नमस्कार,
आज की सबसे बड़ी खबर मॉडल श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर प्रदेशभर मे मनाए जा रहे दशहरे के आयोजन से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
1. मॉडल श्रद्धा नागपुर से गिरफ्तार, 11 दिनों से फरार थी, यूपी STF ने बहन और ड्राइवर को भी पकड़ा
लखनऊ के करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा हत्या की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को मंगलवार को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। श्रद्धा 11 दिन से फरार थी। दावा है कि वह लखनऊ से सीतापुर होते हुए बहराइच के रास्ते नेपाल पहुंच गई थी। 18 अक्टूबर को नेपाल से वापस यूपी लौट आई। उसने ANI से कहा था- शिवा मेरी आंखों के सामने कूदा था। पूरी खबर पढ़ें…
2. अखिलेश बोले- श्रद्धा दुबे का मामला सरकार को ले डूबेगा, राजभर का तंज- चुनावी लाभ लेने आजम से मिलने जा रहे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने श्रद्धा दुबे के मामले को लेकर कहा- यह वो मामला है, जो सरकार को ले डूबेगा। लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में श्रद्धा दुबे मुख्य आरोपी है। उधर, मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश की रामपुर जेल में आजम खान से होने वाली मुलाकात पर कहा- “ओवैसी जी सही कह रहे हैं। ये चुनावी लाभ लेने के लिए आजम खान से मिलने जा रहे। पूरी खबर पढ़ें…
3. योगी ने गोरखपुर में शोभायात्रा निकाली, बुलेट प्रूफ गाड़ी में सवार हुए, युवाओं ने मुंह से आग के गोले उगले
गोरखपुर में विजयादशमी पर सीएम योगी ने शोभायात्रा निकाली। योगी बुलेट प्रूफ गाड़ी पर सवार हुए। यात्रा गोरखनाथ मंदिर से शुरू होकर डेढ़ किमी दूर रामलीला मैदान तक जाएगी। रास्ते में ढोल-नगाड़े बजाए गए। हनुमान दल से जुड़े युवाओं ने मुंह से आग के गोले निकाल कर लोगों को आकर्षित किया। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने भी स्वागत किया। पूरी खबर पढ़ें…
4. राजा भैया ने विजयादशमी पर हथियारों का जखीरा दिखाया, केसरिया साफा पहनकर पूजा की
प्रतापगढ़ के कुंडा से बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने दशहरे पर हथियारों का जखीरा दिखाया। उन्होंने अपनी कोठी पर मंगलवार दोपहर 1 बजे शस्त्र पूजन किया। इस दौरान राजा भैया धोती-कुर्ता और केसरिया साफा पहने 500 से ज्यादा देशी-विदेशी हथियारों की पूजा करते दिखे। पूजा में उनके जुड़वां बेटे शिवराज और बृजराज भी शामिल हुए। पूरी खबर पढ़ें…
5. कोबरा सांप के दांत तोड़ रहे बाप-बेटे की मौत, बाराबंकी की दुर्गा पूजा में करतब दिखा रहे थे
बाराबंकी में कोबरा के डसने से बाप-बेटे की मौत हो गई। दोनों संपेरे थे, सांप को पकड़ने का काम करते थे। सोमवार रात 10 बजे दोनों पूजा पंडाल में सांप के दांत तोड़ने का करतब दिखा रहे थे, तभी कोबरा ने बेटे को डस लिया। पिता जब उसे बचाने आगे आया, तो कोबरा ने उसे भी डस लिया। इसके बाद दोनों सिर पटकने लगे। उन्हें आंखों से दिखना भी बंद हो गया। पूरी खबर पढ़ें…
अब 8 अहम खबरें…
6. कांग्रेस को यूपी में सपा से चाहिए 87 सीटें, प्रियंका गांधी ने अमेठी-रायबरेली की सभी सीटों पर दावा किया
2027 के यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने 19 अक्टूबर को दिल्ली में बड़ी बैठक की। इसमें यूपी कांग्रेस के बड़े नेता शामिल हुए। बैठक दोपहर 2 से शाम 4:30 बजे तक चली। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने तय किया है कि वह 85-87 सीटों से कम पर सपा से समझौता नहीं करेगी। सीटों को 2 हिस्सों- A और B कैटेगरी में बांटा गया है। पूरी खबर पढ़ें…
7. CO की गाड़ी को टक्कर मारकर भागा बिल्डर का बेटा, झांसी में फिल्मी एक्शन के बाद गिरफ्तार
झांसी में बिल्डर के बेटे का फिल्मी अंदाज में कार भगाने का वीडियो सामने आया। सोमवार शाम बिल्डर का बेटा दोस्तों के साथ कार लेकर सुनसान एरिया में बांध किनारे पहुंचा। तभी सीओ की गाड़ी देख वो कार लेकर भाग निकला। सिपाही ने पीछा किया। रेलवे क्रॉसिंग बंद थी, तो कार बैक होकर वापस आई। आरोपी ने रोकने पर सिपाही की बाइक को भी उड़ा दिया। पूरी खबर पढ़ें…
8. कानपुर में दशानन के जयकारे, लखनऊ में तलवार लहराने वाला रावण बना
