रूस के राष्ट्रपति पुतिन का चीन दौरा समाप्त, दोनों देशों ने जारी किया जॉइंट स्टेटमेंट – BBC

इस समिट के दौरान चीन और रूस ने व्यापार और तकनीक से जुड़े 20 से अधिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं.
अरशद मिसाल, दीपक मंडल
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
इमेज स्रोत, Getty Images
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई बातचीत के बाद दोनों देशों ने एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी किया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर जारी स्टेटमेंट के मुताबिक, एक बराबरी और संतुलन वाली बहुध्रुवीय (मल्टीपोलर) दुनिया और नए तरह के अंतरराष्ट्रीय रिश्तों को बढ़ावा देने की बात करते हुए, रूस और चीन ने कहा है कि दुनिया में ज़्यादा न्यायपूर्ण और बेहतर वैश्विक व्यवस्था बनाई जानी चाहिए.
इसके लिए दोनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कुछ बुनियादी सिद्धांतों को अपनाने की अपील की है-
रूस और चीन ने कहा कि वे आगे भी बहुध्रुवीय दुनिया और ज़्यादा न्यायपूर्ण अंतरराष्ट्रीय रिश्तों के लिए मिलकर काम करते रहेंगे.
इस समिट के दौरान चीन और रूस ने व्यापार और तकनीक से जुड़े 20 से अधिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं.
शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और रूस को "अधिक न्यायपूर्ण और तर्कसंगत वैश्विक शासन प्रणाली" को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जबकि पुतिन ने कहा कि उनके संबंध "वास्तव में अप्रत्याशित स्तर" पर पहुंच गए हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी एक बार फिर तेहरान पहुंचे हैं, जहां वो ईरानी नेतृत्व से मुलाक़ात करेंगे.
पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बीबीसी उर्दू को बताया कि गृह मंत्री की यात्रा "पिछली यात्रा से जुड़ी है और उनका एजेंडा अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बातचीत शुरू कराना है."
इसके अलावा, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर यानी आईआरजीसी के क़रीबी मानी जाने वाली तसनीम समाचार एजेंसी ने भी पाकिस्तानी गृह मंत्री के तेहरान पहुंचने की पुष्टि की है.
ग़ौरतलब है कि मोहसिन नक़वी ने ईरान में क़रीब चार दिन बिताए और पिछले मंगलवार को पाकिस्तान पहुंचे, जहां उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ और विदेश मंत्री अब्बासी अराग़ची सहित कई ईरानी हस्तियों से मुलाक़ात की.
मंगलवार को ईरान से लौटने के बाद, मोहसिन नक़वी ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर को भी अपनी यात्रा के बारे में बताया था.
पाकिस्तानी सरकार ने गृह मंत्री की यात्रा के बारे में ज़्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब ईरान और अमेरिका पाकिस्तान की मध्यस्थता से स्थायी युद्धविराम और वार्ता की बहाली के लिए संदेशों का आदान-प्रदान कर रहे हैं.
इमेज स्रोत, ANI
केरल सरकार ने बुधवार को नए मंत्रिमंडल में विभागों के आवंटन की घोषणा कर दी है.
मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के पास वित्त, केरल फ़ाइनेंशियल कॉरपोरेशन, बंदरगाह, कानून, प्रदूषण नियंत्रण, हवाई अड्डे, मेट्रो रेल और रेलवे विभाग रहेंगे.
रमेश चेन्नीथला को गृह, विजिलेंस, अग्निशमन एवं बचाव सेवाएं, जेल और कॉयर (नारियल रेशा उद्योग) विभाग मिले हैं.
सनी जोसेफ़ को बिजली, पर्यावरण, संसदीय कार्य और एएनईआरटी विभाग मिला है.
के. मुरलीधरन को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, मेडिकल यूनिवर्सिटी, आयुष, औषधि नियंत्रण और देवस्वम (मंदिर प्रशासन) विभाग सौंपे गए हैं.
एपी अनिलकुमार को भूमि राजस्व, सर्वेक्षण एवं भूमि अभिलेख और भूमि सुधार विभाग मिला है.
