लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण – साई के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र में रविवार को पत्रकार थीम पर ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम और फिटनेस के प्रति जागरूक करना और ‘फिट इंडिया’ अभियान का संदेश देना था। मुख्य अतिथि लखनऊ दैनिक भास्कर के स्थानीय संपादक गौरव पांडे रहे।
साई एनएसआरसी के क्षेत्रीय निदेशक आत्मप्रकाश के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में पत्रकारों, विद्यार्थियों, एचएएल साइकिलिंग ग्रुप, योगासन भारत के प्रतिनिधियों और वुशू प्रदर्शन टीम समेत करीब 150 लोगों ने हिस्सा लिया। वहीं, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों से करीब 1,500 प्रतिभागी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
गतिविधियों में प्रतिभागियों ने उत्साह से हिस्सा लिया
कार्यक्रम की शुरुआत योगासन और जुंबा डांस सत्र से हुई। इसके बाद वुशू खिलाड़ियों ने मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया। नींबू दौड़, रस्सी कूद, पुश-अप्स और रस्साकशी जैसी गतिविधियों में प्रतिभागियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य आकर्षण साई परिसर में हुई 6 किमी साइकिल रैली रही। इसमें पत्रकारों, खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों ने एक साथ साइकिल चलाकर सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया।
शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी
साई एनएसआरसी के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, सहायक निदेशक मनीष कुमार और प्रवीण कुमार सीएम ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और मजबूत राष्ट्र के लिए खेल और शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। कार्यक्रम में आकाशवाणी के मुमताज अली, टाइम्स ऑफ इंडिया के फजल खान, स्वदेश टाइम्स के अरुण कुमार और एचएएल के आलोक वर्मा समेत कई मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.