सावन मास की अंतिम सोमवारी पर मधेपुर प्रखंड के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। पूरा इलाका ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोलबम’ के जयघोष से गूंज उठा।
मटरस पंचायत स्थित श्री श्री 108 बाबा मटेश्वरनाथ मंदिर में भक्तों की सबसे अधिक भीड़ जुटी, जहाँ लोगों ने कतारबद्ध होकर पूजा-अर्चना की। इसके अतिरिक्त, तरडीहा पंचायत स्थित बाबा महेश्वरनाथ एवं परमेश्वरनाथ मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कोसी और अन्य पवित्र नदियों से जल लेकर लौटे कांवरियों ने विधि-विधान से बाबा का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस पावन अवसर पर संध्या काल में महेश्वरनाथ महादेव मंदिर, पौनी में श्रद्धालुओं के लिए एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से यह भंडारा आयोजित किया गया है।
भंडारे में बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आने वाले सभी भक्तों के बीच प्रसाद रूपी हलवा, पुरी और सब्जी का वितरण किया जाएगा।
उत्सव के माहौल को देखते हुए सभी शिव मंदिरों और भंडारा स्थल पर सुरक्षा व सुविधा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। स्थानीय पूजा समितियों, युवाओं और स्वयंसेवकों की टोलियां भीड़ को नियंत्रित करने, पेयजल उपलब्ध कराने और भंडारे में सुचारू रूप से प्रसाद वितरण सुनिश्चित करने के लिए मुस्तैद हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा के दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं। देर शाम तक मंदिरों में महाआरती और भंडारे का दौर जारी रहेगा, जिससे पूरी बाबा नगरी शिवमय नजर आ रही है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.