पीसी विश्नुनाध को पर्यटन, संस्कृति और केरल स्टेट फ़िल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन विभाग मिला है.
एम. लिजु को सहकारिता और आबकारी विभाग मिला है.
वहीं रोजी एम. जॉन को कॉलेजिएट शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, विश्वविद्यालय (कृषि, पशु चिकित्सा, मत्स्य, मेडिकल और डिजिटल यूनिवर्सिटी को छोड़कर), प्रवेश परीक्षा, राष्ट्रीय कैडेट कोर और अतिरिक्त कौशल अधिग्रहण कार्यक्रम, केरल विभाग सौंपे गए हैं.
इमेज स्रोत, Twisha's family
भोपाल की एक अदालत ने 33 साल की त्विषा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग फिलहाल ख़ारिज कर दी है. हालांकि अदालत ने कटारा हिल्स पुलिस को निर्देश दिया है कि शव को ऐसी संसाधनयुक्त मॉर्च्यूरी (शवगृह) में सुरक्षित रखा जाए जहां उसे डीकंपोज होने से बचाया जा सके.
बीबीसी से बात करते हुए त्विषा के परिवार के पक्ष के वकील अंकुर पांडे ने कहा, “हमारे आवेदन, पुलिस द्वारा लगाया गया प्रतिवेदन और केस डायरी का अवलोकन करने के बाद माननीय न्यायालय ने हमारी दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की अपील को खारिज़ किया है. लेकिन हमारे द्वारा उठाए गए सवालों के मद्देनजर कोर्ट ने त्विषा की बॉडी को तुरंत प्रिजर्व करने के लिए आदेश दिया है”.
उन्होंने आगे कहा, “माननीय न्यायालय ने इस मामले में फरार आरोपी समर्थ सिंह को भी 23 तारीख़ को उपस्थित होने के लिए कहा है”.
इसी बीच मध्य प्रदेश सरकार ने कहा है कि वह इस मामले की सीबीआई जांच कराने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखेगी.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार, 20 मई को त्विषा के परिवार से मुलाकात के दौरान यह आश्वासन दिया. सरकार ने यह भी कहा है कि वह त्विषा की सास और सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत के ख़िलाफ़ अदालत में आवेदन लगाएगी.
त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा ने बुधवार को रिटायर्ड सैनिकों के एक समूह के साथ मुख्यमंत्री से मुलाक़ात की. परिवार का कहना है कि अगर अदालत भविष्य में दोबारा पोस्टमॉर्टम की अनुमति देती है तो सरकार ने पार्थिव शरीर को एम्स दिल्ली भेजने का भी भरोसा दिया है.
राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान, पति समर्थ सिंह के ख़िलाफ़ लुकआउट नोटिस जारी
इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी को पत्र लिखकर सात दिनों के भीतर विस्तृत “एक्शन टेकन” रिपोर्ट मांगी है.
आयोग ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी, फरार पति समर्थ सिंह की तलाश, पासपोर्ट इंपाउंड करने की स्थिति, सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड्स, इलेक्ट्रॉनिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जुड़ी जानकारी मांगी है. आयोग ने यह भी कहा है कि परिवार को किसी भी तरह की धमकी, दबाव या चरित्र हनन से सुरक्षा दी जाए.
दूसरी ओर भोपाल पुलिस ने त्विषा के पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है. भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा है कि एसआईटी मामले की “हर एंगल” से जांच कर रही है और अभियुक्त की तलाश जारी है.
हालांकि पुलिस अब तक की जांच के आधार पर इसे आत्महत्या का मामला बता रही है.
बीबीसी से बातचीत में बुधवार सुबह भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा, “अब तक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में जो साक्ष्य मिले हैं, उनके आधार पर यह आत्महत्या का मामला है, हत्या का नहीं.”
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह 'दम घुटना' बताई गई है लेकिन रिपोर्ट में शरीर पर मौत से पहले लगी कई चोटों का भी उल्लेख है. इसी को लेकर त्विषा का परिवार लगातार सवाल उठा रहा है.