यूपी में आज विजयादशमी मनाई जा रही है। लखनऊ में हाईटेक रावण की चर्चा है। उसका पुतला खुद चलकर मैदान में आएगा, हाथ-पैर हिलाएगा और तलवार भी लहराएगा। वहीं, कानपुर के परेड मैदान में यूपी का सबसे ऊंचा 90 फीट का रावण बनाया गया। यहां सुबह दशानन मंदिर में रावण की पूजा की गई। काशी में दहन के लिए देशघाती कॉकरोच बनाया गया। पूरी खबर पढ़ें…
9. मेरठ में स्विफ्ट से टकराकर 3 बार पलटी इको कार, 3 की मौत, ड्राइवर का हाथ कटा
मेरठ में हापुड़-बुलंदशहर हाईवे पर मंगलवार दोपहर स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकराने के बाद सामने से आ रही इको कार से भिड़ गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दोनों कारों में सवार 4 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि इको कार तीन बार पलटी। हादसे में स्विफ्ट कार के चालक का हाथ कट गया। वह कार के अंदर ही फंस गया था। पूरी खबर पढ़ें…
10. मेरठ के गगोल गांव में दशहरे पर चूल्हे नहीं जलेंगे, 9 पूर्वजों को फांसी देने से जुड़ी मान्यता
देशभर में दशहरे के बीच मेरठ के गगोल गांव में शोक मनाया जाता है। शहर से करीब 14 किमी दूर इस गांव के ज्यादातर घरों में दशहरा पर चूल्हे नहीं जलते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, 1857 की क्रांति के दौरान अंग्रेजों ने गांव के 9 क्रांतिकारियों को दशहरे के दिन फांसी दी थी। तभी से गांव के लोग इस दिन दशहरा मनाने के बजाय अपने शहीद पूर्वजों को याद करते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
11. उन्नाव में ड्रोन की मदद से पकड़ी गई कच्ची शराब, 300 किलो महुआ लहन नष्ट कराया
उन्नाव में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग ने मंगलवार को पुरवा तहसील के कई गांव में छापेमारी की। इस दौरान 18 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। करीब 300 किलोग्राम महुआ लहन भी मौके पर नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान ड्रोन की मदद से भी निगरानी की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। पूरी खबर पढ़ें…
12. महराजगंज में दो बाइकों की टक्कर, युवक की मौत, 3 फीट उछलकर सड़क पर गिरा, सिर फटा
महराजगंज में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 20 साल के युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी की युवक 3 फीट हवा में उछलकर सड़क के पार जा गिरा। हेलमेट न पहनने की वजह से उसका सिर फट गया। वहीं, दोनों बाइक पर सवार 3 युवक बुरी तरह से घायल हो गए। घटना पास के जिम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें…
13. कुशीनगर में कार पेड़ से टकराई, 4 दोस्तों की मौत, 20-22 साल उम्र थी, गाड़ी काटकर शव निकाले
कुशीनगर में सोमवार देर रात कार की पेड़ में टक्कर से चार दोस्तों की मौत हो गई। 100 की स्पीड में चल रही कार में 7 लोग सवार थे। सभी नवरात्रि का मेला देखकर लौट रहे थे। दो दोस्तों की मौके पर जबकि, दो की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। कार में सवार 8 दोस्तों में एक युवक रास्ते में ही उतर गया था। घायल तीन युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
खबर जो हटकर है…
14. प्रयागराज रामलीला के रावण बोले- चुनाव लड़ने पर पुष्पक विमान देंगे, रामलला के भक्त हैं शरद कुशवाहा
प्रयागराज की 150 साल से ज्यादा पुरानी कटरा रामलीला में रावण का किरदार निभा रहे शरद कुशवाहा अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। आज का रावण चुनाव लड़े तो जनता से क्या वादा करेगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि वह सभी को आने-जाने के लिए पुष्पक विमान देंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए नेता जनता को ऐसे ही बड़े सपने दिखाते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
15. कल क्या रहेगा खास…
कल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस है। योगी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को बड़ी सौगात दे सकते हैं। इसमें पीएसी की वर्दी बदलने से लेकर भत्ते तक को लेकर ऐलान किया जा सकता है।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.