Written By Alsaba Zaya
हार्दिक पांड्या/ Image Source: ANI
आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पंड्या के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच इस स्टार ऑलराउंडर को लेकर ट्रेड की बातचीत चल रही है. खबरों के मुताबिक, पंजाब किंग्स हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने की इच्छुक है. इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायडू ने हार्दिक को एक अहम सलाह दी है. उनका मानना है कि हार्दिक को फिलहाल कप्तानी की जिम्मेदारी से दूरी बना लेनी चाहिए और एक खिलाड़ी के रूप में अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए.
रायडू के मुताबिक, हार्दिक के करियर के इस पड़ाव पर उनके लिए मानसिक रूप से सहज रहना और बिना किसी अतिरिक्त दबाव के क्रिकेट खेलना ज्यादा जरूरी है. उनका मानना है कि हार्दिक को ऐसी टीम का हिस्सा बनना चाहिए, जहां वह खुलकर अपने खेल का लुत्फ उठा सकें.
मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हार्दिक पंड्या और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को लेकर ट्रेड की चर्चा चल रही है. हालांकि, अभी तक इस संभावित सौदे पर अंतिम मुहर नहीं लगी है. पंजाब किंग्स में श्रेयस अय्यर के कप्तान बने रहने की संभावना है. ऐसे में हार्दिक को टीम में नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद कम है.
अंबाती रायडू का मानना है कि हार्दिक के लिए यह स्थिति फायदेमंद साबित हो सकती है. उन्हें पहले नई टीम के माहौल में खुद को ढालना चाहिए और फ्रेंचाइजी की कार्यशैली को समझना चाहिए. इसके बाद ही नेतृत्व से जुड़ी कोई जिम्मेदारी लेने के बारे में सोचना चाहिए.
रायडू ने कहा कि अगर वह हार्दिक की जगह होते तो ऐसी टीम चुनते, जहां उन्हें अपने खेल का आनंद लेने और मानसिक रूप से बेहतर महसूस करने का मौका मिले. उनके अनुसार, हार्दिक को शुरुआत में खुद पर अतिरिक्त जिम्मेदारियों का बोझ नहीं डालना चाहिए. उन्हें पहले टीम के साथ तालमेल बैठाना चाहिए और मैदान पर अपने प्रदर्शन से योगदान देना चाहिए.
रायडू की सलाह सिर्फ पंजाब किंग्स तक सीमित नहीं है. उनका मानना है कि अगर हार्दिक मुंबई इंडियंस के साथ ही बने रहते हैं, तब भी उन्हें कप्तानी छोड़कर बतौर खिलाड़ी खेलना चाहिए.
गौरतलब है कि आईपीएल 2024 से पहले हार्दिक गुजरात टाइटन्स को छोड़कर मुंबई इंडियंस में वापस आए थे. फ्रेंचाइजी ने उन्हें रोहित शर्मा की जगह टीम की कमान सौंप दी थी. हालांकि, कप्तानी मिलने के बाद से हार्दिक के लिए चीजें आसान नहीं रही हैं. मुंबई इंडियंस को शुरुआती दो सीजन में निराशा हाथ लगी और टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी.
रायडू का मानना है कि मुंबई में कप्तानी के दौरान हार्दिक खुद को दबाव में महसूस करते रहे. उनके मुताबिक, जब किसी खिलाड़ी को ड्रेसिंग रूम में सहज माहौल नहीं मिलता, तो उसका असर उसके खेल और फैसलों पर भी पड़ सकता है. रायडू ने कहा कि हार्दिक के साथ पिछले कुछ समय में काफी कुछ उनके पक्ष में नहीं रहा है. हालांकि, इसके लिए पूरी तरह उन्हें जिम्मेदार ठहराना भी सही नहीं होगा..
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301