Shreeom Singh
Date: 27-09-26 11:33
Virat Kohli: भारतीय टीम आज से वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू करेगी. इस सीरीज के साथ भारत के नए घरेलू सीजन की शुरुआत होगी और वर्ल्ड कप की तैयारियों का सिलसिला भी आगे बढ़ेगा. सीरीज शुरू होने से पहले विराट कोहली ने 2023 वर्ल्ड कप फाइनल की उस हार को याद किया, जिसकी कसक आज भी उनके मन में है.
विराट को आज भी याद है 19 नवंबर का वो दिन
विराट कोहली ने हॉटस्टार से बातचीत में कहा कि वर्ल्ड कप 2023 फाइनल को लेकर उनके मन में आज भी थोड़ी कसक है. उन्होंने बताया कि 2016 IPL फाइनल की हार की तरह ही 2023 वर्ल्ड कप का फाइनल भी उन्हें काफी समय तक परेशान करता रहा.
विराट ने कहा कि वह फाइनल में 54 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्हें लग रहा था कि वह बड़ी सेंचुरी बना सकते हैं. उनके मुताबिक, अगर वह 140-150 रन तक पहुंच जाते तो शायद भारत मैच जीत सकता था. लेकिन आउट होने के बाद उस नतीजे को स्वीकार करना उनके लिए काफी मुश्किल था और कई दिनों तक वह उसी बारे में सोचते रहे. उन्होंने कहा कि पूरा वर्ल्ड कप शानदार रहा था और टीम के आसपास का माहौल भी बहुत अच्छा था.
‘जब खेल का पासा पलटता है तो सदमा लगता है’
विराट ने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान टीम में एक-दूसरे के लिए खेलने की भावना साफ नजर आ रही थी. हर खिलाड़ी टीम के लिए योगदान देने में खुश था. हार्दिक पंड्या के चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद टीम को बड़ा झटका लगा, लेकिन खिलाड़ियों ने आगे की चुनौतियों पर ध्यान रखा.
इसके बाद मोहम्मद शमी ने टीम में अपनी जगह बनाई और उन्होंने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उससे टीम का भरोसा और बढ़ गया. विराट ने कहा कि उस समय ऐसा लग रहा था कि यह वर्ल्ड कप भारत ही जीतेगा. टीम के अंदर अलग तरह की ऊर्जा थी. ऐसे में जब अचानक खेल का रुख बदल जाता है तो उस नतीजे को स्वीकार करना आसान नहीं होता.
‘मैं खुद को सबसे बेहतरीन खिलाड़ी नहीं मानता’
विराट कोहली को भले ही मौजूदा दौर के महान बल्लेबाजों में गिना जाता है, लेकिन वह खुद को अब तक का सबसे बेहतरीन खिलाड़ी नहीं मानते. उन्होंने कहा कि क्रिकेट के अलग-अलग दौर में कई शानदार खिलाड़ी आए हैं और उन्होंने अपने समय में बेहतरीन प्रदर्शन किया है.
विराट के मुताबिक, हर खिलाड़ी के आंकड़े एक जैसे नहीं होते. कुछ खिलाड़ियों के आंकड़े उनसे बेहतर भी हो सकते हैं, लेकिन आखिर में सबसे जरूरी बात यह है कि खिलाड़ी खेल पर अपनी छाप छोड़ सके. उन्होंने कहा कि उनके लिए हमेशा टीम को मजबूत बनाना और उसे मनचाहे नतीजे तक पहुंचाने में योगदान देना ही सबसे अहम रहा है.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें