Feedback
लखनऊ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां क्राइम ब्रांच में तैनात एक इंस्पेक्टर की PAC बटालियन के स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई. उनकी मौत को संदिग्ध माना जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए.
स्विमिंग पूल में नहाते समय हुआ हादसा
बता दें कि लखनऊ में 35वीं बटालियन के स्विमिंग पूल में नहाते समय क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी की डूबने से मौत हो गई. यह हादसा गुरुवार को हुआ. पुलिस ने उन्हें तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया उनकी मौत डूबने से हुई है. अश्विनी चतुर्वेदी मूल रूप से अंबेडकर नगर के रहने वाले थे.
कस्टोडियल डेथ मामले में थे सस्पेंड
मृतक इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी बीते साल अक्टूबर में चिनहट थाने में अपनी तैनाती के दौरान एक कस्टोडियल डेथ के मामले में सस्पेंड किए गए थे. मोहित पांडे की कस्टडी में हुई मौत के बाद उनके परिजनों ने इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी समेत तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई थी. हालांकि, मोहित पांडे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट या किसी बाहरी चोट की पुष्टि नहीं हुई थी.
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
इंस्पेक्टर की मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. जॉइंट सीपी लॉ एंड ऑर्डर और एडीसीपी क्राइम सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्विमिंग पूल में सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद इंस्पेक्टर का शव बरामद किया गया. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और डूबने की घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर गहराई से पड़ताल की जा रही है.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू