Feedback
गुजरात के राजकोट शहर में पान-मसाला खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या में बदल गया. यहां 150 फीट रिंग रोड पर आस्था चौकड़ी के पास मौजूद ‘डीलक्स पान’ की दुकान के नजदीक 13 अक्टूबर को परेश चौहान नाम के युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया. हमले में परेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी. पुलिस ने इस मामले में हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है.
ऐसे शुरू हुआ विवाद
परेश चौहान के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 अक्टूबर को परेश अपने दोस्तों हार्दिक राठौड़, कुलदीप वाघेला, पंकज राठौड़, मीत वाघेला और अविनाश वाघेला के साथ डीलक्स पान की दुकान के पास बैठा था. इसी दौरान अनिल उर्फ कानो परमार अपने एक दोस्त के साथ दोपहिया वाहन से वहां पहुंचा. कानो के साथ आए व्यक्ति ने किसी अज्ञात कारण से परेश के साथ बहस शुरू कर दी. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया. आरोप है कि कानो और उसके साथी ने परेश के साथ हाथापाई शुरू कर दी.
परेश पर किए ताबड़तोड़ वार
शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान अनिल उर्फ कानो पीछे की तरफ गया और कुछ देर बाद चाकू लेकर वापस आया. इसके बाद उसने परेश के शरीर पर चाकू से कई वार किए. आरोप है कि धर्मेश उर्फ राधे राठौड़ ने इस दौरान परेश को पकड़ रखा था और कानो से चाकू मारने को कहा. राधे और उसके साथ आए एक अन्य व्यक्ति ने भी परेश को घूंसे और थप्पड़ मारे. हमलावरों के डर से परेश के साथ मौजूद कुछ दोस्त मौके से भाग गए. इस बीच अविनाश वाघेला ने 108 एम्बुलेंस को फोन कर मदद मांगी.
इलाज के दौरान मौत
घटना की सूचना मिलने के बाद 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल परेश को इलाज के लिए गिरिराज अस्पताल ले जाया गया. लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. इससे पहले 13 अक्टूबर को राजकोट शहर पुलिस कंट्रोल रूम को आस्था चौकड़ी के पास एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमले की सूचना मिली थी. जानकारी मिलते ही राजकोट शहर की तालुका पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. अस्पताल में डॉक्टर ने परेश को मृत घोषित कर दिया था.
CCTV कैमरे में कैद वारदात
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो सामने आया कि हत्या की पूरी वारदात कैमरे में कैद हुई है. दूसरी ओर, मृतक के पिता टाभजी चौहान ने तालुका पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में अनिल उर्फ कानो, धर्मेश उर्फ राधे समेत चार लोगों को आरोपी बनाया गया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल की.
तीन आरोपी गिरफ्तार
राजकोट शहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनिल उर्फ कानो परमार, धर्मेश उर्फ राधे राठौड़ और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, डीलक्स पान की दुकान पर पान खाने को लेकर परेश और अनिल उर्फ कानो के बीच कहासुनी हुई थी. इसके बाद कानो ने इस विवाद के बारे में अपने नाबालिग दोस्त को बताया. नाबालिग ने आगे धर्मेश उर्फ राधे राठौड़ को घटना की जानकारी दी. इसके बाद राधे और अन्य लोग दुकान के पास पहुंचे, जहां परेश के साथ दोबारा विवाद हुआ.
चाकू से वार करने का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दुकान के पास हुए विवाद के दौरान परेश चौहान ने लाठी से आरोपियों पर हमला किया था. इसके जवाब में आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि, इस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच पुलिस कर रही है. मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू