शाही मस्जिद को लेकर अफवाह से उज्जैन में बवाल, 35 पर केस, 20 आरोपी हिरासत में – Aaj Tak

Feedback
उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. पुलिस के मुताबिक अफवाह फैलाने, भड़काऊ कंटेंट सोशल मीडिया पर डालने, पथराव और प्रदर्शन से जुड़े मामलों में अब तक 35 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है. इनमें से 20 आरोपियों को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया जा चुका है. बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. मामला उज्जैन में कंठाल से गोपाल मंदिर तक किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण से जुड़ा है. सिंहस्थ 2028 और मास्टर प्लान के तहत शहर में अलग-अलग जगहों पर मार्गों को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है. इसी क्रम में छत्री चौक इलाके में मार्ग चौड़ीकरण में बाधा बन रहे पुरानी शाही मस्जिद के बाधक हिस्से को भी हटाया जाना था. पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई को लेकर रविवार को मुस्लिम समाज के धर्मगुरुओं और मस्जिद कमेटी के बीच चर्चा हुई थी. बातचीत के बाद सहमति भी बन गई थी. नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के लिए अपने संसाधन मस्जिद के बाहर खड़े कर दिए थे.
इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ इंफ्लूएंसर्स की ओर से भड़काऊ कंटेंट प्रसारित किए जाने की बात सामने आई. पुलिस के मुताबिक इस कंटेंट के कारण मुस्लिम समाज के कुछ लोगों में भ्रम की स्थिति बनी और सोमवार को मार्ग चौड़ीकरण के काम में बाधा पहुंची. इसके बाद मस्जिद के बाहर विवाद की स्थिति बन गई. पुलिस के अनुसार अफवाह से भ्रमित लोगों ने वहां तैनात सुरक्षा जवानों और पुलिस पर पथराव किया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और कुछ ही समय में हालात पर काबू पा लिया. पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उन्हें गिरफ्तार किया. इसके बाद मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने का काम समाज के लोगों की ओर से खुद किया जा रहा है.
आठ अलग-अलग एफआईआर में 35 लोगों पर केस
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक बीते तीन दिनों में अलग-अलग घटनाओं को लेकर कुल आठ एफआईआर दर्ज की गई हैं. इनमें मस्जिद के बाहर पथराव, सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ कंटेंट जारी करने, शहरकाजी के घर के बाहर प्रदर्शन और पथराव जैसे मामले शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक इन मामलों में कुल 35 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है. इनमें से 20 लोगों को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया है. पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है. वहीं बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस साइबर टीम भी इस पूरे मामले में सक्रिय है. सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद के दौरान किस तरह का कंटेंट प्रसारित किया गया और उससे जुड़े लोगों की पहचान की जा सके.
एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा कि दो दिन पहले शहर की फिजा खराब करने वाले असामाजिक तत्वों की धरपकड़ का काम जारी है. साइबर टीम लगातार सोशल मीडिया पर नजर रख रही है. उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस अब उन लोगों की भी तलाश कर रही है जो कार्रवाई के बाद फरार बताए जा रहे हैं. उनके संभावित ठिकानों पर लगातार चेकिंग और दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक शाही मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने का काम अब समाज के लोगों की ओर से किया जा रहा है. फिलहाल मस्जिद की मीनार को हटाने का काम चल रहा है. मीनार की ऊंचाई अधिक होने के कारण मस्जिद के आसपास लोगों की आवाजाही बंद की गई है. सुरक्षा के लिहाज से इलाके में पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मस्जिद के आसपास के हिस्से को छोड़कर पूरे शहर में स्थिति सामान्य है. स्कूल सामान्य रूप से लग रहे हैं. श्रद्धालु महाकाल मंदिर और दूसरे मंदिरों तक आसानी से आ-जा रहे हैं. बाजारों में भी पहले की तरह कामकाज चल रहा है.
पुलिस ने लोगों से की अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर आने वाली जानकारी को बिना पुष्टि के आगे न बढ़ाएं. पुलिस के मुताबिक मार्ग चौड़ीकरण का काम समाज के लोगों से चर्चा के बाद ही किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस का फोकस विवाद से जुड़े आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी पर है. आठ अलग-अलग मामलों में दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. 20 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा चुका है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि शहर में सामान्य गतिविधियां चल रही हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है.

 
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News