परिवार के साझा किए गए चैट्स में त्विषा ने कई बार अपने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी. हालांकि ससुराल पक्ष ने इन आरोपों से इनकार किया है.
बीबीसी ने त्विषा शर्मा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देखी है जिसमें दम घुटने से मौत की बात कही गई है.
रिपोर्ट में यह भी दर्ज है कि शरीर के दूसरे हिस्सों पर "मल्टीपल एंटी मॉर्टम इंजरीज़" यानी कई ऐसी चोटें थीं जो मौत से पहले लगी थीं. इनमें बाएं हाथ पर नीले निशान, कलाई और बांह के पास लाल चोटों जैसे निशान शामिल हैं.
हालांकि दम घुटने का मतलब ख़ुदकुशी करना ही है, ये बात त्विषा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ़ नहीं निकलती. ये भी नहीं पता चल रहा है कि मौत से पहले उनका किसी तरह का किसी से शारीरिक संघर्ष हुआ.
हमने यही सवाल जब भोपाल पुलिस कमिश्नर से किया तो उन्होंने कहा, "हमारी जांच और अब तक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को मिलाकर ये आत्महत्या का ही मामला है."
रिपोर्ट के मुताबिक़ दम घुटने या मौत से जुड़ी सामग्री भी पोस्टमॉर्टम टीम को उपलब्ध नहीं कराई गई थी.
यही इस मामले के सबसे बड़े विवादों में से एक बन गया है. त्विषा के परिवार ने फ़ोरेंसिक साक्ष्यों के रख-रखाव और जांच में लापरवाही के आरोप लगाए हैं.
12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में त्विषा शर्मा का शव फंदे से लटका मिला था. पुलिस ने त्विषा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह, जो रिटायर्ड जज हैं, उनके ख़िलाफ़ दहेज के लिए प्रताड़नाऔर दहेज मांगने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है.
त्विषा का परिवार इसे हत्या का मामला बता रहा है. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उन्हें दहेज और दूसरी बातों को लेकर लगातार प्रताड़ित किया गया. परिवार ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दर्ज चोटों, कथित व्हाट्सऐप चैट्स और कथित सबूतों से छेड़छाड़ को लेकर भी सवाल उठाए हैं.
वहीं गिरिबाला सिंह ने परिवार के आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने दावा किया है कि त्विषा मानसिक और चिकित्सकीय समस्याओं से गुजर रही थीं और उनका इलाज चल रहा था.
इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने भी सीबीआई जांच की मांग की है.
इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से एक सीट पर मतदान रद्द कर दिया गया था और उस पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है.
फाल्टा विधानसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर ख़ान ने ख़ुद को चुनावी प्रक्रिया से अलग कर लिया है.
इस पर टीएमसी सांसद सयानी घोष ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने एएनआई से बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि यह जहांगीर का अपना निर्णय है, और पार्टी ने भी अपना पक्ष रखा है कि पार्टी से कोई बातचीत नहीं हुई थी.”
“जहांगीर को शायद लगा होगा कि वह सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं. उनके ऊपर भी काफी ख़तरा था, जिसे लेकर वह कोर्ट गए थे कि उन्हें सुरक्षा की ज़रूरत थी.”
“और अगर यह चुनाव होता भी, तो यह निष्पक्ष चुनाव नहीं होता. इसलिए मुझे लगता है कि यह सब सोचकर उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर निर्णय लिया है.”
संबंधित ख़बर: फाल्टा सीट पर होने वाले चुनाव से पीछे हटे तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर ख़ान, शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे और वहां की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से मुलाक़ात की.
इस दौरान इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें पार्ले कंपनी की मेलोडी टॉफ़ी देते दिख रहे हैं.
इसके बाद भारतीय शेयर बाज़ार,बीएसई में पार्ले इंडस्ट्रीज़ के शेयर में उछाल देखने को मिली. हालांकि, यह मेलोडी बनाने वाली पार्ले कंपनी नहीं है. पीएम मोदी ने जिस पार्ले कंपनी की टॉफ़ी गिफ़्ट की है, उसका नाम पार्ले प्रोडक्ट्स है.
लेकिन मिलता-जुलता नाम होने की वजह से इसका फ़ायदा पार्ले इंडस्ट्रीज़ को मिल गया.
बुधवार को कंपनी के शेयर में 5 फ़ीसदी की बढ़त दर्ज की गई. इसका शेयर 25 पैसे बढ़कर 5 रुपये 25 पैसे हो गया.
इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर पोस्ट कर राहुल गांधी पर निशाना साधा है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “राहुल गांधी को भारत और भारत में बनी हर वस्तु से इतनी नफ़रत क्यों है? भारत आज मेड इन इंडिया और लोकल गोज़ ग्लोबल के ज़रिये दुनिया का ट्रस्टेड डेस्टिनेशन बना है, लेकिन कांग्रेस को हर भारतीय उपलब्धि में समस्या ही दिखाई देती है.”
उन्होंने आगे लिखा, “जिस वैश्विक सम्मान, निवेश और भरोसे के लिए देश दशकों तक इंतज़ार करता रहा, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत अर्जित कर रहा है तो वह राहुल गांधी से सहन नहीं हो रहा है.”
दरअसल कुछ देर पहले, इटली की पीएम जियोर्जिया मेलोनी ने एक्स पर वीडियो शेयर किया जिसमें प्रधानमंत्री मोदी उन्हें टॉफ़ी का एक पैकेट देते दिख रहे हैं.
इस पर राहुल गांधी ने लिखा, “आर्थिक तूफ़ान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बाँट रहे हैं. किसान, युवा, महिलाएं, मज़दूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं, पीएम हंसकर रील बना रहे हैं, और बीजेपी वाले ताली बजा रहे हैं. यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है."
इमेज स्रोत, Getty Images
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने एक्स पर जानकारी दी कि 'पशु वध अधिनियम, 1951' की धारा 12 के तहत छूट दिए जाने के लिए कोर्ट में याचिका दायर की गई है.
दरअसल, 13 मई को पश्चिम बंगाल सरकार ने 'पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण अधिनियम, 1950' के तहत जनता के लिए एक संशोधित नोटिस जारी किया था.
इस नोटिस में कहा गया है कि किसी भी गाय या भैंस का वध तब तक नहीं किया जा सकता, जब तक कि उसके पास आधिकारिक प्रमाण पत्र न हो, यह प्रमाण पत्र यह प्रमाणित करता है कि वह पशु वध के लिए लायक है. इस नोटिस में यह भी कहा गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर खुले में पशु वध की अनुमति नहीं होगी.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “ईद-उल-अज़हा के अवसर पर 'पशु वध अधिनियम, 1951' की धारा 12 के तहत छूट दिए जाने के लिए, विधायक जनाब अखरुरज़मान के माध्यम से एक याचिका दायर की गई है. “
उन्होंने आगे लिखा, “मुसलमानों के अलावा, डेयरी, पशुपालन और व्यापार से जुड़े बड़ी संख्या में हिंदुओं पर भी, अंतिम समय में जारी किए गए आदेशों की वजह से आर्थिक बर्बादी का खतरा मंडरा रहा है."
इमेज स्रोत, Getty Images
जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष अरशद मदनी ने एक्स पर पोस्ट कर गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की मांग की है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "गाय को ‘राष्ट्रीय पशु’ का दर्जा दिया जाना चाहिए. देश की बहुसंख्यक आबादी न केवल गाय को पवित्र मानती है, बल्कि उसे मां का दर्जा भी देती है."
"ऐसे में यह समझना मुश्किल है कि आखिर कौन-सी राजनीतिक मजबूरी सरकार को गाय को ‘राष्ट्रीय पशु’ घोषित करने से रोक रही है? नफ़रत की राजनीति, मॉब लिंचिंग, गाय के नाम पर निर्दोष लोगों की हत्या और मुसलमानों को बदनाम करने का अभियान अब समाप्त होना चाहिए."
"हैरानी की बात यह है कि कुछ राज्यों में खुलेआम बीफ़ बेचा जाता है, लेकिन उसके खिलाफ न तो कोई विरोध प्रदर्शन होता है और न ही मॉब लिंचिंग की घटनाएं सामने आती हैं."
"वहीं, जिन इलाकों में मुस्लिम आबादी अधिक है, वहां गाय के नाम पर खून बहाया जाता है. यह भक्ति नहीं, बल्कि दोहरा मापदंड और राजनीतिक खेल है."
"समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के पक्ष में यह कहते हुए जोरदार प्रचार किया जा रहा है कि अगर देश एक है, तो कानून भी एक होना चाहिए. लेकिन पशु वध से जुड़े कानून पूरे देश के सभी राज्यों में समान रूप से लागू नहीं हैं. कई ऐसे राज्य हैं जहां खुलेआम बीफ़ खाया जाता है और वहां इस पर कोई प्रतिबंध नहीं है."
"हम सिर्फ इतना चाहते हैं कि गाय को ‘राष्ट्रीय पशु’ का दर्जा दिया जाए, ताकि यह विवाद हमेशा के लिए समाप्त हो सके."
इमेज स्रोत, x.com/GiorgiaMelon
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे और वहां की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से मुलाक़ात की.
इसके बाद इटली की पीएम जियोर्जिया मेलोनी ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, इस गिफ़्ट के लिए शुक्रिया. वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी उन्हें टॉफ़ी का एक पैकेट देते दिख रहे हैं.
इस पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा.
राहुल गांधी ने लिखा, “आर्थिक तूफ़ान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बाँट रहे हैं. किसान, युवा, महिलाएं, मज़दूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं, पीएम हंसकर रील बना रहे हैं, और बीजेपी वाले ताली बजा रहे हैं. यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है.”
इससे पहले इटली की पीएम प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, ‘’वेलकम टु रोम, माई फ़्रेंड!’’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले जून 2024 में जी 7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली गए थे.
अब तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
तेल के बढ़ते दाम का भारत की अर्थव्यवस्था पर क्या और कितना हो सकता है असर
नॉर्वे भारत को लोकतंत्र क्यों मानता है? इस सवाल पर क्या बोले वहां के प्रधानमंत्री
लू कब बन जाती है जानलेवा, जानिए इससे बचने के क्या हैं तरीके
पीएम मोदी को नॉर्वे के अख़बार ने 'सँपेरे' के रूप में दिखाया और क्या-क्या लिखा?
इमेज स्रोत, Photo credit Twisha's family
भोपाल में 33 वर्षीय त्विशा शर्मा की मौत के बाद उनके वकील अंकुर पांडे ने कहा है इस मामले में अभियुक्त बेहद प्रभावशाली हैं. इस मामले को दबाने की कोशिश हो रही है.
दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की मांग करते हुए उन्होंने समाचार एजेंंसी पीटीआई से कहा, ‘’ हमने शुरुआत से ही चिंता जताई थी कि अभियुक्त बेहद प्रभावशाली हैं. मामले को दबाने और जांच में खामियां छोड़ने की कोशिश की जा रही है. जांच में गंभीर लापरवाही हुई, जिसमें फंदे से जुड़ी सामग्री (लिगेचर मटेरियल) को जमा नहीं करना भी शामिल है. वहीं हम पर शव का अंतिम संस्कार करने का दबाव बनाया जा रहा था. अगर हमने ऐसा कर दिया होता, तो बाद में लिगेचर का मिलान संभव नहीं हो पाता.”
उन्होंने कहा, ‘’जमानत की सुनवाई के दौरान भी लिगेचर सामग्री का कोई उल्लेख नहीं किया गया. अब एसआईटी का कहना है कि इसे एम्स में जमा कराया गया है. रिपोर्ट का इंतज़ार है.''
अंकुर पांडे ने कहा, ''हम जमानत रद्द कराने के लिए कानूनी कदम उठा रहे हैं, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है. हमने मांग की है कि शव को बेहतर संरक्षण और दूसरे पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली एम्स भेजा जाए, ताकि सच सामने आ सके.''
