सोनीपत जिले के एक गांव में करीब 10 वर्षीय बच्चे की बिजली के नीचे लटक रहे तारों की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा घर से खेलने के लिए गांव के पास गया था, जहां खेलते समय वह बिजली के तारों के संपर्क में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो ग
घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया, वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को शव सौंप दिया है और परिवार ने बिजली विभाग के खिलाफ लापरवाही के आरोप लगाए हैं और कार्रवाई की मांग की।
खेलने गया था मासूम, तारों ने ली जान
मृतक के पिता विनोद कुमार ने बताया कि वे मूलरूप से यूपी के शाहजहांपुर के रहने वाले हैं और इन दिनों सोनीपत के गांव अकबरपुर बारोटा में किराए के मकान में रहते हैं और मजदूरी कर गुजारा करते हैं। उसका 10 वर्षीय बेटा अंकित घर से खेलने के लिए गांव के पास गया था।
8वीं क्लास में पढ़ता था अंकित
इसी दौरान नीचे लटक रहे बिजली के तारों की चपेट में आ गया। करंट लगने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय उसके साथ कुछ अन्य बच्चे भी खेल रहे थे। अंकित आंठवी कक्षा में अकबरपुर बारोटा में सरकारी स्कूल में पढ़ाई करता था और इसके बाद एक लड़का और लड़की पीछे रह गई है।
साथ खेल रहे बच्चों ने घर पहुंचकर दी सूचना
हादसे के बाद बच्चे घबराकर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। वहां बच्चे को मृत देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मासूम बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गांव में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में रोष
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कई जगह बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं और बिजली के खंभों की स्थिति भी ठीक नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक, तारों की खराब स्थिति के कारण लोगों के सिर पर हर समय हादसे का खतरा मंडराता रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली विभाग की ओर से समय रहते नीचे लटक रहे तारों को ठीक कर दिया जाता और बिजली व्यवस्था का उचित रखरखाव किया जाता, तो शायद इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था। उनका कहना है कि यह समस्या केवल एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे गांव के लोगों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है।
तारों और खंभों की जांच की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से गांव में बिजली के तारों और खंभों की स्थिति की व्यापक जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जहां भी बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए। साथ ही खराब खंभों और बिजली व्यवस्था की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान खतरे में न पड़े।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.