अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सिवनी जिला मुख्यालय सहित सभी आठ विकासखंडों में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई थी, जिसका उद्देश्य लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थानीय स्टेडियम मैदान में संपन्न हुआ। इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान कोलकाता से प्रसारित राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
छात्र-छात्राओं ने योगाभ्यास में भाग लिया
योग दिवस को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और विभागों द्वारा पहले से ही अभ्यास सत्र आयोजित किए गए थे। जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक, आईटीआई, बीएड और डीएड संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने योगाभ्यास में भाग लिया।
इसके अतिरिक्त, एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स, पुलिस कर्मियों, शासकीय कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और औद्योगिक संगठनों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। जिले की सभी ग्राम पंचायतों, विकासखंड मुख्यालयों और शासकीय और अशासकीय शिक्षण संस्थानों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
योग संतुलित जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति
इन कार्यक्रमों में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही, स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को योग से जुड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया, जो व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक बनाती है।
भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया
वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने नागरिकों से नियमित योगाभ्यास करने और स्वस्थ, सशक्त एवं निरोग भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। पूरे जिले में योग दिवस को लेकर सकारात्मक माहौल देखा गया।
तस्वीरे देखिए…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.