बीती 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में त्विशा शव मिला था. उनके परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है तो वहीं ट्विशा के ससुराल पक्ष का दावा है कि उन्होंने ख़ुदकुशी की.
पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह, जो रिटायर्ड जज हैं, के ख़िलाफ़ दहेज के लिए प्रताड़ना और दहेज मांगने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है.
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
चीन ने अमेरिकी विमान कंपनी बोइंग से 200 विमान खरीदने के सौदे की पुष्टि कर दी है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्र्ंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की पिछले सप्ताह बीजिंग में मुलाक़ात के बाद कहा गया था कि चीन अमेरिका से विमान खरीदेगा.
चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि इस समझौते के तहत अमेरिका, विमान इंजनों के पुर्जों और अन्य जरूरी कंपोनेंट्स की सप्लाई की गारंटी देगा.
दोनों देशों ने पिछले साल अक्तूबर में जिस टैरिफ़ वॉर को रोकने पर सहमति जताई थी उसे आगे बढ़ाने की दिशा में भी काम करने पर सहमति जताई है.
साथ ही, दोनों पक्ष कम से कम 30 अरब डॉलर के सामानों पर टैरिफ़ में कटौती करने की कोशिश करेंगे.
यह घोषणा ऐसे समय में हुई, जब शी जिनपिंग रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत कर रहे हैं. यह बैठक ट्रंप की चीन यात्रा के कुछ ही दिनों बाद हुई है.
ट्रंप ने पिछले शुक्रवार को चीन से रवाना होने के बाद एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा था, ''हमने कई शानदार व्यापारिक समझौते किए हैं, जिनमें बोइंग के 200 से अधिक विमानों का सौदा शामिल है. साथ ही 750 विमानों तक खरीद का वादा किया गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर हो सकता है.''
इमेज स्रोत, Getty Images
ताइवान के भोजन और निषिद्ध प्रेम की कहानी पर आधारित उपन्यास ताइवान ट्रैवलॉग ने प्रतिष्ठित इंटरनेशनल बुकर प्राइज़ जीत लिया है.
यह पहली बार है जब मंदारिन चीनी से अनूदित किसी उपन्यास को यह सम्मान मिला है.
यह उपन्यास ताइवानी लेखिका यांग शुआंग ज़ी और ताइवानी-अमेरिकी अनुवादक लिन किंग की कृति है.
कहानी 1930 के दशक के ताइवान की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जब ये जापानी शासन के अधीन था.
इसमें दो महिलाओं की ताइवान के विभिन्न व्यंजनों की यात्रा को दिखाया गया है.
उपन्यास को इस तरह पेश किया गया है कि मानो यह किसी पुराने यात्रा संस्मरण का अनुवाद हो, जिसमें काल्पनिक फुटनोट भी शामिल हैं.
2020 में पुस्तक के प्रकाशित होने पर कई पाठकों को लगा था कि यह वास्तव में कोई ऐतिहासिक दस्तावेज है.
जूरी पैनल की अध्यक्ष नताशा ब्राउन ने इसे ''बेहद आकर्षक और होशियारी से लिखा गया परिष्कृत उपन्यास'' बताया है.
कहानी की मुख्य पात्र काल्पनिक जापानी लेखिका अओयामा चिजुको हैं, जो सरकारी प्रायोजित ताइवान यात्रा पर जाती हैं. उनके साथ ताइवानी अनुवादक ओ चिजुरु होती हैं, जिनसे उन्हें प्रेम हो जाता है.
उपन्यास इन दोनों पात्रों के माध्यम से प्रेम, संस्कृति, औपनिवेशिक इतिहास और सत्ता जैसे विषयों की पड़ताल करता है.
इमेज स्रोत, Getty Images
बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दूसरे क्रिकेट टेस्ट में 78 रन से हराकर दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ 2-0 से अपने नाम कर ली है.
पाकिस्तान के सामने बांग्लादेश ने जीत के लिए 437 रन का लक्ष्य रखा था.
लेकिन पाकिस्तान की टीम दूसरी पारी में 358 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान ने सबसे ज्यादा 94 रन बनाए.
वहीं सलमान आगा ने 71 रन की पारी खेली. बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम ने दूसरी पारी में 120 रन खर्च कर 6 विकेट लिए.
बांग्लादेश ने पहली पारी में 278 रन बनाए थे. जबकि पाकिस्तान ने 232. दूसरी पारी में बांग्लादेश ने 390 रन बनाए थे, लेकिन पाकिस्तान की पूरी टीम 358 रन पर ही सिमट गई.
बांग्लादेश ने सिरीज़ के पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 104 रन से हराया था.
इमेज स्रोत, @narendramodi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे और वहां की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से मुलाक़ात की.
प्रधानमंत्री ने उनसे मुलाक़ात की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, ''इटली की राजधानी रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मेलोनी से रात्रिभोज के दौरान मुलाकात का अवसर मिला. इसके बाद हमने ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित कोलोसियम का भी दौरा किया. इस दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ.''
''आज होने वाली हमारी औपचारिक वार्ता का इंतज़ार है, जिसमें भारत-इटली मित्रता को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा होगी.''
इमेज स्रोत, @narendramodi
इससे पहले इटली की पीएम प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, ‘’वेलकम टु रोम, माई फ़्रेंड!’’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले जून 2024 में जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली गए थे.
इमेज स्रोत, @narendramodi
इमेज स्रोत, @narendramodi
इमेज स्रोत, Getty Images
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा है कि मध्य पूर्व की स्थिति एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है. अब यह युद्ध से शांति की ओर बढ़ने के दौर में है.
चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक़ शी जिनपिंग ने कहा है कि इस संघर्ष को समाप्त करना ‘बेहद जरूरी’ है. दोबारा युद्ध शुरू होना मंजूर नहीं किया जा सकता.
चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक़ शी जिनपिंग ने कहा, ‘’मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता बनाए रखने और उसे बढ़ावा देने के लिए मेरा चार सूत्रीय प्रस्ताव है. इससे अंतरराष्ट्रीय सहमति को मज़बूती मिलेगी, तनाव कम होगा, संघर्ष घटेगा और शांति को बढ़ावा मिलेगा.’’
शी जिनपिंग का यह चार सूत्रीय प्रस्ताव पिछले महीने अबू धाबी के क्राउन प्रिंस के साथ उनकी बैठक के दौरान सामने आया था.
इसमें शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व, राष्ट्रीय संप्रभुता, अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान और विकास और सुरक्षा के बीच समन्वित दृष्टिकोण पर जोर दिया गया है.
इमेज स्रोत, EPA
भारत समेत कई देशों के लोगों को अब थाईलैंड में 30 दिनों से अधिक ठहरने के लिए वीज़ा लेना होगा.
जुलाई 2024 से 93 देशों के पर्यटकों को बिना वीज़ा 60 दिनों तक थाईलैंड में रहने की अनुमति दी गई थी.
यह कदम कोविड महामारी के बाद अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया था.
लेकिन मंगलवार को थाई सरकार ने इस छूट को खत्म करने की योजना को मंजूरी दे दी.
अब यात्रियों के ठहरने की अवधि हर देश के लिए अलग-अलग तय की जाएगी.
सरकार ने सुरक्षा चिंताओं और जटिल वीज़ा व्यवस्था को इस बदलाव की वजह बताया है.
हाल के समय में दक्षिण-पूर्व एशियाई देश थाईलैंड में विदेशियों की कई चर्चित गिरफ्तारियां हुई हैं. इनमें ड्रग्स और सेक्स तस्करी से जुड़े मामले भी शामिल हैं.
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने कहा कि सरकार को लगा कि मौजूदा आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा परिस्थितियों के हिसाब से इस नीति में बदलाव जरूरी है.
60 दिन की वीज़ा छूट का लाभ पाने वाले देशों में ऑस्ट्रेलिया, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इटली, स्पेन और अमेरिका शामिल थे.
थाई विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इनमें से कई देशों के नागरिकों को अब 30 दिनों से अधिक रुकने के लिए वीज़ा लेना होगा.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News