें 10 विदेशी लोग भी हैं। 13 हस्तियां ऐसी हैं, जिन्हें मरणोपरांत पुरस्कार दिए जा रहे हैं।
किन क्षेत्र में पद्म पुरस्कार दिए जाते हैं: पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक हैं। यह कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, साइंस एंड इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा जैसे क्षेत्रों में दिए जाते हैं। ‘पद्म विभूषण’ असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है। ‘पद्म भूषण’ उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और ‘पद्मश्री’ विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. अजमेर दरगाह विवाद याचिकाकर्ता पर फायरिंग; शिव मंदिर होने की याचिका लगाई है अजमेर दरगाह में शिव मंदिर होने का दावा करने वाले विष्णु गुप्ता पर फायरिंग हुई। अजमेर से जयपुर लौटते वक्त उनकी कार पर दो बाइक सवारों ने गोली चलाई। उन्होंने कहा, ‘ये हमला सोची समझी साजिश है। ताकि मैं केस को आगे न बढ़ाऊं।’
एक मार्च है अगली सुनवाई: हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु ने 27 नवंबर 2024 को अजमेर की ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में संकट मोचन महादेव मंदिर होने का दावा करने वाली याचिका लगाई थी। इस याचिका को सिविल कोर्ट ने स्वीकार कर ली थी। इस मामले में 24 जनवरी तक दो सुनवाई हो चुकी है। अगली सुनवाई 1 मार्च को होगी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. ममता को महामंडलेश्वर बनाने पर विवाद, शांभवी पीठाधीश्वर ने कहा- कुंभ का मजाक बना
ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाने पर कई संतों ने नाराजगी जताई है। शांभवी पीठ के पीठाधीश्वर श्री स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि किन्नर अखाड़े को मान्यता देकर पिछले कुंभ में महापाप हुआ था। ममता का विषय बहुत घातक और धर्म के खिलाफ है। वहीं अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने कहा, ‘ममता को बहुत-बहुत आशीर्वाद और साधुवाद। वैराग्य कभी भी आ सकता है।’
ममता अब श्री यमाई ममता नंदगिरि हो गई हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा, ‘जितना फर्क बॉलीवुड में होते हुए मेरे कपड़ों में था, उतना ही फर्क आज महामंडलेश्वर बनने के बाद इन कपड़ों में महसूस हो रहा है। ऐसा लग रहा है कि यूनिवर्सिटी में कई साल अभ्यास करने के बाद एक लड़की डॉक्टर बन गई हो।’ पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. दिल्ली चुनाव: BJP का तीसरा संकल्प पत्र जारी; सिसोदिया बोले- BJP दिल्ली के लोगों का मजाक उड़ा रही गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में BJP के संकल्प पत्र का तीसरा हिस्सा जारी किया। इसमें युवाओं के लिए 50 हजार सरकारी नौकरियां और 24/7 बस-मेट्रो सर्विस का वादा शामिल है। शाह ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा, ‘मैंने ऐसा झूठ बोलने वाला पूरे जीवन में नहीं देखा।’ वहीं जंगपुरा विधानसभा से AAP उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘दिल्ली की आबादी 2.5 करोड़ है और BJP सिर्फ 50 हजार नौकरियां देने की बात कर रही है। शाह दिल्ली के लोगों का मजाक उड़ा रहे हैं।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. जम्मू-कश्मीर की पहली वंदे भारत का ट्रायल पूरा, दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज से होकर गुजरी
जम्मू-कश्मीर की पहली वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल पूरा हुआ। ट्रेन ने कटरा से श्रीनगर के बीच 160 किमी का सफर 3 घंटे में पूरा किया। ट्रेन दुनिया के सबसे ऊंचे रेल ब्रिज (चिनाब ब्रिज) से होकर गुजरी। कश्मीर के मौसम के हिसाब से डिजाइन की गई। PM फरवरी में इसका उद्घाटन कर सकते हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. भारत ने इंग्लैंड को दूसरा टी-20 हराया; 2 विकेट से जीता रोमांचक मुकाबला, सीरीज में 2-0 की बढ़त
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 2 विकेट से जीत लिया। इंग्लैंड ने 9 विकेट खोकर 165 रन बनाए। भारत ने 146 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन तिलक वर्मा की नॉटआउट फिफ्टी से टीम ने 4 गेंद बाकी रहते मुकाबला जीत लिया। भारत ने 5 मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। तीसरा मैच राजकोट में 28 जनवरी को खेला जाएगा।
मैच के हाईलाइट्स: तिलक वर्मा ने 55 गेंद की पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए। भारत से वॉशिंगटन सुंदर ने भी 26 रन की अहम पारी खेली। वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। इंग्लैंड से ब्रायडन कार्स ने 3 विकेट लिए, कप्तान जोस बटलर ने 45 रन का योगदान दिया। पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. ट्रम्प ने दुनियाभर में विदेशी में मदद रोक लगाई, इजराइल और मिस्र को छूट दी डोनाल्ड ट्रम्प ने ‘अमेरिका फर्स्ट’ पॉलिसी के तहत सभी विदेशी मदद पर रोक लगा दी है। हालांकि इजराइल-मिस्र को सैन्य सहायता और फूड प्रोग्राम को मदद मिलती रहेगी। इस आदेश के बाद दुनियाभर में स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स बंद हो सकते हैं। दरअसल, अमेरिका इन विदेशी प्रोजेक्ट्स के लिए सबसे ज्यादा फंड्स मुहैया कराता है। फैसले का सबसे ज्यादा असर यूक्रेन पर पड़ेगा, जिसे बाइडेन सरकार ने अरबों डॉलर की मदद दी थी।
इजराइल और मिस्र को छूट क्यों मिली: इजराइल और मिस्र दोनों ही देश अमेरिका के लिए काफी रणनीतिक महत्व रखते हैं। इजराइल को अमेरिकी हथियारों की बड़ी सप्लाई मिलती रही है, जो गाजा युद्ध के बाद और बढ़ गई है। वहीं, मिस्र को 1979 में इजराइल के साथ पीस एग्रीमेंट के बाद से मिलिट्री फंडिंग मिलती रही है। अमेरिका फूड प्रोग्राम के तहत सूडान और सीरिया में भी मदद भेजता है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
कुंभ मॉर्निंग ब्रीफ: महाकुंभ में 12 ज्योतिर्लिंग के आकार में बना कलाग्राम: योगी ने मेले का हवाई दौरा किया
महाकुंभ में 12 ज्योतिर्लिंग के आकार में बना कलाग्राम बनाया गया है। यहां रोज क्या हो रहा है और अगले दिन क्या होने वाला है, उससे जुड़ी सारी जरूरी जानकारी के लिए हर सुबह देखिए ‘कुंभ मॉर्निंग ब्रीफ’। पूरी जानकारी यहां मिलेगी…
अब खबर हटके…
रास्ता भटके फ्रांसीसी नागरिक, गांव वालों ने एलियन समझा
दिल्ली से काठमांडू के लिए साइकिल से निकले दो फ्रांसीसी नागरिक गूगल मैप की वजह से रास्ता भटककर बरेली के एक गांव पहुंच गए। रात में फ्रांसीसी नागरिक टेंट लगाने लगे, उन्होंने टॉर्च वाली हेलमेट पहनी थी। तभी गांववालों ने पुलिस को एलियन की सूचना दी। पुलिस ने फ्रांसीसी नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर ठहराया।
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
वृष राशि वालों के लिए फायदेमंद दिन रहेगा। मिथुन राशि के लोगों को उपलब्धि मिल सकती है। जानिए आज का राशिफल…
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News