Feedback
बॉलीवुड में हर रोज कई लोग एक्टर बनने का सपना लेकर एंट्री लेते हैं. इनमें से कई लोगों का सपना पूरा होता है. कई लोगों का अधूरा रह जाता है. कुछ ऐसे होते हैं, जिन्हें रातोरात शोहरत मिल जाती है. कुछ को उनके सपनों की मंजिल मुश्किलों से मिलती है. एक्टर नितीश शर्मा की कहानी भी ऐसी ही है. नितीश शर्मा को नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में शत्रुघ्न के किरदार में देखा जाएगा. उनके लिए ‘रामायण’ में शत्रुघ्न का किरदार सिर्फ एक बड़ा ब्रेक नहीं, बल्कि एक ‘दिव्य संयोग’ जैसा मोड़ है.
एक्टर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपनी कास्टिंग की पूरी कहानी बताई है, जो बिल्कुल किसी फिल्म की कहानी सी लगती है.
बड़ी फिल्म से अचानक बाहर हुए
नितीश ने इंस्टाग्राम पर अपनी कास्टिंग को लेकर वीडियो शेयर किया है. उन्होंने बताया कि 2023 में सैकड़ों ऑडिशन और रिजेक्शन के बाद उन्हें आखिरकार एक बड़ी प्रोडक्शन हाउस की बड़ी फिल्म में अहम रोल मिला था. सारा प्रोसेस पूरा हो चुका था, शूटिंग बस कुछ हफ्तों में शुरू होने वाली थी, तभी अचानक उन्हें मैसेज आया, ‘आपको एक सीनियर एक्टर से रिप्लेस कर दिया गया है, सॉरी.’ न कोई एक्सप्लेनेशन, न कोई जस्टिफिकेशन. इस खबर ने उन्हें तोड़ दिया. वो कई दिनों तक रोते रहे और हताश होकर अपने घर वापस लौट गए.
घर पर नितीश के परिवार का छोटा सा हनुमान मंदिर है, जहां उनके माता-पिता नियमित सुंदरकांड पाठ करते हैं. इसी दौरान मां के कहने पर उन्होंने खुद रामचरितमानस पढ़ना शुरू किया. संयोग देखिए जिस दिन वो ‘भरत मिलाप’ वाला हिस्सा पढ़ रहे थे, जहां भगवान राम अपने भाइयों भरत और शत्रुघ्न से मिलते हैं, उसी वक्त कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा की टीम का कॉल आया.
A post shared by Nitish Sharma (@thenitishsharma_)
शुरुआत में नितीश को लक्ष्मण के रोल के लिए ऑडिशन और स्क्रीन-टेस्ट के लिए बुलाया गया. कुछ राउंड के बाद उन्हें पायलट प्रोजेक्ट में राम के रूप में भी टेस्ट करना पड़ा. डायरेक्टर नितेश तिवारी को उनकी परफॉर्मेंस पसंद आई और उन्होंने वादा किया कि वो फिल्म का हिस्सा जरूर बनेंगे. करीब तीन महीने बाद उन्हें ऑफिशियली शत्रुघ्न का रोल ऑफर हुआ.
नितीश कहते हैं, ‘मेरी किस्मत है कि भगवान राम ने मुझे शत्रुघ्न बनने का मौका दिया है. वो भी तब जब मैं अपने करियर के सबसे बड़े रोल से निकाला गया था.’ उन्होंने प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा, डायरेक्टर नितेश तिवारी और मुकेश छाबड़ा का शुक्रिया किया. उन्होंने इस मौके को ऐतिहासिक बताया.
फिल्म की बात करें, तो बिग बजट में बनी रामायण 6 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. ‘रामायण’ में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, आदित्य नाथ कोठारे भरत और नितीश शर्मा शत्रुघ्न के रूप में नजर आएंगे.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू