मुंबई से रांची जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को रविवार सुबह खराब मौसम के कारण वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। विमान में 148 यात्री सवार थे और रांची में कम दृश्यता के चलते उसे लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली।
विमान ने रांची एयरपोर्ट के ऊपर करीब आधे घंटे तक चक्कर लगाए। मौसम में सुधार नहीं होने पर सुबह 8:30 बजे उसे वाराणसी भेज दिया गया, जहां 9:05 बजे विमान लैंड हुआ।
आधे घंटे तक रांची के ऊपर चक्कर लगाता रहा विमान
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1237 ने रविवार सुबह 5:50 बजे मुंबई एयरपोर्ट से रांची के लिए उड़ान भरी थी। करीब 8 बजे विमान रांची एयरस्पेस में पहुंचा। उस समय रांची में मौसम खराब होने के साथ दृश्यता भी कम थी। इसके चलते एटीसी ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।
इसके बाद विमान ने रांची के ऊपर करीब आधे घंटे तक तीन चक्कर लगाए। मौसम में सुधार नहीं होने पर पायलट ने विमान को वाराणसी ले जाने का फैसला किया और सुबह करीब 8:30 बजे फ्लाइट वाराणसी के लिए रवाना हो गई।
वाराणसी एयरपोर्ट पर एक घंटे विमान में बैठे रहे यात्री
फ्लाइट सुबह 9:05 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरी। यात्रियों को विमान से उतरने की अनुमति नहीं दी गई और करीब एक घंटे तक वे विमान के अंदर ही बैठे रहे।
इस दौरान एयरलाइन की ओर से यात्रियों के लिए विमान में ही नाश्ते की व्यवस्था की गई। करीब एक घंटे बाद रांची में मौसम सामान्य होने की जानकारी मिलने पर फ्लाइट को दोबारा रांची के लिए रवाना किया गया।
10:05 बजे रांची के लिए रवाना हुई फ्लाइट
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट सुबह 10:05 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से रांची के लिए उड़ान भर गई। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, रांची में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विमान को वाराणसी डायवर्ट किया गया था। मौसम में सुधार के बाद फ्लाइट को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.